आम आदमी पार्टी (AAP) के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला है। गुजरात की विसावदर सीट पर हुए उपचुनाव में उतरी कांग्रेस की आलोचना करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि कांग्रेस की टॉपमोस्ट लीडरशिप ही भारतीय जनता पार्टी (BJP) से मिली हुई है। गुजरात के विसावदर और पंजाब की लुधियाना वेस्ट सीट पर हुए उपचुनाव में जीत के बाद केजरीवाल ने कहा है कि गुजरात में पिछले साल जब 5 सीटों पर उपचुनाव हुए थे तब AAP ने कांग्रेस के कहने पर उम्मीदवार नहीं उतारे थे लेकिन विसावदर में कांग्रेस ने अपना उम्मीदवार उतार दिया। उन्होंने यह भी कहा कि अब देश की जनता ने कांग्रेस से उम्मीद करना ही छोड़ दिया है। बिक्रम सिंह मजीठिया का नाम लिए बिना ही केजरीवाल ने कहा है कि पंजाब में AAP सरकार ने नशे के खिलाफ युद्ध छेड़ा है और कोई कितना भी बड़ा नेता क्यों ना हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा।
गुजरात में हुए उपचुनाव का जिक्र करते हुए केजरीवाल ने कहा, 'कांग्रेस के कुल 17 विधायक जीते थे और हमारे 5 विधायक जीते थे। उनके 5 विधायक बीजेपी में चले गए और हमारा एक विधायक बीजेपी में गया। हमारी कांग्रेस से बात हुई थी। कांग्रेस ने कहा था कि जिन 5 सीटों पर उनके विधायक बीजेपी में गए हैं, उन पर AAP चुनाव ना लड़े और जिस 1 सीट पर AAP का विधायक बीजेपी में गया, वहां कांग्रेस चुनाव नहीं लड़ेगी। हम अपनी बात पर बने रहे और उन पांचों सीटों पर चुनाव नहीं लड़ा लेकिन हमारी सीट पर कांग्रेस ने अपना उम्मीदवार उतार दिया। यह बताता है कि कांग्रेस भारतीय जनता पार्टी के इशारों और आदेशों पर चल रही है। इस देश और गुजरात की जनता ने कांग्रेस से उम्मीद रखना ही छोड़ दिया है और जनता आम आदमी पार्टी की तरफ़ बड़ी उम्मीदों से देख रही है और हम उनकी उम्मीदों पर खरा भी उतर रहे हैं।'
हमने कांग्रेस के लिए 5 सीटें छोड़ दी, वे फिर भी पांचों हार गए, उन्होंने हमारी एक सीट पर भी अपना उम्मीदवार उतार दिया, हम फिर भी जीत गए।
-अरविंद केजरीवाल
यह भी पढ़ें- ड्रग्स केस में छापेमारी के बाद अकाली दल के बिक्रम मजीठिया गिरफ्तार
BJP की जेब में है कांग्रेस- केजरीवाल
केजरीवाल ने आगे कहा, 'कांग्रेस की टॉप और टॉपमोस्ट लीडरशिप बीजेपी के साथ मिली हुई है। यह बात मैं पूरी जिम्मेदारी के साथ कह रहा हूं और इस बात के पूरे सबूत हैं। कांग्रेस का आम कार्यकर्ता ठगा से महसूस करता है कि ऊपर वाले कभी शादी के घोड़े की बात करते हैं, कभी रेस के घोड़े की बात करते हैं और जाकर बीजेपी से हाथ मिला लेते हैं। रोचक बात है कि वे 5 सीटें हमने छोड़ दी फिर भी कांग्रेस वाले पांचों हार गए और उन्होंने हमारी एक सीट नहीं छोड़ी फिर भी हम अपनी सीट जीत गए। दोनों पार्टियां इकट्ठे होकर लड़ रही हैं, यह दिखाता है कि यह एक सिस्टम है। दोनों पार्टियों का एक ही सिस्टम है- पैसे से सत्ता और सत्ता से पैसा।'
पंजाब पर क्या बोले केजरीवाल?
लुधियाना वेस्ट विधानसभा सीट पर AAP के संजीव अरोड़ा की जीत पर अरविंद केजरीवाल ने कहा, 'लुधियाना पश्चिम की जनता ने जिस बड़े अंतर से संजीव जी को जिताया है, वह बताता है कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की हवा चल रही है। भगवंत मान जी और उनकी सरकार जैसा जनहित का काम कर रही है, उससे लगता है कि इस बार हम पंजाब में 100 से ज़्यादा सीटें जीतेंगे।'
यह भी पढ़ें- 'कोई भारतीय उसे कभी भूल नहीं सकता', इमरजेंसी की बरसी पर बोले PM मोदी
ड्रग्स केस में बुधवार को गिरफ्तार किए गए बिक्रम सिंह मजीठिया का नाम लिए बिना ही केजरीवाल ने कहा, 'पंजाब में हमारी सरकार ने नशे के विरुद्ध जबरदस्त युद्ध छेड़ा हुआ है। कोई कितना भी बड़ा नेता क्यों ना हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा। पुरानी सरकार के मंत्री अपनी गाड़ियों में नशा तस्करी करते थे। अपने घरों में तस्करों को रखते थे। किसी भी तस्कर और उसमें शामिल लोगों को छोड़ा नहीं जाएगा।'