पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार के बाद अब कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (BJP) में जुबानी जंग छिड़ गई है। कांग्रेस ने मनमोहन सिंह को सम्मान न देने की बात कही है, वहीं बीजेपी ने कहा है कि कांग्रेस किसी भी पूर्व प्रधानमंत्री को सम्मान नहीं देती है।
बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शनिवार को कहा कि केंद्र सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के स्मारक के लिए जगह आवंटित करने का निर्णय किया है। यह सूचना मनमोहन सिंह के परिवार को है। जेपी नड्डा ने कांग्रेस पर मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार को लेकर घटिया राजनीति करने का आरोप लगाया।
कांग्रेस के आरोप क्या हैं?
कांग्रेस का आरोप है कि मनमोहन सिंह देश के पहले सिख प्रधानमंत्री हैं। उनके अंतिम संस्कार के लिए कोई जगह नहीं दी गई, जहां उनका स्मारक बनाया जा सके। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि बीजेपी सरकार ने मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार निगमबोध घाट पर करवाकर भारत माता के महान सपूत और सिख समुदाय के पहले प्रधानमंत्री का सरासर अपमान किया है।
बीजेपी ने क्या कहा?
जेपी नड्डा ने कहा, 'यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और मौजूदा अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पूर्व प्रधानमंत्री के दुखद निधन पर भी राजनीति करने से बाज नहीं आ रहे हैं। कांग्रेस की ऐसी ओछी सोच की जितनी भी निंदा की जाए, कम है। कांग्रेस, जिसने मनमोहन सिंह को उनके जीवित रहते कभी वास्तविक सम्मान नहीं दिया, अब उनके सम्मान के नाम पर राजनीति कर रही है।'
सुपर पीएम पर ताना मार गए जेपी नड्डा
जेपी नड्डा ने कहा, 'कांग्रेस झूठ फैला रही है। राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे और कांग्रेस के अन्य नेताओं को इस तरह की घटिया राजनीति से बाज आना चाहिए। कांग्रेस ने सोनिया गांधी को मनमोहन सिंह के ऊपर सुपर प्राइम मिनिस्टर बनाकर प्रधानमंत्री के पद को कलंकित और अपमानित किया।'
'राहुल ने मनमोहन सिंह का अपमान किया'
जेपी नड्डा ने कहा, 'जिस तरह से राहुल गांधी ने अध्यादेश फाड़कर मनमोहन सिंह का अपमान किया, उसका कोई दूसरा उदाहरण नहीं है। वही कांग्रेस आज मनमोहन सिंह की मौत पर राजनीति कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि गांधी परिवार ने अपने अलावा किसी को सम्मान नहीं दिया।'
जेपी नड्डा ने कहा, 'गांधी परिवार ने हमेशा सभी अन्य बड़े नेताओं का अपमान किया है। सोनिया गांधी ने पीवी नरसिम्हा राव का स्मारक बनाने के अनुरोध को अस्वीकार कर दिया था। उनके पार्थिव शरीर को कांग्रेस कार्यालय में रखने की जगह तक नहीं दी गई। कांग्रेस नहीं चाहती थी कि उनका अंतिम संस्कार दिल्ली में हो। उनका अंतिम संस्कार हैदराबाद में किया गया। यह मोदी ही थे जिन्होंने 2015 में राव का स्मारक बनवाया और उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया।'
अटल बिहारी वाजपेयी पर क्या जेपी नड्डा ने क्या कहा?
जेपी नड्डा ने कहा, 'वाजपेयी के निधन के बाद भी कांग्रेस नेता और उनके समर्थक उनका अपमान करते रहे। 2020 में जब भारत रत्न प्रणब मुखर्जी का निधन हुआ तो कांग्रेस कार्यसमिति ने शोक सभा बुलाने की भी जहमत नहीं उठाई।'
जेपी नड्डा ने कहा, '2013 में कांग्रेस सरकार ने राष्ट्रीय स्मारक बनाने का फैसला किया था और कहा था कि किसी भी नेता के लिए अलग से स्मारक नहीं होगा। यह प्रधानमंत्री मोदी ही थे जिन्होंने प्रधानमंत्री संग्रहालय और पुस्तकालय का निर्माण कराया ताकि देश के लोग उनके बारे में गहराई से जान सकें और उन्हें याद रखें।'
'कांग्रेस ने परिवारों के लिए बनाए स्मारक'
जेपी नड्डा ने कहा कि कांग्रेस ने केवल अपने परिवार के सदस्यों के लिए स्मारक बनवाए हैं। हमारा देश सिद्धांतहीन कांग्रेस के पापों को न तो भूलेगा और न ही माफ करेगा।