देशभर में मौसम का मिजाज बदल रहा है। देश के अधिकतर राज्य जहां गर्मी से परेशान हैं तो पूर्वोत्तर के राज्यों का बाढ़ से बुरा हाल है। बाढ़ और बारिश की वजह से लोगों का जन जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मंगलवार को असम में बाढ़ की स्थिति और ज्यादा बिगड़ गई। वहां बाढ़ की वजह से 6 और लोगों की मौत हो गई, जिससे इस साल मरने वालों का आंकड़ा 17 पहुंच गया है। वहीं सिक्किम समेत पूर्वोत्तर में मरने वालों का आंकड़ा करीब 48 तक पहुंच गया है। पूर्वोत्तर में बारिश और बाढ़ का कहर अभी जारी रह सकता है। वहीं उत्तर भारत में लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। तेज हवाएं चल सकती हैं और हल्दी बूंदाबांदी भी हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 2 घंटों में असम, मेघालय,नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। उत्तर पश्चिम भारत में भी मौसम में बदलाव दिखेगा। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में अगले 24 घंटों में हल्की से मध्यम बारिश होगी। इसके साथ ही बादलों की गरज, बिजली की चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इन इलाकों में लोगों को भीषण गर्मी का भी सामना करना पढ़ेगा।
यह भी पढ़े-- बारिश-बाढ़ से तबाही, पूर्वोत्तर राज्यों में 883 घर ढहे, अब कैसा है हाल
दक्षिण भारत में कैसा रहेगा मौसम?
दक्षिण भारत के राज्यों में भी बारिश की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग अनुसार, केरल और कर्नाटक के तटीय इलाकों में आज भारी बारिश हो सकती है। तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक के कुछ आंतरिक हिस्सों में हल्की बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
पूर्वोतर के राज्यों में बाढ़ से निपटने की कोशिश जारी
पूर्वोत्तर के राज्यों में भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। मौसम विभाग लगातार चेतावनी जारी कर रहा है। बाढ़ ने निपटने के लिए स्थानीय प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्वोत्तर के राज्यों में बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मंगलवार को असम और सिक्किम के मुख्यमंत्रियों के साथ ही मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला से बातचीत की। उन्होंने बाढ़ के खतरे से निपटने के साथ ही राहत और पुनर्वास कोशिशों में केंद्रो की तरफ से हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
बाढ़ और भूस्खलन से 7 राज्यों में 48 मौतें
पूर्वोत्र के राज्यों में 29 मई से हो रही लगातार बारिश के कारण लोगों का जन जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बाढ़ और भूस्खलन के कारण पूर्वोत्तर के 7 राज्यों में 48 लोगों की जान चली गई है। इन 48 लोगों में से करीब 17 लोगों की जान असम में ही गई है। वहीं अरुणाचल प्रदेश में 12, मेघालय में 6, मिजोरम में 5, सिक्किम में 4, त्रिपुरा में 2 और नागालैंड और मणिपुर में एक-एक मौत हुई है।
यह भी पढ़े-- दिल्ली में येलो अलर्ट, बारिश के आसार; पूर्वोत्तर में बाढ़ से 36 मौतें
असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) की रिपोर्ट के मुताबिक, 21 जिलों में आई बाढ़ और बारिश की वजह से 6.33 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। रिपोर्ट में ये भी कहा गया है कि 21 जिलों के 1506 गांवों में 14,739 हेक्टेयर से ज्यादा फसल भूमि भी प्रभावित हुई है। असम में कई जगहों पर ब्रह्मपुत्र समेत सात नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।
दिल्ली में बरसेंगे बादल?
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली और आसपास के इलाकों में अधिकतम तापमान 34 डिग्री तक जा सकता है। इसके साथ ही बुधवार को दिल्ली में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ हल्की बारिश के साथ आसमान में बिजली भी चमकेगी।