logo

ट्रेंडिंग:

बारिश ने तोड़ा 115 साल का रिकॉर्ड, 41 की मौत; कैसे हैं J&K के हालात?

जम्मू-कश्मीर में बाढ़ और बारिश से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 41 हो गई है। अब तक लगभग 10 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। 20 घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।

Flood in Jammu.

जम्मू में बाढ़। ( Photo Credit: PTI)

पिछले दो दिनों से जारी बारिश जम्मू-कश्मीर में कहर बरपा रही है। अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन में मरने वालों की संख्या 41 हो गई है। अधिकारियों के मुताबिक इनमें से 34 लोगों की जान वैष्णो देवी भूस्खलन में गई है। 20 घायलों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने अस्पताल में घायलों का हालचाल जाना। 

 

इस बीच राहत भरी खबर यह है कि प्रदेश में बरसात का सिलसिला थोड़ा थमा है। दूसरी तरफ नदियों का जलस्तर भी कम होने लगा है। मगर अनंतनाग और श्रीनगर में झेलम नदी अब भी खतरे के निशान के पार बह रही है। पानी लोगों के घरों और दुकानों तक घुस गया है।

 

 

जम्मू-कश्मीर के अधिकारियों के मुताबिक अभी तक 10 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है। खराब मौसम को देखते हुए शिक्षा मंत्री सकीना इटू ने गुरुवार को जम्मू-कश्मीर में सभी स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया है। सीएम उमर अब्दुल्ला ने श्रीनगर और जम्मू में तवी नदी के आसपास के स्थानों का दौरा किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हालत की जानकारी दी। प्रदेश में भूस्खलन के कारण कई स्थानों पर ऑप्टिकल फाइबर को नुकसान पहुंचा था। 24 घंटे बाद बुधवार को सभी नेटवर्क पर फोन और नेटवर्क सेवाओं को बहाल कर दिया गया है।

 

यह भी पढ़ें: 1000 लड़कियों का जबरन धर्मांतरण, पाकिस्तान में निशाने पर क्यों हिंदू?

जम्मू में बारिश ने तोड़ा 115 साल का रिकॉर्ड

मौसम विभाग के मुताबिक जम्मू में बुधवार सुबह 8:30 बजे तक पिछले 24 घंटों में 380 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। 1910 के बाद से 24 घंटे में हुई यह सबसे अधिक बारिश हैउधर, कश्मीर घाटी में बारिश का सिलसिला जारी है। मंगलवार पूरी रात बारिश होने से झेलम नदी अनंतनाग जिले के संगम और श्रीनगर के राम मुंशी बाग में खतरे के निशान को पार कर गई है। अखनूर सेक्टर के परगावाल में सीमा चौकियों पर फंसे बीएसएफ जवानों को बचा लिया गया है।

अनंतनाग में बाढ़ जैसे हालात

अनंतनाग जिले में बाढ़ जैसे हालात हैं। यहां अधिकांश रिहायशी, अदालत परिसर और व्यावसायिक इलाकों में बाढ़ का पानी घुस चुका है। बाजार में पानी भरा है। अगर बात श्रीनगर की करें तो यहां के कुर्सू, राजबाग, बेमिना और सेकिदाफर में पानी भरा है। श्रीनगर, कुलगाम और अनंतनाग में निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को प्रशासन सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रहा है। नगरोटा के कंडोली माता मंदिर में लगभग 100 लोगों ने शरण ली है। सेना की 16वीं कोर ने यह जानकारी दी।

 

 

 

 

उमर अब्दुल्ला ने पीएम से की बात

भूस्खलन की वजह से जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद है। प्रदेशभर में एक दर्जन से अधिक अन्य सड़कें भी अवरुद्ध हैं। इस बीच, प्रदेश के सीएम उमर अब्दुल्ला ने प्रधानमंत्री मोदी को जम्मू में भारी बारिश और बाढ़ जैसे हालात से अवगत कराया। पंजाब सीमा पर लखनपुर में मंगलवार को सिंचाई विभाग के एक कर्मचारी का शव मिला है। डोडा जिले में 3 महिलाओं समेत 4 लोगों की जान गई है। प्रागवाल में एक बीएसएफ जवान समेत दो लोगों के शव मिले। 

यूपी सरकार ने किया मदद का एलान

सीएम उमर अब्दुल्ला ने बाढ़ और भूस्खलन में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को 6-6 लाख रुपये का मुआवजा देने का एलान किया है। घायलों को 1 लाख और मामूली घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी। इस बीच यूपी सरकार ने भी मदद का हाथ बढ़ाया है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने एलान किया कि माता वैष्णो देवी यात्रा के दौरान अचानक आई बाढ़ में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने अधिकारियों की साथ एक अहम बैठक की।

 

 

 

 

यह भी पढ़ें: ट्रंप के टैरिफ का भारत ने निकाला रास्ता, 40 देशों को निर्यात की तैयारी

रेलवे ने 58 ट्रेनों को किया रद्द

उत्तर रेलवे ने जम्मू और कटरा स्टेशनों से आने-जाने वाली 58 ट्रेनों को रद्द कर दिया है। इसके अलावा 64 ट्रेनों को बीच में ही रोका गया है। बुधवार सुबह कुछ समय रेल यातायात बहाल था। मगर बाद में चक्की नदी में अचानक बाढ़ और मिट्टी के कटाव के बाद रेल यातायात रोकना पड़ा। उधर, जम्मू एयरपोर्ट से फ्लाइट का संचालन शुरू हो गया है।

 

 

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap