logo

ट्रेंडिंग:

दिल्ली-पंजाब में खतरा, कई राज्यों में अलर्ट, जानिए देश के मौसम का हाल

आज भी देश के कई हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना है। हिमाचल, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश की संभावना है।

Rains

बारिश, Photo Credit: PTI

सितंबर महीने के दूसरे दिन भी देश के कई हिस्सों में लगातार बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में  आज और कल भारी बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश,जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, दिल्ली और पश्चिमी राजस्थान में भी बारिश की संभावना है। पंजाब, हरियाणा दिल्ली में बारिश के कारण बाढ़ का खतरा बना हुआ है। दिल्ली में यमुना का जलस्तर बढ़ने के कारण अलर्ट है। वहीं उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश के साथ लैंडस्लाइड की भी संभावना है। लोगों से संवेदनशील इलाकों से दूर रहने के लिए कहा गया है।

 

दिल्ली और एनसीआर में कल कई जगहों पर बारिश हुई और शाम के समय तो सड़कों पर लंबे जाम लग गए थे। आज मौसम विभाग ने बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया है लेकिन कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। यमुना का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का खतरा बना हुआ है। सरकार और प्रशासन अलर्ट पर हैं। 

 

यह भी पढ़ें-- सितंबर में भारी बारिश का अलर्ट, यहां बाढ़ और भूस्खलन की चेतावनी

पंजाब-हरियाणा में भारी बारिश

पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में लगातार भारी बारिश हो रही है। हरियाणा में आज सुबह तक भारी बारिश की संभावना है। पिछले लगभग 48 घंटों से लगातार कई जिलों में भारी बारिश हो रही है। हालांकि, आज शाम तक मानसून थोड़ा शांत हो सकता है। राज्य के कई संवेदनशील इलाकों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं। 

 

हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर में सतलुज, ब्यास और रावी नदियों और बरसाती नदियों में बाढ़ के कारण भारी बारिश के कारण पंजाब बाढ़ की चपेट में है। पंजाब के पठानकोट, गुरदासपुर, फाजिल्का, कपूरथला, तरनतारन, फिरोजपुर, होशियारपुर और अमृतसर जिलों के गांव बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। राहत और बचाव कार्य जारी हैं। पंजाब के कई हिस्सों में कल भी भारी बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब में आज भी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने आज राज्य के 8 जिलों में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। 

उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर का मौसम

तीनों राज्य इस समय बारिश की मार झेल रहे हैं। उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में लैंडस्लाइड और बादल फटने की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे राज्य के लोगों का काफी नुकसान हुआ है। 20 जून से 325 लोगों की मौत हो चुकी है। हिमाचल प्रदेश में आज भी बारिश की संभावना है। ऊना, बिलासपुर, कांगड़ा, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं हमीरपुर, चंबा, कुल्लू, मंडी, किन्नौर, लाहौल-स्पीति के कई हिस्सों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

 

उत्तराखंड की बात करें तो यहां भारी बारिश की आशंका को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने देहरादून के साथ-साथ टिहरी गढ़वाल में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही चंपावत, बागेश्वर, चमोली और उत्तरकाशी में भी भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले कुछ दिन बारिश होती रहेगी।

 

हिमाचल और उत्तराखंड की ही तरह जम्मू-कश्मीर भी बारिश की मार झेल रहा है। जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश के बाद राजौरी और सांबा में जमीन धंसने के बीच 19 परिवारों को निकाला गया है। कई जिलों में स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। आज भी जम्मू-कश्मीर में फ्लैश फ्लड की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 

 

यह भी पढ़ें-- हरियाणा: लोगों ने बिना सरकारी मदद के तैयार किया पुल, बाढ़ में बह गया

अन्य राज्यों का हाल

अन्य राज्यों में उत्तर प्रदेश के लखनऊ, बाराबंकी, बरेली, अमेठी, प्रयागराज, हापुड़, सहारनपुर, बिजनौर, खेरी, फरुखाबाद, शाहजहांपुर, मेरठ, रामपुर, बहराइच, बदायूं और पीलीभीत में आज भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा बिहार में भी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा, मधुबनी, शिवहर, सीतामढ़ी, सारण, सीवान, गोपालगंज, पश्चिम चंपारण, और पूर्वी चंपारण में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 

 

वहीं, महाराष्ट्र के कोकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में 1 से 6 सितंबर तक भारी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़,पश्चिम बंगाल, सिक्किम और झारखंड में भी आज अच्छी बारिश होने की संभावना है। 

Related Topic:#Weather Today#Rains

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap