आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने गुजरात और पंजाब की दो विधानसभा सीटों पर पार्टी प्रत्याशियों को मिली जीत के बाद प्रेंस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान केजरीवाल ने स्पष्ट किया कि वह राज्यसभा नहीं जाएंगे। दरअसल, लुधियाना वेस्ट सीट से राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा के प्रत्याशी बनाए जाने के बाद से ही केजरीवाल के राज्यसभा जाने की अटकले लगाई जा रही थीं। सोमवार को केजरीवाल ने ही साफ कर दिया कि मैं राज्यसभा नहीं जाऊंगा।
गुजरात और पंजाब में मिली जीत पर अरविंद केजरीवाल ने कहा, 'गुजरात और पंजाब की दोनों सीटों पर जनता ने आप को 2022 की तुलना में दोगुने मार्जिन से जिताया है। यह बहुत बड़ा संकेत इस बात का है कि पंजाब में जनता हमारी सरकार से खुश है। पंजाब की 117 सीटों में से 92 सीटों पर हमारी जीत हुई है। कहा जाता था कि उस वक्त पंजाब में आप की आंधी थी। आज हम उस आंधी से दोगुना मर्जिन से जीते थे। कई लोग कह रहे हैं कि यह 2027 का सेमीफाइनल हैं। हम सोच सकते हैं कि अगर यह सेमी फाइनल है और 2022 आंधी थी तो 2027 में तूफान आने वाला है।'
यह भी पढ़ें: उपचुनाव: AAP ने 2 सीटें जीती, केरल में कांग्रेस तो बंगाल में जीती TMC
जनता ने हमारे काम पर मोहर लगाई: आप
अरविंद केजरीवाल ने आगे कहा, 'लुधियाना वेस्ट विधानसभा सीट पर मिली जीत ने जनता के मूड को दिखाया है। पंजाब की जनता ने हमारे काम पर मोहर लगाई है। गुजरात की विसावदर सीट पर जनता ने हमें दोगुना मार्जिन से जिताया है।'
'बीजेपी के कुशासन से जनता त्रस्त'
केजरीवाल ने कहा, 'ऐसा माना जाता है कि जिस पार्टी की सत्ता होती है, उपचुनाव में उसका ही प्रत्याशी जीतता है। गुजरात में भाजपा सत्ताधारी पार्टी है। भाजपा की शासन, प्रशासन, पुलिस और एजेंसी पर पकड़ है। जिस तरह से बीजेपी साम, दाम, दंड, भेद और तिकड़म के साथ चुनाव लड़ती है, उससे गुजरात के अंदर चुनाव लड़के जीत पाना बहुत मुश्किल है। अगर जनता ने डबल मार्जिन से हमे वोट दिया तो यह दिखाता है कि गुजरात के लोग अब बीजेपी के 30 साल के कुशासन से कितने त्रस्त हो चुके हैं। अब जनता आवाज उठाने वाली है। उसने अपनी आवाज उठाना भी शुरू कर दिया है। आम आदमी पार्टी की पॉलिसी और दिल्ली व पंजाब में हमारे काम पर गुजरात के लोगों ने भरोसा दिखाया है। गुजरात में बीजेपी से तंग आने वाले लोगों के लिए आप उम्मीद है।'
यह भी पढ़ें: शेख हसीना को चुनाव जिताने का आरोप, गिरफ्तारी के समय मारे गए अंडे-जूते
भाजपा से छीनी सीट: केजरीवाल
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अरविंद केजरीवाल ने 2022 में हुए गुजरात विधानसभा चुनाव का जिक्र किया। उन्होंने कहा, '2022 के चुनाव में कांग्रेस को 17 और आम आदमी पार्टी को 5 सीट मिली थीं। पिछले तीन साल में कांग्रेस के 5 विधायक भाजपा में जा चुके हैं। आप का सिर्फ एक विधायक गया। उपचुनाव में कांग्रेस सभी पांच सीटों पर हार गई और यह सीटें भाजपा के पास चली गईं। एक सीट पर भाजपा ने जो हमारा विधायक चोरी किया था, आज हम बीजेपी से वह सीट छीन लाए हैं।'
केजरीवाल बोले- कांग्रेस की पूरी लीडरशिप बीजेपी की जेब में
केजरीवाल का दावा है कि गुजरात के अंदर टक्कर सीधे आम आदमी पार्टी और बीजेपी के बीच है। दो सीटों पर चुनाव हुए हैं। एक पर आप और एक पर बीजेपी जीती है। सभी राज्यों में कांग्रेस का स्टेटस एक ही रह गया है। सब ने देखा कि दिल्ली और विसावदर सीट में कांग्रेस ने भाजपा को जिताने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगाया। कांग्रेस की पूरी लीडरशिप बीजेपी की जेब में है। वह बीजेपी के हाथ की कठपुतली है। केजरीवाल ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आम आदमी पार्टी ज्वाइन करने की अपील की और कहा कि कांग्रेस से उम्मीद न करना कि वह कभी बीजेपी को हराएगी।