देश के कई राज्य हीटवेव और भीषण गर्मी से जूझ रहे हैं। मौसम विभाग (IMD) ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। मौसम विभाग के मुताबिक कुछ पहाड़ी राज्य भी हीटवेव की जद में आ सकते हैं। हिमाचल प्रदेश के तीन जिलों में हीटवेव जैसी स्थितियां बन रही हैं। ऊना, कुल्लू और मंडी जैसे जिलों मे हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया है।
दूसरी तरफ नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और अरुणाचल प्रदेश जैसे राज्यों के लिए राहत की खबर है। पूर्वोत्तर के इन राज्यों में भीषण बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने अनमान जताया है कि अगले 4 से 5 दिनों तक लगातार इन राज्यों में बारिश हो सकती है।
कुछ हिस्सों में गरज-तड़क के साथ बारिश हो सकती है। इन दिनों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं बह सकती हैं। असम और मेघालय में 29 अप्रैल को कुछ जगहों पर बिजली गिरने की घटनाएं सामने आ सकती हैं।
यह भी पढ़ें: बेईमान हो रहा है मौसम! सर्दी-गर्मी-बारिश का बदलता पैटर्न क्या कहता है?
इन राज्यों में बारिश-आंधी के आसार
भारत मौसम विभाग (IMD) ने 27 अप्रैल को बताया कि 4 मई तक कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, तेलंगाना, रायलसीमा, केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवाएं चल सकती हैं, जो कभी-कभी 50 किमी/घंटा तक पहुंच सकती हैं। उत्तर कर्नाटक में 1 मई तक 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार वाली आंधी की संभावना है।
पहाड़ी राज्यों में कैसा रहेगा मौसम?
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मर के कुछ हिस्सों में हीटवेव के आसार हैं। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 29 अप्रैल तक हीटवेव परेशान कर सकता है। हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में 30 अप्रैल तक हीटवेव का कहर जारी रहेगा। पंजाब, मध्य प्रदेश, राजस्थान में 1 मई तक कुछ इलाकों में लू चलने की आशंका है।
यह भी पढ़ें: सुबह की पॉटी से लेकर रात को सोने तक; कैसे पृथ्वी की सेहत बिगाड़ रहे हम
दिल्ली में कब बदलेगा मौसम?
दिल्ली में 29 अप्रैल को हल्की बारिश और आंधी का येलो अलर्ट जारी किया गया है। 28 अप्रैल को दिल्ली के मौसम में आंशिक तौर पर बादल छाए रह सकते हैं। अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 40 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। अगले पांच दिनों तक दिल्ली में लू का कोई अलर्ट नहीं है, लेकिन 2 मई से हल्की बारिश हो सकती है।