ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान की मुश्किलें कम होती नहीं दिख रही हैं। इस बीच एक बलोच नेता ने बड़ा दावा किया है। उनका कहना है कि पाकिस्तान का अधिकार अब सिर्फ कुछ क्षेत्रों तक सीमित रह गया है। बलूचिस्तान के बड़े क्षेत्र में बलोच स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े संगठनों का कब्जा हो चुका है। बुधवार को ही बलोच नेता मीर यार बलूच ने आजादी का एलान किया था। भारत के ऑपरेशन सिंदूर के बाद से ही बलूचिस्तान में बगावत की आग तेज हो चुकी है। सोशल मीडिया पर बलूचिस्तान की आजादी को खूब समर्थन मिल रहा है। मीर यार बलूच ने भारत और संयुक्त राष्ट्र से मान्यता देने की अपील की है।
इस बीच, बलोच अमेरिकी कांग्रेस के महासचिव रज्जाक बलूच ने टैग टीवी पर एक बड़ा दावा किया। वह अमेरिका के फ्लोरिडा में रहते हैं। रज्जाक ने पाकिस्तान की सेना को टेररिस्ट आर्मी बताया और कहा कि पाकिस्तान के सेना प्रमुख ने बलोच लोगों और भारत को धमकी दी। इतना ही नहीं बलोच और हिंदुओं के खिलाफ नफरत का भी इजहार किया। रज्जाक ने पाकिस्तान के सेना प्रमुख से पूछा कि आप कहते हैं कि ये 1500 (बलोच स्वतंत्रता से जुड़े लोग) लोग हैं। मगर आपको वहां (बलूचिस्तान) इतनी बड़ी आर्मी क्यों रखनी पड़ रही है? उन्होंने आगे कहा कि बलूचिस्तान के लोग पाकिस्तान के साथ नहीं है। अगर आपका वहां नियंत्रण है तो शाम 5 बजे से सुबह 5 बजे तक यह क्यों कहते हैं कि सफर न करें?
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान के 'प्यारे दोस्त' तुर्किए से कितना कारोबार करता है भारत?
झूठ की बुनियाद पर बना पाकिस्तान
रज्जाक बलूच ने कहा कि पाकिस्तान झूठ की बुनियाद पर बना है और झूठ के दम पर ही यह देश चल रहा है। बलूचिस्तान के लोग अब जाग चुके हैं। अब वक्त आ चुका है कि भारत भी खुले तौर पर बलोच लोगों का समर्थन करे। कदम दर कदम हमारे साथ चले। उन्होंने पाकिस्तान से पूछा कि 1948 के बाद इस्लामाबाद ने कौन सा अच्छा काम किया है, सिर्फ बर्बादी के अलावा।
सेना भी रात में नहीं करती गश्त
रज्जाक बलूच ने दावा किया कि बलूचिस्तान के बड़े हिस्से पर पाकिस्तान का नियंत्रण नहीं रह गया है। अंधेरा होते ही पाकिस्तान की सेना राजधानी क्वेटा के बाहर नहीं जा पाती है। सेना भी शाम 5 बजे से सुबह 5 बजे तक गश्त करने से बचती है। अब यह बात पाकिस्तान के अधिकारी भी मानने लगे हैं। टैग टीवी का संचालन पाकिस्तान मूल के ताहिर गोरा कनाडा से करते हैं। रज्जाक ने भारत से खुलकर समर्थन मांगा है। उन्होंने कहा कि भारत को अपने यहां बलूचिस्तान का दूतावास खोलने और निर्वासित सरकार स्थापित करने की मंजूरी देनी चाहिए।
यह भी पढ़ें: 'पूरा देश नतमस्तक है', MP के डिप्टी सीएम ने किया सेना का अपमान?
तुर्किये का बहिष्कार भी शुरू
बलूचिस्तान के लोगों ने पाकिस्तान के दोस्त तुर्किये के खिलाफ भी मोर्चा खोल दिया है। मीर यार बलूच ने एक्स पर लिखा कि बलूचिस्तान का भारत को कूटनीतिक समर्थन। बलूचिस्तान के लोग भारत के बॉयकाट तुर्किये अभियान के साथ खड़े हैं। तुर्किये ने भारत के खिलाफ पाकिस्तानी सेना को हथियार मुहैया कराया और उसका समर्थन कर रहा है। हमारे सूत्रों ने इस बात की पुष्टि की है कि तुर्किये भी बलूच विरोधी नीतियों में शामिल रहा है। अब समय आ गया है कि भारत और सभ्य दुनिया बलूचिस्तान की स्वतंत्रता का समर्थन करे।