उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में दरगाह पर चढ़कर भगवा झंडा लहराने और धार्मिक नारेबाजी करने का मामला सामने आया है। यह घटना सिकंदरा इलाके की बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि भगवा झंडा लेकर कुछ लोग दरगाह के गेट पर चढ़ गए और नारे लगाने लगे।
यह घटना रविवार को तब हुई, जब प्रयागराज में कई इलाकों में रामनवमी के जुलूस निकाले जा रहे थे। तभी कुछ लोग दरगाह पर चढ़ गए और उसे हटाने की मांग करते हुए नारेबाजी करने लगे।
क्या है पूरा मामला?
प्रयागराज में रविवार को रामनवमी के मौके पर बाइक रैली निकाली जा रही थी। इसी दौरान महमूद गजनवी के भांजे सैयद सालार मसूद गाजी की दरगाह के गेट पर कुछ लोग चढ़ गए। इसे गाजी मियां की दरगाह भी कहा जाता है।
इस घटना का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में तीन लोग दरगाह के गेट पर चढ़कर भगवा झंडा लहराते हुए दिख रहे हैं। साथ ही भीड़ को धार्मिक नारे लगाते हुए भी सुना जा सकता है।
यह भी पढ़ें-- रामनवमी पर देशभर में निकलीं शोभा यात्रा, बंगाल पर रही सबकी नजर
दरगाह को हटाने की मांग
बताया जा रहा है कि यह बाइक रैली महाराजा सुहेलदेव सम्मान सुरक्षा मंच के कार्यकर्ताओं की ओर से निकाली जा रही थी। यह रैली मानेंद्र प्रताप सिंह की अगुवाई में निकली थी।
जानकारी के मुताबिक, रविवार दोपहर करीब तीन बजे महाराज सुहेलदेव सम्मान मंच के दर्जनभर से ज्यादा कार्यकर्ता भगवा झंडा लेकर दरगाह के पास पहुंच गए। सभी दरगाह के बाद इकट्ठे होकर इसे हटाने की मांग करने लगे। इस बीच कुछ कार्यकर्ता दरगाह के गेट पर चढ़ गए और भगवा झंडा लहराते हुए 'जय श्रीराम' के नारे लगाने लगे।
यह भी पढ़ें-- 'कुछ लोग बेवजह रोते हैं...,' तमिलनाडु में CM स्टालिन पर PM मोदी का तंज
पुलिस ने क्या बताया?
पुलिस का कहना है कि मौके पर पहुंचकर लोगों को दरगाह से बाहर निकाला गया। हालांकि, कुछ रिपोर्ट्स में ऐसा दावा किया जा रहा है कि जब तक पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक उपद्रवियों की भीड़ वहां से जा चुकी थी।
गंगानगर के डीसीपी कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि कुछ उपद्रवियों ने दरगाह पर भगवा झंडा लहराया और नारेबाजी की। उन्होंने बताया कि दरगाह के पास कानून व्यवस्था संभालने के लिए तैनात पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने बताया, 'गाजी मियां की दरगाह में पांच मजारें हैं। दरगाह पर चादर चढ़ाने के लिए मुस्लिम और हिंदू, दोनों समुदाय के लोग आते हैं।' उन्होंने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जा रही है।