logo

ट्रेंडिंग:

अंतरिक्ष नापा, अब घर लौटे शुभांशु शुक्ला, संसद में होगी विषेश चर्चा

अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला सफल अंतरिक्ष मिशन के बाद वतन लौट आए हैं। उनके सफल मिशन पर और ‘विकसित भारत 2047’ पर लोकसभा में सोमवार को चर्चा होगी।

Shubhanshu Shukla

वतन लौटे शुभांशु शुक्ला, Photo Credit: PTI

अंतरिक्ष पर एक सफल मिशन के बाद भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला पहली बार स्वदेश लौटे। दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचने पर केंद्रीय राज्य मंत्री जितेन्द्र सिंह और दिल्‍ली की मुख्‍यमंत्री रेखा गुप्‍ता ने उनका स्‍वागत किया। शुभांशु ने भारत का गौरव बढ़ाया है और उनके मिशन की सफलता को देखते हुए सरकार ने लोकसभा में सोमवार को विषेश चर्चा का आयोजन करने का मन बना लिया है। लोकसभा कार्यलय की तरफ से इस संबंध में नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया गया है। लोकसभा में शुभांशु शुक्ला की अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष केंद्र की यात्रा, उनके प्रयोगों और स्पेस सेक्टर में भारत की प्रगति पर चर्चा होगी। विपक्ष भी इस चर्चा में शामिल हो सकता है।

 

लोकसभा में सोमवार को 'विकसित भारत 2047' के लक्ष्य में अंतरिक्ष कार्यक्रम की भूमिका पर विशेष चर्चा होगी। सत्र के दौरान शुक्ला के अंतरिक्ष सफर, उनके प्रयोगों और भारत की प्रगति पर विस्तार से विचार किया जाएगा। इस चर्चा का उद्देश्य यह दिखाना है कि अंतरिक्ष विज्ञान और तकनीक कैसे भारत के विकास विजन का अहम हिस्सा बन सकते हैं। साथ ही देश को बताना कि भारत इन क्षेत्रों में भी बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। संसद में इस चर्चा को ऐसे समय में करवाया जा रहा है जब विपक्ष बिहार SIR पर चर्चा की मांग कर रहा है। हालांकि, कांग्रेस के सूत्रों से जानकारी मिल रही है कि कांग्रेस इस चर्चा में शामिल हो सकती है। 

 

यह भी पढ़ें: भारत क्यों नहीं बना पा रहा खुद का व्हाट्सएप, फेसबुक और इंस्टाग्राम?

सफल मिशन के बाद वतन वापसी

बता दें कि शुभांशु शुक्ला ने Axiom-4 मिशन में हिस्सा लिया था और इस दौरान उन्होंने कई वैज्ञानिक प्रयोग किए। वह राकेश शर्मा के बाद अंतरिक्ष में जाने वाले दूसरे भारतीय बन गए। शुक्ला के प्रयोगों से भारत में अंतरिक्ष रिसर्च को एक नई दिशा मिलेगी। वह अब भारत के पहले मानव अंतरिक्ष मिशन गगनयान के लिए भी शॉर्टलिस्ट किए गए हैं, जिसे अगले साल के अंत तक लॉन्च करने की योजना है। यह भारत को अंतरिक्ष रिसर्च में नई पहचान देगा। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर देश की राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में शुभांशु शुक्ला के मिशन की सराहना की थी। 

कांग्रेस चर्चा में होगी शामिल

संसद के मानसून सत्र में बिहार में हो रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के मुद्दे पर सरकार और विपक्ष के बीच लगातार गतिरोध जारी है। विपक्ष इस मुद्दे पर संसद में चर्चा चाहता है लेकिन सरकान ने मन बना लिया है कि इस मुद्दे पर चर्चा नहीं होगी। सरकार का तर्क है कि यह मुद्दा अभी कोर्ट में चल रहा है। इसलिए इस मु्द्दे पर संसद में कोई चर्चा नहीं की जा सकती। विपक्ष अपनी मांग मनवाने के लिए लगातार हंगामा कर रहा है, जिसके चलते संसद ठीक से नहीं चल पा रही है।

 

हालांकि, भारत के एक सफल मिशन पर की जाने वाली इस चर्चा में विपक्ष शामिल हो सकता है। हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट में कांग्रेस के एक नेता के हवाले से लिखा गया है कि इस चर्चा के विषय को ध्यान में रखते हुए, संभावना है कि विपक्ष इस मुद्दे पर चर्चा में शामिल हो। 

 

यह भी पढ़ें- SC में SIR पर बहस के बाद इतनी चर्चा में क्यों हैं योगेंद्र यादव?

लोगों में उत्साह

शुभांशु शुक्ला की वापसी को लेकर लोगों में जबरदस्‍त उत्‍साह देखने को मिला। शुभांशु शुक्‍ला का दिल्‍ली एयरपोर्ट से बाहर आते ही लोगों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम के जोरदार नारे लगाकर उनका स्वागत किया। लोगों ने ढोल नगाड़े और नाच-गाने के साथ शुभांशु शुक्ला का स्वागत किया। शुभांशु जल्द ही अपने घर लखनऊ जाकर अपने परिवार से मिलेंगे। लखनऊ में उनके भव्य स्वागत की तैयारी की जा रही है।

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap