logo

ट्रेंडिंग:

'आप किससे डर रहे हैं?' बिहार पुलिस के रोकने पर राहुल का नीतीश से सवाल

दरभंगा पहुंचे कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को पुलिस ने आंबेडकर हॉस्टल पहुंचने से रोकने की कोशिश की। हालांकि, राहुल गांधी आंबेडकर हॉस्टल पहुंच गए हैं।

rahul gandhi

राहुल गांधी। (Photo Credit: X@INCIndia)

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी दरभंगा पहुंच गए हैं। राहुल यहां आंबेडकर हॉस्टल के छात्रों को संबोधित करने वाले थे। बिहार पुलिस ने राहुल को रोकने के बहुत कोशिश की लेकिन वे यहां पहुंच गए। बिहार कांग्रेस का दावा है कि दरभंगा प्रशासन ने राहुल गांधी को यह कार्यक्रम करने की अनुमति नहीं दी थी।


दरअसल, कांग्रेस आज 'शिक्षा न्याय संवाद' करने जा रही है। इस कार्यक्रम के तहत राहुल गांधी आंबेडकर हॉस्टल में दलित छात्रों को संबोधित कर रहे हैं। हालांकि, पुलिस ने राहुल गांधी को आंबेडकर हॉस्टल में जाने से रोकने की कोशिश की। इसे लेकर राहुल गांधी ने X पर पोस्ट किया, 'बिहार में NDA की "डबल इंजन धोखेबाज़ सरकार" मुझे अंबेडकर हॉस्टल में दलित और पिछड़े छात्रों से बातचीत करने से रोक रही है। संवाद कब से अपराध हो गया? नीतीश जी, आप किस बात से डर रहे हैं? क्या बिहार में शिक्षा और सामाजिक न्याय की स्थिति छुपाना चाहते हैं?'

 


उन्होंने कहा, 'हिंदुस्तान में लोकतंत्र नहीं है। सरकार चाहती है कि मैं छात्रों से न मिलूं, आपकी मांगें न उठाऊं लेकिन मुझे रोका नहीं जा सकता।'

 

यह भी पढ़ें-- 'PAK के परमाणु हथियारों को निगरानी में ले IAEA', J&K में बोले राजनाथ

राहुल बोले- पुलिस मुझे रोक नहीं पाई

पुलिस की तरफ से रोके जाने के बावजूद राहुल गांधी आंबेडकर हॉस्टल पहुंच गए। यहां पहुंचकर उन्होंने छात्रों से कहा, 'बिहार की पुलिस ने मुझे रोकने की कोशिश की। रोक नहीं पाई। पता है क्यों नहीं रोक पाई, क्योंकि आपकी शक्ति मेरे पीछे है। दुनिया की कोई शक्ति उसको रोक नहीं सकती है। नरेंद्र मोदी से हमने कहा कि तुम्हें जाति जनगणना करना पड़ेगा। हमने उनसे कहा कि तुम्हें संविधान को यहां माथे पर लगाना पड़ेगा। नरेंद्र मोदी जी ने आपके दबाव से डरकर जाति जनगणना कराने की घोषणा की है। आपके दबाव से डरकर संविधान को माथे से लगाया है। मगर वे लोकतंत्र के खिलाफ हैं, संविधान के खिलाफ हैं, जाति जनगणना के खिलाफ हैं और 90 फीसदी हिंदुस्तान की आबादी के खिलाफ हैं। यह अडानी-अंबानी की सरकार है। यह आपकी सरकार नहीं है।'

 


राहुल ने आगे कहा, 'मैं जानता हूं कि यहां हॉस्टल में क्या होता है। मैं आपको गारंटी देता हूं, जैसे ही हिंदुस्तान में सरकार आएगी, बिहार में हमारी सरकार आएगी, हम यह सारा बदल देंगे और आपके लिए जो होना चाहिए, वह करेंगे।'

 

यह भी पढ़ें-- 'आतंकी पकड़े नहीं गए तो ऑपरेशन सिंदूर सफल कैसे?' कांग्रेस ने उठाए सवाल

कांग्रेस बोली- तानाशाही पर उतरी सरकार

इससे पहले राहुल गांधी को रोके जाने पर कांग्रेस ने सरकार की आलोचना की। कांग्रेस ने X पर लिखा, 'राहुल गांधी दरभंगा में 'शिक्षा न्याय संवाद' के तहत छात्रों से मिलने जा रहे थे, उनकी समस्याओं पर बात करने जा रहे थे लेकिन JDU-BJP की डरी-सहमी सरकार तानाशाही पर उतर आई है। सरकार ने अपनी पुलिस लगाकर राहुल गांधी जी को रोक लिया है।'

 


कांग्रेस ने आगे लिखा, 'क्या बिहार में दलित छात्रों से संवाद करना अपराध है? क्या बिहार में छात्रों के न्याय के लिए आवाज उठाना गुनाह है? यह तानाशाह सरकार चाहे कितना भी जोर लगा ले, हमारी आवाज को नहीं दबा सकती। हम छात्रों को न्याय दिलाने के लिए लड़ते रहेंगे। अन्याय को हारना होगा, न्याय की जीत होगी।'

 

क्या है पूरा मामला?

कांग्रेस आंबेडकर हॉस्टल में 'शिक्षा न्याय संवाद' करने की अनुमति मांगी थी लेकिन प्रशासन ने इसकी अनुमति नहीं दी। आंबेडकर हॉस्टल के बजाय प्रशासन ने कांग्रेस को टाउन हॉल में यह कार्यक्रम करने को कहा। इसके बाद कांग्रेस ने आंबेडकर हॉस्टल में कार्यक्रम करने की अनुमति न दिए जाने पर आपत्ति जताई थी।


इस पर कांग्रेस विधायक शकील अहमद खान ने एक वीडियो मैसेज जारी कर कहा था, 'हम राहुल गांधी के दरभंगा आने का इंतजार कर रहे हैं। आंबेडकर हॉस्टल में कार्यक्रम की सारी तैयारी पूरी हो चुकी है। हम प्रशासन को चुनौती देते हैं कि वह हमें रोककर दिखाए।'


वहीं, पटना में कांग्रेस के सीनियर नेता अभय दुबे ने कहा, 'दरभंगा में प्रशासन JDU-BJP की सरकार के इशारों पर काम कर रहा है। मधुबनी और समस्तीपुर से आने वाले छात्रों को रोका जा रहा है लेकिन प्रशासन को यह समझना चाहिए कि राहुल गांधी को देश के वंचित वर्गों का समर्थन है।'

दरभंगा डीएम बोले- राहुल पर ऐक्शन होगा

राहुल गांधी को पुलिस ने रोकने की कोशिश की थी। हालांकि वे आंबेडकर हॉस्टल पहुंच गए। अब इस मामले पर दरभंगा के डीएम ने राहुल गांधी के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है। डीएम ने बताया कि राहुल गांधी पर CRPC की धारा 163 का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की जाएगी। CRPC की धारा 163 का उल्लंघन किए जाने का दोषी पाए जाने पर 2 साल तक की जेल या जुर्माना या दोनों की सजा हो सकती है।

 

यह भी पढ़ें-- खूब हुई सेना की तारीफ, ऑपरेशन सिंदूर पर क्या बोले विपक्ष के नेता?

हंगामा होने के आसार थे

राहुल गांधी के इस कार्यक्रम को लेकर हंगामा होने के आसार पहले से ही थे। प्रशासन ने आंबेडकर हॉस्टल में कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी थी। हालांकि, कांग्रेस जिद पर अड़ी है। माना जा रहा था कि इस कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस और प्रशासन के बीच टकराव हो सकता है और ऐसा हुआ भी। 


इससे पहले दरभंगा प्रशासन ने कहा था कि कांग्रेस ने यह साफ नहीं किया था कि आंबेडकर हॉस्टल में कार्यक्रम में करना चाहते हैं। कांग्रेस नेता अभय दुबे ने इसे खारिज करते हुए कहा था कि हमारी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। यह तैयारियां एक घंटे में नहीं हो सकती। उन्होंने प्रशासन के इस दावे को हास्यास्पद बताया था।

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap