logo

ट्रेंडिंग:

विरासत से ताकत तक, गणतंत्र दिवस पर भारत कैसे दिखाएगा दमखम?

भारत का 76वां गणतंत्र दिवस मनाया जा रहा है। इस मौके पर आइये आपको बताएं कि आज परेड में क्या-क्या रहेगा खास।

republic day 2025

गणतंत्र दिवस, Photo Credit: PTI

आज 76वां गणतंत्र दिवस है और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु सुबह 9 बजे कर्तव्य पथ पर तिरंगा फहराएंगी। लगभग 10:30 बजे से परेड शुरू हो जाएगी। इस बार इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुवियांतो मुख्य अतिथि होंगे। वहीं, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राजनाथ सिंह के साथ-साथ विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी मौजूद रहेंगे। 

 

आज कर्तव्य पथ पर देश की सैन्य शक्ति और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत देखने को मिलेगी। भारत के अलावा इस परेड में इंडोनेशिया की एक मार्चिंग टुकड़ी और एक बैंड टुकड़ी भी भाग लेगी। बता दें कि सुबियांतो भारत के गणतंत्र दिवस समारोह में भाग लेने वाले चौथे इंडोनेशियाई राष्ट्रपति होंगे। इंडोनेशिया के पहले राष्ट्रपति सुकर्णो 1950 में भारत के पहले गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि थे। 

ऐसे में आइये आपको बताते है गणतंत्र दिवस समारोह के बारे में 10 मुख्य बातें:

  1. परेड में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 16 और केंद्रीय मंत्रालयों, विभागों और संगठनों की 15 झांकियां भाग लेंगी।
  2. ब्रह्मोस, पिनाका और आकाश सहित कुछ अत्याधुनिक रक्षा प्रणालियों का प्रदर्शन होगा। साथ ही सेना की युद्ध निगरानी प्रणाली 'संजय' और डीआरडीओ की सतह से सतह पर मार करने वाली सामरिक मिसाइल 'प्रलय' पहली बार परेड में नजर आएगी। 
  3. देश के टी-90 भीष्म टैंक सारथ (पैदल सेना ले जाने वाला वाहन बीएमपी-II), शॉर्ट स्पैन ब्रिजिंग सिस्टम 10 मीटर, नाग मिसाइल सिस्टम, मल्टी बैरल रॉकेट लांचर सिस्टम 'अग्निबाण' और 'बजरंग' (लाइट स्पेशलिस्ट व्हीकल) भी आज परेड का हिस्सा होंगे।
  4. परेड में कई अन्य चीजें भी पहली बार देखने को मिलेंगी, जैसे तीनों सेनाओं की सयुंक्त झांकी। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि झांकी में युद्ध के मैदान की एक झलक देखने को मिलेगी, जिसमें स्वदेशी अर्जुन युद्धक टैंक, तेजस लड़ाकू विमान शामिल होंगे। तीनों सेनाओं की झांकी का विषय होगा 'सशक्त और सुरक्षित भारत'। इसके अलावा, डीआरडीओ 'बहु-स्तरीय सुरक्षा' विषय पर झांकी पेश करेगा।
  5. परेड से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित करके देश के शहीदों को श्रद्धांजलि देंगे। परेड सुबह राष्ट्रीय सलामी के साथ शुरू होगी और 90 मिनट तक जारी रहेगी, जो भारत की विरासत और विकास की यात्रा को दर्शाती है।
  6. सी-130जे सुपर हरक्यूलिस, सी-295, सी-17 ग्लोबमास्टर, पी-8आई, मिग-29 और एसयू-30 सहित अन्य विमान भी परेड का हिस्सा रहेंगे। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, 300 सांस्कृतिक कलाकार संगीत वाद्ययंत्रों पर 'सारे जहां से अच्छा' बजाकर परेड की शुरुआत करेगी। 
  7. दिल्ली के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल भवनीश कुमार परेड कमांडर होंगे, जबकि परेड सेकेंड-इन-कमांड दिल्ली के चीफ ऑफ स्टाफ (सीओएस) मेजर जनरल सुमित मेहता होंगे। मेजर जनरल मेहता ने पीटीआई को बताया कि दो परमवीर चक्र पुरस्कार विजेता, दोनों कारगिल युद्ध के हीरो और एक अशोक चक्र पुरस्कार विजेता भी परेड का हिस्सा होंगे।
  8. फ्लाईपास्ट में भारतीय वायुसेना के 40 विमान और भारतीय तटरक्षक बल के तीन डोर्नियर विमान शामिल होंगे। अधिकारियों ने बताया कि भारतीय सेना का प्रतिनिधित्व घुड़सवार टुकड़ी, आठ मशीनीकृत टुकड़ियां और छह मार्चिंग टुकड़ियां करेंगी। इस टुकड़ी का प्रतिनिधित्व 61 घुड़सवार टुकड़ियां करेंगी।
  9. मार्चिंग कॉलम में ब्रिगेड ऑफ द गार्ड्स की टुकड़ियां, जाट रेजिमेंट, गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंट, जेएंडके लाइट इन्फ़ेंट्री (जेएकेएलआई) रेजिमेंट और इंजीनियर्स कोर की टुकड़ियां शामिल होंगी। कैप्टन रितिका खरेता सेना की सिग्नल कोर की मार्चिंग टुकड़ी की कमांडर होंगी। रितिका अपनी टुकड़ी की एकमात्र महिला सदस्य हैं और बाकी पुरुष हैं।
  10. सिग्नल कोर के जांबाज मोटरसाइकिल प्रदर्शन भी करेंगे। कैप्टन आशीष राणा इसके लीडर होंगे और कैप्टन डिंपल सिंह भाटी दूसरी लाइन में होंगी।

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap