logo

ट्रेंडिंग:

शिमला: तबीयत बिगड़ने से सोनिया गांधी अस्पताल में भर्ती, हालत स्थिर

सोनिया गांधी कांग्रेस कार्य समिति की बैठक में शामिल होने के लिए शिमला गई थीं। वहां उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

Sonia Gandhi । Photo Credit: PTI

सोनिया गांधी । Photo Credit: PTI

कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी को शनिवार को हिमाचल प्रदेश के शिमला में इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूत्रों के अनुसार, उन्होंने बेचैनी की शिकायत की थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। सोनिया गांधी इस समय शिमला में निजी दौरे पर हैं और अपने परिवार के निजी आवास, छराबड़ा में ठहरी हुई हैं। वह शुक्रवार को नई दिल्ली में कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक में शामिल हुई थीं, जहां पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि दी गई थी। उनकी योजना रविवार को दिल्ली लौटने की है।

 

अस्पताल सूत्रों ने बताया कि सोनिया गांधी को बेचैनी की शिकायत के बाद आईजीएमसी लाया गया। विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक टीम उनकी मेडिकल जांच कर रही है। आईजीएमसी के एक वरिष्ठ डॉक्टर ने पुष्टि की कि सोनिया गांधी को रूटीन जांच के लिए अस्पताल लाया गया था। उनकी जांच पूरी हो चुकी है और उनका ब्लड प्रेशर थोड़ा बढ़ा हुआ था, लेकिन उनकी हालत स्थिर है। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान ने कहा, ‘सोनिया गांधी की हालत स्थिर है। उन्हें मामूली स्वास्थ्य समस्याओं के कारण रूटीन जांच के लिए अस्पताल लाया गया था। डॉक्टर उनकी देखभाल कर रहे हैं।’

CM ने रद्द किया दौरा

आईजीएमसी प्रशासन ने सोनिया गांधी के स्वास्थ्य को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। हालांकि, अस्पताल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है। इस बीच, हिमाचल प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री धनी राम शांडिल और मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना अस्पताल पहुंच चुके हैं।

 

ऊना में दो दिन के दौरे पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी अपनी यात्रा बीच में छोड़कर शिमला लौटने का फैसला किया है। सूत्रों के अनुसार, वे सोनिया गांधी के स्वास्थ्य की जानकारी लेने के लिए जल्द अस्पताल पहुंच सकते हैं।

प्रियंका वाड्रा का भी है घर

गौरतलब है कि सोनिया गांधी का परिवार अक्सर गर्मियों में छराबड़ा में समय बिताने आता है। उनकी बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा का भी छराबड़ा में एक निजी आवास है और वह भी यहां आती रहती हैं।

 

सोनिया गांधी के स्वास्थ्य को लेकर उनके समर्थकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में चिंता की लहर है। हालांकि, अस्पताल सूत्रों ने आश्वासन दिया है कि उनकी हालत स्थिर है और चिंता की कोई बात नहीं है। उनकी मेडिकल जांच पूरी होने के बाद डॉक्टर जल्द ही और जानकारी दे सकते हैं।

Related Topic:#Sonia Gandhi

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap