logo

ट्रेंडिंग:

AAP विधायक अनमोल गगन मान ने दिया इस्तीफा, राजनीति छोड़ने का ऐलान

तीन दिन पहले ही उन्होंने AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की थी और कहा था कि उनका समाज को बेहतर बनाने का फैसला हमेशा प्रेरणा देता है।

अनमोल गगन मान । Photo Credit: X/@AnmolGaganMann

अनमोल गगन मान । Photo Credit: X/@AnmolGaganMann

पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) की नेता और खरड़ सीट से विधायक अनमोल गगन मान ने रविवार को एक बड़ा फैसला लेते हुए न केवल पंजाब विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया, बल्कि राजनीति को पूरी तरह छोड़ने की घोषणा भी की। उन्होंने अपना इस्तीफा पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवान को सौंपा। अनमोल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पंजाबी में लिखा, 'मेरा दिल भारी है, लेकिन मैंने राजनीति छोड़ने का फैसला किया है। मैंने स्पीकर को अपने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया है, इसे स्वीकार किया जाए।'

 

अनमोल गगन मान ने अपनी पोस्ट में आप पार्टी के लिए शुभकामनाएं दीं और कहा, 'मेरी शुभकामनाएं पार्टी के साथ हैं। मुझे उम्मीद है कि पंजाब सरकार लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरेगी।' अनमोल ने 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में खरड़ सीट से जीत हासिल की थी। इसके बाद वह भगवंत मान सरकार में मंत्री भी बनी थीं। उन्होंने पर्यटन और संस्कृति, निवेश प्रोत्साहन, श्रम और आतिथ्य जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाली थी। हालांकि, पिछले साल मंत्रिमंडल में फेरबदल के दौरान उन्हें मंत्री पद से हटा दिया गया था।

 

यह भी पढ़ेंः पंजाब: 'CM को गंभीरता दिखाने की जरूरत', बेअदबी बिल पर बोली कांग्रेस

पंजाबी गायिका रही हैं

अनमोल गगन मान राजनीति में आने से पहले एक मशहूर पंजाबी गायिका थीं। उनके गाने जैसे 'सूट', 'घैंट परपज' और 'शेरनी' को लोगों ने खूब पसंद किया था। उनकी गायकी के प्रशंसक न केवल पंजाब में, बल्कि देश-विदेश में भी थे। गायकी से राजनीति में कदम रखने वाली अनमोल ने कम समय में ही अपनी एक अलग पहचान बनाई थी। उन्होंने साल 2020 में आम आदमी पार्टी ज्वाइन की थी। उन्होंने 2022 के विधानसभा चुनाव में शिरोमणि अकाली दल के प्रत्याशी रणजीत सिंह गिल को करीब 37718 मतों से हराया था। 2022 विधानसभा चुनाव में जीतने वालीं वह सबसे युवा नेताओं में से एक हैं। अनमोल गगन मान ने पार्टी का कैंपेन गीत भी तैयार किया था।

 

 

हाल ही में, अनमोल ने आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के बारे में उन्होंने X पर लिखा, 'मैंने हमारे राष्ट्रीय संयोजक श्री अरविंद केजरीवाल जी के साथ कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर गहन चर्चा की। उनका समाज को बेहतर बनाने का सपना हमें हमेशा प्रेरणा और हौसला देता है।' इस मुलाकात के तीन दिन बाद ही उन्होंने राजनीति छोड़ने का ऐलान कर दिया, जिसने सभी को चौंका दिया।

वजह स्पष्ट नहीं

अनमोल के इस फैसले से कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं कि अचानक क्या हुआ? उनके समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच इस खबर से निराशा देखी जा रही है। हालांकि, अनमोल ने अपने इस्तीफे की वजह स्पष्ट नहीं की है, लेकिन माना जा रहा है कि यह उनका निजी फैसला है। उनके इस कदम से खरड़ विधानसभा सीट पर उपचुनाव की संभावना बढ़ गई है।

 

 

यह भी पढ़ेंः सतलुज-यमुना लिंक विवाद: भूपेंद्र हुड्डा की मांग, पंजाब पर केस करे BJP

 

आम आदमी पार्टी ने अभी तक अनमोल के इस्तीफे पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। लेकिन पार्टी के नेताओं का कहना है कि अनमोल ने अपने कार्यकाल के दौरान जनता के लिए कई अच्छे काम किए। अब सभी की नजर इस बात पर है कि अनमोल भविष्य में क्या करती हैं और क्या वह गायकी की दुनिया में वापसी करेंगी।

 

Related Topic:#AAP#Arvind Kejriwal

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap