कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने दावा किया कि पिछले साल महाराष्ट्र में संपन्न विधानसभा चुनाव लोकतंत्र में धांधली करने का एक खाका है। इंडियन एक्सप्रेस में लिखे अपने लेख में राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि यह मैच फिक्सिंग अगली बार बिहार चुनाव के अलावा भाजपा जहां भी हार रही होगी, वहां की जाएगी। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राहुल गांधी पर निशाना साधा और उन पर फर्जी कहानी गढ़ने का आरोप लगाया। इस बीच चुनाव आयोग ने भी पूरे मामले में प्रतिक्रिया दी।
राहुल गांधी के दावे को चुनाव आयोग ने किया खारिज
न्यूज एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के मुताबिक जानकारी दी है कि चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में धांधली के दावों को सिरे से खारिज कर दिया है। आयोग ने कहा, 'मतदाताओं से खिलाफ में फैसला मिलने के बाद आयोग को बदनाम करना पूरी तरह से बेतुका है।' चुनाव आयोग के सूत्रों ने कहा कि किसी के द्वारा फैलाई गई गलत सूचना चुनाव के वक्त नियुक्त सियासी दलों के हजारों प्रतिनिधियों को न केवल बदनाम करती है, बल्कि लाखों चुनाव कर्मचारियों को हतोत्साहित भी करती है। महाराष्ट्र की मतदाता सूची पर लगाए गए निराधार आरोप कानून के शासन का अपमान हैं।
यह भी पढ़ें: कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के 2 अधिकारियों ने क्यों दिया इस्तीफा?
5 चरणों में राहुल गांधी ने क्या बताया?
राहुल गांधी ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर लेख साझा किया और लिखा, 'कैसे चुनाव को चुराया जाता है। 2024 में महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव लोकतंत्र में धांधली करने का खाका था। मेरा लेख दिखाता है कि यह कैसे चरण दर चरण हुआ।' राहुल गांधी ने आगे पांच चरणों में अपनी पूरी कहानी समझाने की कोशिश की।
- पहला चरण: चुनाव आयोग की नियुक्ति के लिए पैनल में धांधली।
- दूसरा चरण: फर्जी मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल करें।
- तीसरा चरण: मतदान प्रतिशत बढ़ाएं।
- चौथा चरण: फर्जी मतदान को ठीक उसी जगह टारगेट करें, जहां भाजपा को जीतना है।
- पांचवां चरण: सबूत छिपाएं।
'बिहार में भी होगी मैच फिक्सिंग'
राहुल गांधी ने आगे लिखा, 'यह समझना मुश्किल नहीं है कि महाराष्ट्र में भाजपा इतनी हताश क्यों थी? मगर धांधली मैच फिक्सिंग की तरह है। धोखा देने वाला पक्ष खेल जीत सकता है, लेकिन इससे संस्थाओं को नुकसान पहुंचाता है और नतीजों पर से जनता का विश्वास खत्म हो जाता है।' राहुल गांधी ने कहा, 'महाराष्ट्र की मैच फिक्सिंग अगली बार बिहार में होगी, फिर जहां भी भाजपा हार रही होगी, वहां होगी। मैच फिक्सिंग चुनाव किसी भी लोकतंत्र के लिए जहर है।
यह भी पढ़ें: दिल्ली CM को मिली जान से मारने की धमकी, पकड़ा गया आरोपी
राहुल गांधी का लेख हताशा का नतीजा: भाजपा
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि राहुल गांधी का लेख चुनाव दर चुनाव हारने की उदासी और हताशा का नतीजा है। यह फर्जी नैरेटिव गढ़ने का खाका है। जेपी नड्डा ने भी पांच चरणों में अपनी बात रखी और बताया कि राहुल गांधी कैसे चरण दर चरण इसे गढ़ते हैं। जेपी नड्डा ने कहा कि बार-बार उजागर होने के बाद भी वह (राहुल गांधी) बेशर्मी से झूठ फैलाते हैं। बिहार में उनकी हार निश्चित है, इसलिए वह ऐसा कर रहे हैं।
- पहला चरण: कांग्रेस पार्टी अपनी हरकतों के कारण चुनाव दर चुनाव हारती है।
- दूसरा चरण: आत्मनिरीक्षण के बजाय धांधली का रोना रोती है और षड्यंत्र रचते हैं।
- तीसरा चरण: सभी तथ्यों और आंकड़ों को नजरअंदाज किया जाता है।
- चौथा चरण: शून्य सबूत के साथ संस्थानों को बदनाम किया जाता हैॉ।
- पांचवां चरण: तथ्यों की बजाय सुर्खियों की उम्मीद करते हैं।