logo

ट्रेंडिंग:

राजा रघुवंशी केसः सोनम-राज अरेस्ट, ट्रांजिट रिमांड मिली; अब आगे क्या?

राजा रघुवंशी की हत्या के मामले में पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। राजा की पत्नी सोनम की 4 दिन की ट्रांजिट रिमांड मिली है और उसे अब मेघालय ले जाया जाएगा।

sonam raghuvanshi

सोनम और राजा रघुवंशी। (Photo Credit: Khabargaon)

इंदौर के रहने वाले राजा रघुवंशी और सोनम रघुवंशी हनीमून मनाने गए थे। कुछ दिन बाद राजा की लाश मिलती है। हफ्तों तक सोनम गायब रहती है और अचानक थाने पहुंचकर सरेंडर कर देती है। पुलिस का कहना है कि सोनम ने ही राजा की हत्या करवाई थी। पुलिस ने सोनम के साथ 4 और लोगों को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस का आरोप है कि सोनम ने अपने पति राजा की हत्या की सुपारी दी थी।


इस मामले में अब तक कुल 5 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। सोनम को मुख्य आरोपी माना जा रहा है। सोनम के अलावा राज कुशवाह, विशाल चौहान और आकाश राजपूत को इंदौर से गिरफ्तार किया गया है। इनके अलावा, एक और आरोपी आनंद को पुलिस ने सागर से गिरफ्तार किया।

 

यह भी पढ़ें-- 'नशा देकर यूपी लाया गया', सोनम रघुवंशी का दावा; हत्या से किया इनकार

सोनम कैसे आई पकड़ में?

11 मई को राजा और सोनम की शादी हुई थी। इसके बाद दोनों 20 मई को हनीमून के लिए निकले थे। 23 मई को मेघालय से दोनों के लापता होने की खबर आई। 2 जून को राजा का क्षत-विक्षत शव वेइसाडोंग फॉल्स के पास एक घाटी में मिला था। उसके शरीर से एक सोने की अंगूठी और गले की चेन गायब पाई गई, जिससे संदेह और बढ़ गया कि उसकी हत्या की गई है। 


इसके ठीक एक हफ्ते बाद 9 जून को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में सोनम मिली। यूपी पुलिस का कहना है कि सोनम को गाजीपुर-वाराणसी मेन रोड पर बने काशी ढाबा के पास पकड़ा गया था। हालांकि, मेघालय पुलिस का कहना है कि सोनम ने गाजीपुर के पुलिस थाने में सरेंडर किया था।


सोनम ने रविवार-सोमवार की रात अपने भाई गोविंद को फोन किया था। गोविंद ने ही इसकी जानकारी पुलिस को दी थी। इसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया। यूपी पुलिस ने बताया कि सोनम को पकड़ने के बाद उसे गाजीपुर में सखी वन स्टॉप सेंटर में रखा गया था। बाद में उसे मेघालय पुलिस को सौंप दिया गया।

 

यह भी पढ़ें-- राजा रघुवंशी मामले में नया खुलासा, सिर पर था घाव, लगी थीं दो चोटें

पकड़े गए बाकी आरोपी कौन?

पुलिस ने इस पूरे मामले में सोनम के अलावा 4 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसमें राज कुशवाह सबसे अहम माना जा रहा है। ऐसा दावा किया जा रहा है कि सोनम और राज रिलेशन में थे। राज, सोनम का ही एक कर्मचारी था और उसके पिता की बिलिंग में मदद करता था। राज, सोनम से 5 साल छोटा था।

 


राजा रघुवंशी के भाई विपुल रघुवंशी ने कहा, 'राज कुशवाह का नाम सामने आया है, इसका मतलब है कि सोनम हत्या में शामिल हो सकती है। राज कुशवाह, सोनम का कर्मचारी था। वे लगातार फोन पर बात करते थे।'

 

यह भी पढ़ें-- राजा रघुवंशी हत्याकांड: कौन है राज कुशवाह जिस पर जा रही शक की सुई?

इस मामले में अब तक क्या-क्या हुआ?

राजा रघुवंशी हत्याकांड में अब तक काफी कुछ हो चुका है। 5 में से 4 आरोपियों की ट्रांजिट रिमांड मिल गई है। पांचवें आरोपी आनंद को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। ट्रांजिट रिमांड तब मिलती है, जब आरोपी को किसी दूसरी जगह से लाया जाता है। 

 


मेघालय पुलिस को सोनम रघुवंशी की तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड मिल गई है। मेघालय पुलिस सोनम को अभी पटना के फुलवारी शरीफ लेकर आई है। फुलवारी शरीफ पुलिस थाने में ही सोनम की रात कटी। 


इंदौर के एडिशनल डीसीपी (क्राइम) राजेश दंडौतिया ने बताया कि राज कुशवाह, विशाल चौहान और आकाश राजपूत की 7 दिन की ट्रांजिट रिमांड मिल गई है। चौथे आरोपी आनंद को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।

 

यह भी पढ़ें-- सोनम पर भरोसा, CBI जांच की मांग, राजा रघुवंशी केस में कौन, क्या बोला?

आगे क्या होगा?

इस मामले में यूपी पुलिस या इंदौर पुलिस का कुछ लेना-देना नहीं है। चूंकि हत्या मेघालय में हुई है, इसलिए वहां की पुलिस ही इसे हैंडल कर रही है। 


राजा की हत्या के सिलसिले में अब तक जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, उन्हें अब मेघालय लेकर जाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि सोनम को पहले फ्लाइट से पटना से असम के गुवाहाटी ले जाया जाएगा। इसके बाद उसे शिलॉन्ग ले जाएंगे। यहां लाए जाने के बाद सोनम को फिर कोर्ट में पेश किया जाएगा और उसकी रिमांड मांगी जाएगी।


वहीं, राज कुशवाह, विशाल चौहान, आकाश राजपूत और आनंद को भी मेघालय ले जाया जाएगा। इन सभी पर मुकदमा भी वहीं चलेगा। एडिशनल डीसीपी राजेश दंडौतिया ने बताया कि चारों आरोपियों को शिलॉन्ग पुलिस शिलॉन्ग लेकर जाएगी।

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap