logo

ट्रेंडिंग:

खत्म हो रहे BJP अध्यक्ष चुनाव के रोड़े, कई राज्यों में हो गया फैसला

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा का कार्यकाल 2023 में ही खत्म हो गया था लेकिन दो बार उनका कार्यकाल बढ़ाया गया। अब उम्मीद है कि जल्द ही बीजेपी को नया अध्यक्ष मिल सकता है।

bjp top leadership

बीजेपी के शीर्ष नेता, Photo Credit: PTI

भारतीय जनता पार्टी (BJP) इन दिनों बड़े बदलाव के दौरे से गुजर रही है। कई राज्यों के संगठनों में बदलाव हो रहा है और प्रदेश अध्यक्ष बदले जा रहे हैं। यह सारी कवायद इसलिए हो रही है कि बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को बदला जाना है। जगत प्रकाश नड्डा फिलहाल साल 2020 से ही बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। उन्हें 3 साल के लिए यानाी 2023 तक के लिए अध्यक्ष चुना गया था लेकिन दो बार उनका कार्यकाल बढ़ाया जा चुका है। बीजेपी में 'एक व्यक्ति एक पद' का नियम चलता है, जिसके तहत अगर कोई शख्स किसी सरकार में मंत्री बनता है तो उसे संगठन की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया जाता है। जेपी नड्डा 2024 में ही केंद्र सरकार में मंत्री बन गए हैं ऐसे में अब उनकी जगह पर किसी और को बीजेपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया जाएगा। हालांकि, संगठन के चुनावों में देरी के चलते यह प्रक्रिया लटकी हुई है और नड्डा अपने पद पर बने हुए हैं।

 

कई राज्यों में बीजेपी का प्रदेश अध्यक्ष चुने जाने के लिए प्रक्रिया जारी है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और महाराष्ट्र में एक ही उम्मीदवार के नामांकन के चलते अध्यक्ष पद का फैसला लगभग हो चुका है और औपचारिक ऐलान ही होना है। संगठन के लिहाज से देखें तो बीजेपी की कुल 28 राज्य ईकाई और 8 केंद्र शासित प्रदेश इकाइयां हैं। बीजेपी के संविधान के मुताबिक, राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए 19 राज्य/केंद्र शासित प्रदेशों के अध्यक्ष का चुनाव होना जरूरी है। खबर लिखे जाने तक 36 में से 19 अध्यक्षों का चुनाव हो सका है। उम्मीद है कि 2 या 3 जुलाई तक कम से कम 5 और राज्यों में अध्यक्ष के नाम का ऐलान हो जाएगा। इस स्थिति में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव हो सकता है।

 

यह भी पढ़ें- विवादों में रहने वाले T राजा सिंह का BJP से इस्तीफा, वजह क्या है?

फिर कहां फंसेगा पेच?

 

भले ही 19 से ज्यादा राज्यों के अध्यक्ष चुन लिए जाएं लेकिन कर्नाटक, मध्य प्रदेश, गुजरात, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल जैसे पांच बड़े राज्य में अध्यक्ष पद को लेकर पेच फंसा हुआ है। इन राज्यों में अभी तक आंतरिक चुनाव की प्रक्रिया शुरू भी नहीं की गई है, ऐसे में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद का चुनाव और टल सकता है। गुजरात और कर्नाटक में थोड़ी बहुत आंतरिक कलह है और उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में भी चेहरे को लेकर अभी समन्वय नहीं बन पाया है। उत्तर प्रदेश में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी का कार्यकाल खत्म हो चुका है लेकिन नए चेहरे का नाम अभी तय नहीं है। ऐसे में यह भी कहा जा रहा है कि इन बड़े राज्यों में अध्यक्ष चुने जाने के बाद ही बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए चुनाव आयोजित होगा।

 

बता दें कि कुल 36 राज्य इकाइयों में से 19 अध्यक्ष इसी साल चुने गए हैं और लगभग आधा दर्जन इकाइयों के अध्यक्षों के चुनाव प्रक्रिया में हैं और औपचारिक ऐलान होना बाकी है। महाराष्ट्र, उत्तराखंड, आंध्र प्रदेश और हिमाचल प्रदेश में तस्वीर लगभग साफ हो चुकी है लेकिन मुख्य बाधा उत्तर प्रदेश और गुजरात जैसे राज्य हैं।

 

यह भी पढ़ें- DK-सिद्धारमैया ने हाथ मिलाए, खड़गे बोले-  CM का फैसला हाईकमान करेगा

 

मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, लद्दाख और दमन दीव-दादरा नगर हवेली में भी 2 जुलाई तक अध्यक्ष पद का चुनाव हो जाएगा। ऐसे में राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद का चुनाव कराया जा सकता है। हालांकि, 3 जुलाई से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विदेश दौरे पर जा रहे हैं तो उम्मीद कम ही है कि इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव होगा।

कैसे होता है राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव?

 

BJP के संविधान के मुताबिक, राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव पार्टी का निर्वाचक मंडल करता है। इस निर्वाचक मंडल में पार्टी की राष्ट्रीय परिषद के सदस्य और राज्य इकाइयों की परिषद के सदस्य होते हैं। नियमों के मुताबिक, बीजेपी का अध्यक्ष वही शख्स बन सकता है जो कम से कम 15 साल से बीजेपी का सदस्य रहा हो। 

 

यह भी पढ़ें- तेलंगाना बीजेपी की कमान संभालेंगे रामचंदर राव, RSS से रहा है नाता

 

चुनावी प्रक्रिया यह है कि निर्वाचक मंडल के कम से कम 20 सदस्य किसी शख्स के नाम का प्रस्ताव रख सकते हैं। यह प्रस्ताव कम से पांच ऐसे प्रदेशों से आना चाहिए जहां राष्ट्रीय परिषद के चुनाव हो चुके हैं। यानी राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव से पहले राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश संगठन, राष्ट्रीय परिषद और जिला संगठनों के चुनाव कराए जाते हैं। एक और रोचक बात है कि बीजेपी में अब तक अध्यक्ष पद के लिए वोटिंग कभी नहीं हुई है। हर बार अध्यक्ष का नाम सर्वसम्मति से तय कर लिया जाता है। यही वजह है कि बीजेपी अपने वरिष्ठ नेताओं के साथ-साथ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नेताओं से भी भरपूर चर्चा करती है।

 

पार्टी के संविधान के मुताबिक, किसी भी अध्यक्ष का कार्यकाल 3 साल का होता है जिसे जरूरत पड़ने पर बढ़ाया जा सकता है। उदाहरण के लिए- जे पी नड्डा का कार्यकाल दो बार बढ़ाया गया। इसी तरह अब जो नया अध्यक्ष चुना जाएगा, उसका कार्यकाल भी 3 साल का ही होगा। अगला लोकसभा चुनाव 2029 में होना है तो यह भी हो सकता है कि नए अध्यक्ष को चुनने में उसे भी ध्यान में रखा जाएगा।

 

राज्य  अध्यक्ष और नियुक्ति की स्थिति
हिमाचल प्रदेश राजीव बिंदल (जुलाई 2025)
पंजाब सुनील जाखड़
उत्तराखंड महेंद्र भट्ट (जुलाई 2025)
उत्तर प्रदेश भूपेंद्र चौधरी (बदलाव संभव)
हरियाणा मोहन लाल बडोली (बदलाव संभव)
राजस्थान मदन राठौड़ (फरवरी 2025)
गुजरात सी आर पाटिल (बदलाव संभव)
गोवा दामोदर नाइक (जनवरी 2025)
महाराष्ट्र चंद्रशेखर बावनकुले (बदलाव संभव)
बिहार दिलीप जायसवाल (मार्च 2025)
झारखंड बाबूलाल मरांडी (बदलाव संभव)
छत्तीसगढ़ किरण देव सिंह (जनवरी 2025)
मध्य प्रदेश वीडी शर्मा (बदलाव संभव)
ओडिशा

मनमोहन सामल (बदलाव संभव)
पश्चिम बंगाल सुकांता मजूमदार (बदलाव संभव)
आंध्र प्रदेश PVN माधव (जुलाई 2025)
तेलंगाना के रामचंदर राव (जुलाई 2025)
केरल राजीव चंद्रशेखर (मार्च 2025)
कर्नाटक बी वाई विजयेंद्र (बदलाव संभव)
तमिलनाडु नयनार नागेंद्रन (अप्रैल 2025)
सिक्किम डीपीआर थापा (जनवरी 2025)
मिजोरम के बेइचुआ (जुलाई 2025)
मणिपुर शारदा देवी
मेघालय रिकमन मोमिन (जनवरी 2025)
असम दिलीप सैकिया (जनवरी 2025)
त्रिपुरा राजीव भट्टाचार्जी (बदलाव संभव)
अरुणाचल प्रदेश कलिंग मोयोंग (जनवरी 2025)
नागालैंड बेंजामिन योप्थोमी (जनवरी 2025)
जम्मू कश्मीर सतपाल शर्मा (जनवरी 2025)
लद्दाख फुनचोक स्टेनज़िन (बदलाव संभव)
चंडीगढ़ जतिंदर पाल मल्होत्रा (जनवरी 2025)
दिल्ली वीरेंद्र सचदेवा
पुडुचेरी वी पी रामलिंगम (जुलाई 2025)
दमन और दीव एवं दादरा नगर हवेली दीपेश टंडेल (बदलाव संभव)
लक्षद्वीप केएन कोसमीकोया (जनवरी 2025)
अंडमान निकोबार अजय बैरागी (बदलाव संभव)

 

Related Topic:#BJP#JP Nadda

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap