logo

ट्रेंडिंग:

इंडियन फर्म पर रूस का हमला, यूक्रेन ने किया सवाल- ये कैसी दोस्ती?

यूक्रेन ने कहा है कि रूस भारत के साथ खास दोस्ती का दावा करता है, लेकिन इस हमले में उसने जानबूझकर बच्चों और बुजुर्गों के लिए बनाई गई दवाओं तबाह कर दिया। पढ़ें रिपोर्ट।

Kusum Farma

कुसुम फार्मा के गोदाम पर रूस का हमला (Photo Credit: MartinHarrisOBE/X)

रूस भारत का पुराना दोस्त रहा है। 1970 के दशक में बांग्लादेश मुक्ति संग्राम हो या 1980 के दशक में अंतरिक्ष और परमाणु कार्यक्रम, रूस ने भारत की बढ़-चढ़कर मदद की। दोनों देशों के संबंध अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहद प्रगाढ़ माने जाते हैं। साल 1957 से लेकर 1971 के बीच भारत के लिए रूस ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में 6 अलग-अलग बार वीटो पावर का इस्तेमाल किया था। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रिश्ते बेहद खास हैं। अच्छे और बेहतरीन संबंधों के बाद भी यूक्रेन स्थित एक भारतीय फार्मा कंपनी के गोदाम पर रूस ने मिसाइल अटैक कर दिया है। हमले के बाद रूस और भारत के रिश्तों पर यूक्रेन ने तंज कसा है।
 
यूक्रेन का आरोप है कि रूस ने भारतीय फार्मास्युटिकल कंपनी कुसुम के यूक्रेन स्थित गोदाम पर जानबूझकर हमला किया है। यूक्रेन के दूतावास ने भारत में शनिवार को दावा किया कि यह हमला रूस की ओर से सुनियोजित था। 

यूक्रेनी दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में कहा, 'भारत के साथ 'खास दोस्ती' का दावा करने वाला मॉस्को जानबूझकर भारतीय व्यवसायों को निशाना बना रहा है, जिससे बच्चों और बुजुर्गों के लिए जरूरी दवाएं नष्ट हो रही हैं।'

यह भी पढ़ें: यूक्रेन ने अपने सारे परमाणु हथियार रूस को क्यों सौंप दिए थे? वजह जानिए

गोदाम में क्या था?
गोदाम, भारतीय फार्मा कंपनी कुसुम हेल्थकेयर का था। यहां दवाइयों को स्टोर किया गया था।  लोगों के इलाज के लिए जरूरी दवाइयां रखी गई थीं। रूस ने इसी पर धावा बोल दिया है। यूक्रेन ने यह नहीं बताया कि इस फार्मा कंपनी पर हुए हमले में कितने लोग घायल हुए हैं, किसे कितना नुकसान पहुंचा है। यूक्रेन का कहना है कि यह अंतरराष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन है। 


ब्रिटेन ने भी लगाए गंभीर आरोप
रूस ने इन आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। इससे पहले, यूक्रेन में ब्रिटेन के राजदूत मार्टिन हैरिस ने इस हमले की जानकारी दी थी, जिसमें उन्होंने कहा कि रूस ने ड्रोन अटैक किया है, न कि मिसाइल अटैक। मार्टिन हैरिस ने एक्स पर लिखा, 'आज सुबह रूसी ड्रोनों ने कीव में एक प्रमुख फार्मास्युटिकल गोदाम को पूरी तरह नष्ट कर दिया, जिसमें बुजुर्गों और बच्चों के लिए जरूरी दवाओं का स्टॉक जलकर खाक हो गया। यूक्रेनी नागरिकों के खिलाफ रूस का आतंक अभियान जारी है।'

यह भी पढ़ें- फोर्ट नॉक्स: दुनिया की सबसे सुरक्षित जगह जहां रखा है अमेरिका का सोना



रूस ने क्या कहा है?
रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि पिछले 24 घंटों में यूक्रेन ने रूसी ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर पांच हमले किए, जो सीज फायर का उल्लंघन है। अमेरिका ने मध्यस्थ की भूमिका निभाकर दोनों देशों के बीच तकरार खत्म कराने का वादा किया था। दोनों देश राजी हुए थे कि एक-दूसरे के एनर्जी प्लांट पर हमला नहीं बोलेंगे। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर संधि की शर्तों को तोड़ने का आरोप लगाया है। 

यह भी पढ़ें- खिलाफत को जिंदा करने के लिए जब भारत में हुई थी सीक्रेट डील!


भारत ने क्या कहा है?

भारत ने रूस-यूक्रेन युद्ध पर तटस्थ रुख अपनाया है। भारत दोनों देशों से अपील कर रहा है कि युद्ध खत्म करें, बातचीत से विवाद का हल निकालें। भारत ने इस जंग में न रूस का साथ दिया है, न यूक्रेन का। भारत भी चाहता है कि दोनों देश अब विवाद खत्म कर दें।
 
कुसुम फार्मा कंपनी क्या है?
कुसुम, भारतीय व्यवसायी राजीव गुप्ता के स्वामित्व वाली एक बहुराष्ट्रीय फार्मास्युटिकल कंपनी है। इस कंपनी के कारोबार यूक्रेन, भारत, मोल्दोवा, कजाकिस्तान, उज्बेकिस्तान, फिलीपींस, म्यांमार, मैक्सिको और केन्या जैसे देशों में फैला है। इस कंपनी में 2,000 से ज्यादा लोग काम करते हैं। कुसुम ग्रुप के 4 एडवांस मैन्युफैक्चरिंग प्लांट हैं, जिनमें से 3 भारत में हैं, 1 यूक्रेन में है।  दो रिसर्च सेंटर भी हैं। 

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap