पाकिस्तान के दोस्त तुर्किये के खिलाफ भारत सरकार ने अब मोर्चा खोल दिया है। नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (BCAS) ने गुरुवार को तुर्किये की कंपनी सेलेबी एविएशन का लाइसेंस रदद कर दिया है। अब कंपनी देश के 9 हवाई अड्डों पर अपना कामकाज नहीं कर सकेगी। आदेश में कहा गया कि राष्ट्रीय सुरक्षा के हित में सेलेबी एयरपोर्ट सर्विसेज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड को मिली सुरक्षा मंजूरी तत्काल प्रभाव से रद्द की जाती है। मौजूदा समय में सेलेबी एयरपोर्ट सर्विसेज मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरु, हैदराबाद, कोचीन, कन्नूर, चेन्नई और गोवा के हवाई अड्डे पर ग्राउंड हैंडलिंग का कामकाज संभालती है।
भाजपा की सहयोगी शिवसेना ने कंपनी के खिलाफ मोर्चा खोल रखा था। पार्टी ने देशभर में उसके लाइसेंस को रद्द करने की मांग की थी। शिवसेना नेता मुरजी पटेल ने कहा कि तुर्किये भले ही सीधे तौर पर हथियार न चला रहो, मगर हमारे खिलाफ ड्रोन की आपूर्ति करना किसी दु्श्मनी से कम कृत्य नहीं है। शिवेसना का एक प्रतिनिधिमंडल मुंबई एयरपोर्ट के प्रबंधन से भी मिला था। पार्टी ने 10 दिन के भीतर तुर्किये की कंपनी का अनुबंध खत्म करने की चेतावनी दी थी। मगर उससे पहले ही केंद्र सरकार ने एक्शन ले लिया है। मुरजी पटेल अंधेरी पूर्व से विधायक हैं। उन्होंने साफ कहा कि दुश्मन का साथ देने वालों को भारत में पैसा बनाने की मंजूरी नहीं दी जा सकती है।
दूसरी तरफ सोशल मीडिया पर भारतीय तुर्किये और अजरबैजान का बहिष्कार करने में जुटे हैं। दोनों पर ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान का साथ देने का आरोप है। तुर्किये ने न केवल ड्रोन की आपूर्ति की बल्कि अपने सैनिकों तक को पाकिस्तान भेजा था। इसके बाद से ही भारत में तुर्किये के प्रति गुस्सा चरम पर है। मेकमाईट्रिप के मुताबिक तुर्किये और अजरबैजान की फ्लाइट बुकिंग में 60 फीसदी की कमी देखी गई। वहीं टिकट कैंसिल के मामलों में 250 फीसदी का इजाफा हुआ है।
क्या करती है सेलेबी एविएशन?
सेलेबी एविएशन का मुख्यालय तुर्किये के शहर इस्तांबुल में है। यह तुर्किये की पहली निजी क्षेत्र की ग्राउंड हैंडलिंग कंपनी है। भारत समेत छह देशों के 70 एयरपोर्ट पर इसकी मौजूदगी है। भारत में ही नौ एयरपोर्ट में यह ग्राउंड हैंडलिंग का कामकाज संभालती है। साल 2008 में एक संयुक्त उद्यम के तौर पर इस कंपनी ने भारत में दस्तक दी थी। सबसे पहले इसने अपनी सेवा मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शुरू की थी।
कंपनी ने अपने बयान में क्या कहा?
कंपनी ने अपने बयान में कहा कि भारत में सेलेबी का कारोबार वास्तव में एक भारतीय उद्यम है। इसका नेतृत्व और प्रबंधन भारतीय पेशेवरों के हाथ में है। देश में बड़ा निवेश भी किया है और इसके विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। हम किसी भी आधार पर तुर्किये की कंपनी नहीं हैं, कॉर्पोरेट प्रशासन, पारदर्शिता व तटस्थता की विश्व स्तर पर स्वीकृत प्रथाओं का पूरी तरह से पालन करते हैं। हमारा किसी भी विदेशी सरकार या व्यक्ति के साथ कोई राजनीतिक संबंध नहीं है।