Interview: जयराम महतो ने कहा, 'मैं दुष्यंत वाली गलती नहीं करूंगा'
राजनीति
• RANCHI 01 Dec 2024, (अपडेटेड 01 Jun 2025, 9:03 AM IST)
जयराम महतो झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। उन्होंने खबरगांव के साथ बातचीत में कहा है कि वे झारखंड को विकसित प्रदेश के तौर पर देखना चाहते हैं। झारखंड अगर इतना समृद्ध है तो राज्य के लोगों की आर्थिक स्थिति बुरी क्यों है, पढ़ें विस्तार से।

झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयराम महतो। (तस्वीर- JLKM, फेसबुक)
झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) झारखंड विधानसभा चुनावों में ऐसे उभरी है, जिसकी रणनीति और राजनीति दोनों पर चर्चा हो रही है। यह पार्टी महज एक 29 साल के नौजवान के हाथों में है, जिसका नाम जयराम महतो है। जयराम खुलकर कहते हैं कि झारखंड हमारा है, हमारे लोगों को यहां के रोजगार में जगह मिलना चाहिए, दिल्ली से कोई बैठकर ये तय नहीं करेगा कि हमें क्या करना है। जयराम चाहते हैं कि झारखंड के रोजगार में पहला हक यहां के स्थानीय लोगों का हो। झारखंड के काम-काज की भाषा स्थानीय हो और जो भाषा यहां के लोग समझते हैं, उसी भाषा में चर्चा हो।
जयराम महतो मानते हैं कि झारखंड में पलायन, विस्थापन और बेरोजगारी का इलाज 1923 के खतियान आधार पर हो सकता है। जयराम महतो 70 से ज्यादा विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़े। 17 से ज्यादा सीटें ऐसी थीं, जहां उन्हें जमकर वोट पड़े। पूरे राज्य में इस नई-नवेली पार्टी को 10.31 लाख वोट पड़े। जयराम महतो से उनके एजेंडे, चुनावी रुख को लेकर खबरगांव ने बातचीत की। उनकी राजनीति कैसी होगी, वे क्या करने वाले हैं, एजेंडा क्या होगा, आइए जानते हैं।
JMM से दोस्ती कैसे निभेगी?
जयराम महतो ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा हो या बीजेपी, किसी के साथ हाथ मिलाने से कोई परहेज नहीं है। हमें अपने लोगों के लिए काम करना है। उनके लिए हमें सरकार से मदद लेनी पड़ी तो हम पीछे नहीं हटेंगे। विचारधारा अपनी जगह है लेकिन लोगों को काम की जरूरत है। हमारी एक ही विचारधारा है कि झारखंड के बच्चों को बाहर रोजगार के लिए न जाना पड़े।
'हम अब माननीय हैं'
जयराम महतो-कुड़मी समाज के युवाओं के बीच लोकप्रिय हैं। उनकी राजनीति भी इसी समुदाय के सपोर्ट से शुरू हुई है। जब उनसे सवाल पूछा गया कि क्या अब भी जातिवादी राजनीति करेंगे तो उन्होंने कहा कि हम अपने समाज-समुदाय का मान रखेंगे लेकिन दूसरे समुदाय के लिए भी काम करेंगे। जयराम महतो ने कहा कि अब हम माननीय हैं और माननीयों वाला काम भी करेंगे।'
विधायक बन गए हैं, काम क्या करेंगे?
जयराम बताते हैं कि रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज और विकास उनका एजेंडा है। पहले वे इसी 5 सूत्रीय कार्यक्रम पर काम काम करेंगे। वे बताते हैं, 'रोजगार झारखंड की जनता को मिले। संसाधन झारखंड के, साधन झारखंड के फिर मूल निवासियों को इससे अलग क्यों रखा गया? अब झारखंड, झारखंड की भलाई के लिए ही काम करेगा। अस्पतालों की दशा बदहाल है, पढ़ाई को लेकर व्यवस्था चरमराई है, लोगों रोजगार के लिए तरस रहे हैं। अब हम विधानसभा में इसकी आवाज उठाएंगे।'
'मॉडल स्कूल पर होगा फोकस'
जयराम महतो ने कहा कि हम मॉडल स्कूल पर काम करेंगे। अगर हमने 5 मॉडल स्कूल भी विधानसभा में बना लिया तो यह प्रेरणास्पद होगा। हमें कोशिश करनी है इसके लिए काम करना है। हम अपना आधा वेतन लाइब्रेरी बनवाने के लिए देंगे। लोगों को शिक्षा के प्रति जागरूक करेंगे।
रोजगार कहां से लाएंगे?
जयराम महतो ने कहा, 'हम रोजगार विकसित करेंगे। छोटो-छोटे उद्योग लगाएंगे चाहे इसके लिए कोई क्राउड फंडिंग क्यों न करनी पड़े। छोटे व्यापारियों को आगे बढ़ने का मौका देंगे। स्किल ट्रेनिंग देंगे। लोगों को लघु और कुटीर उद्योगों के बारे में बताएंगे। ग्राम स्तर पर भी स्वरोजगार की शिक्षा दिलाएंगे।'
क्या जयराम महतो बदलेंगे अपनी राजनीति?
जयराम महतो, इस सवाल के जवाब में कहते हैं कि न तो उनके तेवर बदल रहे हैं, न ही आंदोलन का तरीका। वे विधायक, जरूर बन गए हैं लेकिन विधायकी ठसक से दूर रहेंगे। जयराम महतो ने यह भी बताया है कि उनकी राजनीति, स्थानीयता की राजनीति है। अगर स्थानीय लोगों को रोजगार में मौका नहीं मिलेगा तो किसी भी बाहरी शख्स को झारखंड में नौकरी की इजाजत नहीं दी जाएगी। पहले स्थानीय लोग, झारखंड की मिट्टी से आने वाले लोगों को यहां रोजगार मिले।
'कार पर चढ़ेंगे, कॉलर पकड़ेंगे, काम करवाएंगे'
जयराम महतो चर्चा में ही तेवरों की वजह से आए थे। वे जनसभाओं में अपनी कार के छत पर खड़े हो जाते हैं और वहीं से भाषण देने लगते हैं। वे अधिकारियों से लड़ पड़ते हैं। वे घर-घर जाते हैं, लोगों की समस्या सुनते हैं और उनके निपटारे के लिए किसी से भी भिड़ने को तैयार रहते हैं। जयराम महतो कहते हैं कि हम कार पर भी चढ़ेंगे, कॉलर भी पकड़ेंगे, हम नेता बन गए हैं लेकिन हमारे तेवर नरम नहीं होंगे।
विधायक तो हो गए, भ्रष्टाचार कैसे रोकेंगे?
जयराम महतो का कहना है कि वे अभी ये समझेंगे कि कैसे काम कराए जाते हैं। उन्होंने कहा, 'हम अलग-अलग स्तर से विकास कार्यों पर नजर रखेंगे। ग्राम प्रधान से लेकर खंड विकास अधिकारी तक हमारी रडार पर होगा। हमारे कार्यकर्ता हर दफ्तर में जाएंगे और कहीं भी अनुचित होगा तो हम आवाज उठाएंगे। हम खामियों को उजागर करेंगे। अपनी आक्रामक शैली से न हटे हैं, न हटेंगे।
'दुष्यंत चौटाला वाली गलती नहीं करेंगे'
जयराम महतो ने खबरगांव से बातचीत के दौरान कहा हरियाणा की एक पार्टी है जननायक जनता पार्टी। इसके संस्थापक हैं दुष्यंत चौटाला। साल 2019 में हरियाणा की राजनीति में वे नया विकल्प बनकर आए। एक गलती की और वे साफ हो गए। मैं दुष्यंत चौटाला वाली गलती नहीं करूंगा। अगर मुझे इंडिया ब्लॉक के साथ भी जाना पड़े तो चला जाऊंगा लेकिन उसके लिए मैं अपने विचारों से समझौता नहीं करूंगा।
दुष्यंत चौटाला की गलती क्या थी?
जब ये सवाल हमने जयराम महतो से किया तो उन्होंने बताया, 'पहले ही चुनाव में 10 सीटें जीतकर आ गए। बीजेपी के साथ मिलकर वे सत्ता में आए और डिप्टी सीएम तक पहुंचे। किसान आंदोलन के दौरान उनकी भूमिका ऐसी रही कि वे अपने मूल विचार से ही भटक गए। वे बीजेपी की तरह हो गए और उनका स्वतंत्र अस्तित्व मिट गया। 2024 में जब नतीजे आए तो ज्यादातर सीटों पर उम्मीदवारों के जमानत जब्त हो गए, खुद 5वें नबंबर पर रहे। मैं उनकी गलती कैसे दोहरा सकता हूं?'
चुनाव बड़ा था, पैसे कहां से आए?
खबरगांव के इस सवाल पर उन्होंने खुलकर कहा कि हमें डॉक्टरों ने, व्यापारियों ने और स्थानीय लोगों ने चंदा दिया। हमने घर-घर जाकर पैसे जुटाए। हर सीट पर 15 से 25 लाख रुपये तक की फंडिंग हो गई थी। नए चेहरे पर आमतौर पर लोग भरोसा नहीं करते हैं लेकिन हम पर लोगों ने किया। अब बारी उनका कर्ज उतराने की है। हम उनके हक की आवाज विधानसभा में उठाएंगे, जो वादे किए हैं, उन्हें पूरा करने की कोशिश करेंगे।
आपकी पार्टी में दूसरे नंबर पर कौन है?
इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मेरे कार्यकर्ता ही पहले नंबर पर हैं, मैं दूसरे नंबर पर हूं। उन्होंने कहा कि अब जब पार्टी अस्तित्व में आ गई है तो अब बड़े नेता भी बनेंगे। हमें पूरे झारखंड में अपनी पार्टी का विस्तार करना है, जमीनी नेता तैयार करना है। इसके लिए हम दृढ़ संकल्पित हैं।
और पढ़ें
Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies
CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap