चुनाव आयोग ने जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर को बिहार और पश्चिम बंगाल दोनों प्रदेशो में वोटर होने के लिए नोटिस जारी किया है। कुछ मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया था कि उनका नाम पश्चिम बंगाल और बिहार दोनों जगह वोटर लिस्ट में है। अब चुनाव आयोग ने प्रशांत किशोर को इस पर नोटिस भेजा है। चुनाव आयोग का कहना है कि यह चुनावी कानूनों का उल्लंघन है।
प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज बिहार विधानसभा चुनाव में मजबूती से उतरी है। प्रशांत किशोर ने खुद चुनाव लड़ने से दूरी बनाई है। चुनाव आयोग ने जिक्र किया है कि उनका नाम कोलकाता के कालीघाट रोड 121 और बिहार के करहगर विधानसभा क्षेत्र में वोटर के तौर पर दर्ज है।
यह भी पढ़ें: अशोक चौधरी और सम्राट चौधरी से प्रशांत किशोर का पंगा क्या है?
कहां के वोटर हैं प्रशांत किशोर?
पश्चिम बंगाल में उनका पता, कोलकाता के कालीघाट रोड 121 स्थित आवास के तौर पर दर्ज है। यह तृणमूल कांग्रेस का ऑफिस है। बिहार की वोटर लिस्ट में उनका पता, 209-करहगर विधानसभा क्षेत्र में दर्ज हैं। उनकी वोटर आईडी IUJ1323718 है।
जन सुराज ने इस पर क्या कहा है?
जन सुराज पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुमार सौरभ सिंह:-
'इसकी ज़िम्मेदारी चुनाव आयोग पर है। उसने बिहार में SIR को बहुत हल्ला मचाकर शुरू किया था। कई नामों को हटा दिया गया। जब वे प्रशांत किशोर जैसी जानी-मानी हस्ती के मामले में चूक की गुंजाइश छोड़ सकते हैं, तो चुनाव आयोग की अन्य जगहों पर कितनी तत्परता होगी, इसका अंदाज़ा लगाया जा सकता है।'
कौन सा नियम तोड़ रहे प्रशांत किशोर?
चुनाव आयोग ने कहा है कि यह जनप्रतिनिधित्व कानून 1950 की धारा 17 का उल्लंघन है। इसके तहत एक व्यक्ति एक से ज्यादा जगह वोटर नहीं बन सकता है। अगर ऐसा होता है तो धारा 31 के तहत सजा दी सकती है।
यह भी पढ़ें: बिहार: चुनावी मौसम में वादों की झड़ी, जनता पर 'मेहरबान' नेता
अब प्रशांत किशोर को क्या करना होगा?
चुनाव आयोग ने नोटिस भेजकर कहा है कि प्रशांत किशोर तीन दिनों के भीतर बताएं कि उनका नाम वोटर के तौर पर दो जगहों पर क्यों दर्ज है।
पश्चिम बंगाल के चुनाव अधिकारी क्या कह रहे हैं?
पश्चिम बंगाल में एक चुनाव अधिकारी ने बताया कि आधिकारिक रिकॉर्ड बता रहे हैं कि पश्चिम बंगाल में मतदाता के रूप में पंजीकृत किशोर का पता 121, कालीघाट रोड के रूप में दर्ज है। यह कोलकाता के भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस के मुख्यालय का पता है। भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल प्रमुख ममता बनर्जी की विधानसभा भी है। प्रशांत किशोर का वोटिंग सेंटरबी रानीशंकरी लेन स्थित सेंट हेलेन स्कूल के तौर पर लिस्ट है। प्रशांत किशोर का नाम बिहार में रोहतास जिले के सासाराम संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली विधानसभा करगहर में भी दर्ज है। उनका मतदान केंद्र मध्य विद्यालय, कोनार बताया जा रहा है।
बिहार में वोट देना है तो प्रशांत किशोर को क्या करना होगा?
फार्म 8 भरकर नई जगह पर अपना नाम शामिल करने के लिए आवेदन करना होगा। उन्हें बताना होगा कि उन्होंने जगह बदल ली है। उन्हें अपने पहले के मतदान क्षेत्र की मतदाता सूची से अपना नाम हटाने के लिए आवेदन करना होगा।