गर्मी से बेहाल कई राज्य, दिल्ली-NCR में 25 जून से बदल सकता है मौसम
देश
• NEW DELHI 15 Jun 2025, (अपडेटेड 15 Jun 2025, 8:07 AM IST)
दिल्ली-NCR में पड़ रही भीषण गर्मी से आज थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। आने वाले हफ्ते में तापमान थोड़ा नीचे जा सकता है। जानिए, आपके शहर में कैसा रहेगा मौसम।

आज का मौसम, Photo Credit: PTI
उत्तर भारत, खासकर दिल्ली-NCR में पिछले कई दिनों से जारी भीषण गर्मी और लू से अब राहत मिलने की उम्मीद है। भारत मौसम विभाग (IMD) की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में जारी ऑरेंज अलर्ट को हटा लिया गया है। मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं और आने वाले हफ्ते में तापमान में गिरावट के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।
आने वाले कुछ दिनों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। देश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश के आसार हैं। कुछ इलाकों में मॉनसून तेजी से आगे बढ़ेगा, तो कुछ जगहों पर झमाझम बारिश हो सकती है। उत्तर-पश्चिम भारत के लोगों को भी जल्द ही गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। इस बार मॉनसून ने तेज रफ्तार पकड़ी है। 24 मई को यह केरल पहुंच गया था जो कि 2009 के बाद सबसे जल्दी है। 2009 में मॉनसून 23 मई को केरल आया था। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम की वजह से मॉनसून ने अच्छी गति पकड़ी और 29 मई तक मुंबई, मध्य महाराष्ट्र और पूर्वोत्तर राज्यों में दस्तक दे दी।
मौसम विभाग का कहना है कि इस बार मॉनसून 25 जून तक दिल्ली और उत्तर-पश्चिम भारत के ज्यादातर हिस्सों में पहुंच सकता है और वो भी अपने तय समय से पहले। कुल मिलाकर, अब ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। जल्द ही बारिश की फुहारें मौसम को ठंडा कर देंगी।
Light to moderate rainfall accompanied with light thunderstorm and lightning (30-50 Km/h gusty winds) is likely to occur at few places of Delhi ( Narela, Bawana, Alipur, Kanjhawala, Rohini, Badili, Mundaka, Pashchim Vihar, Jafarpur, Nazafgarh), NCR ( Bahadurgarh, Faridabad,… pic.twitter.com/1pITs97E8a
— India Meteorological Department (@Indiametdept) June 15, 2025
15 से 18 के बीच के मौसम का हाल कैसा रहेगा?
मौसम विभाग की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस हफ्ते देश के अलग-अलग हिस्सों में कई मौसम प्रणालियां एक्टिव हैं, जिनका असर बारिश और मौसम पर देखने को मिलेगा:
- पंजाब और आसपास के इलाकों में हवा के ऊपरी हिस्से में एक चक्रवात जैसा सिस्टम बना हुआ है। इससे एक ट्रफ लाइन दक्षिण-पूर्व मध्य प्रदेश तक फैली हुई है, जिससे इन इलाकों में बादल बनने और बारिश के आसार हैं।
- पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पश्चिमी राजस्थान में भी ऊपरी हवा में चक्रवाती गतिविधियां हैं, जो वहां के मौसम को प्रभावित करेंगी।
- उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और उसके पास के दक्षिणी ओडिशा क्षेत्र में भी एक चक्रवातीय परिसंचरण बना हुआ है, जो निचली और मध्यम ऊंचाई की हवाओं में असर डाल रहा है। इससे वहां बारिश की संभावना है।
- इसी सिस्टम से एक द्रोणिका तटीय कर्नाटक तक फैली है, जिससे तटीय और आसपास के हिस्सों में बारिश हो सकती है।
- इसके अलावा, एक पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) भी पश्चिम से आ रहा है, जो जम्मू-कश्मीर और उससे सटे इलाकों के ऊपर सक्रिय है। यह मुख्य रूप से देश के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में असर डालेगा। इन सभी सिस्टमों के चलते अगले कुछ दिनों तक देश के कई हिस्सों में बारिश, बादल छाए रहना और ठंडी हवाएं चलने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: विमान हादसा: 248 लाशों के DNA सैंपल, 19 मैच हुए, 3 लाशों की हुई पहचान
उत्तर भारत में बिगडे़गा मौसम
- उत्तराखंड में 12 से 18 जून के बीच कई जगहों पर तेज आंधी, बिजली चमकने और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं। इस दौरान कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है।
- हिमाचल प्रदेश में 15 से 18 जून तक तेज आंधी और खराब मौसम की संभावना जताई गई है। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में 13 से 17 जून के बीच तेज आंधी और तूफान आ सकते हैं। हवाओं की रफ्तार 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे से लेकर 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है।
- पूर्वी राजस्थान में 14 और 15 जूनको कुछ जगहों पर तेज आंधी चलने का अनुमान है। पश्चिमी राजस्थान में 14 से 18 जूनके बीच धूल भरी आंधी चलने की संभावना है।
- अगले 7 दिनों में देश के कई हिस्सों में बारिश और तेज़ हवाओं का सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है। केरल, कर्नाटक, लक्षद्वीप, और तमिलनाडु में हल्की से मध्यम बारिश के साथ 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
- 12 से 16 जून तक तटीय कर्नाटक और तेलंगाना में भी बारिश और तेज़ हवाओं का असर रहेगा। गुजरात, कोंकण, गोवा, महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में तेज़ आंधी-तूफान के साथ 50-70 किमी प्रति घंटे तक की तेज़ हवाएं चलने की संभावना है।
- बिहार, झारखंड, ओडिशा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ और पश्चिम बंगाल में भी अगले कुछ दिनों तक गरज-चमक और तेज़ हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।
- उत्तर भारत की बात करें तो 12 से 18 जून के बीच उत्तराखंड, हिमाचल, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में भी तेज़ बारिश, आंधी और बिजली गिरने की आशंका है।
- कुल मिलाकर, अगले हफ्ते देश के कई हिस्सों में मौसम बदला-बदला रहेगा, बारिश और आंधी-तूफान के साथ सतर्क रहने की जरूरत है।
यह भी पढ़ें: भारत, USA, चीन पर ज्यादा उधारी फिर पाकिस्तान की ही हालत खराब क्यों?
हीटवेव की चेतावनी
12 से 15 जून के बीच पश्चिमी राजस्थान में कई जगहों पर लू चल सकती है। वहीं, 12 से 14 जून के दौरान कुछ हिस्सों में भीषण लू पड़ने के आसार हैं। जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी यूपी में 12 से 14 जून के बीच कुछ जगहों पर गर्म हवाएं चल सकती हैं। 12 और 13 जून को पूर्वी यूपी और मध्य प्रदेश में भी लू का असर दिख सकता है।
और पढ़ें
Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies
CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap