सिख-दलित-जाट-पूर्वांचली, मंत्री बनाकर BJP ने कैसे साधे सभी वर्ग
राजनीति
• NEW DELHI 20 Feb 2025, (अपडेटेड 20 Feb 2025, 9:55 AM IST)
दिल्ली में आज नई सरकार का गठन हो जाएगा। बीजेपी की रेखा गुप्ता मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी। उनके साथ 6 विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे।

प्रवेश वर्मा, रेखा गुप्ता और मनजिंदर सिंह सिरसा। (Photo Credit: PTI)
दिल्ली में 27 साल बाद बीजेपी की सरकार आज बनने जा रही है। बीजेपी की इस सरकार में रेखा गुप्ता मुख्यमंत्री होंगी। रेखा गुप्ता दिल्ली के रामलीला मैदान में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी। उनके साथ-साथ 6 विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे।
रामलीला मैदान में रेखा गुप्ता के अलावा प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंद्र इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह मंत्री पद की शपथ लेंगे। अगले 5 साल तक दिल्ली का सारा कामकाज यही संभालेंगे। दिलचस्प बात ये है कि 6 मंत्रियों के जरिए बीजेपी ने दिल्ली में सभी वर्गों को साध लिया है। इनमें कोई जाट चेहरा है तो कोई दलित, कोई पूर्वांचली है तो कोई सिख। ऐसे में जानते हैं कि कौन हैं दिल्ली की नई सरकार के मंत्री?
कौन हैं दिल्ली के नए मंत्री?
रेखा गुप्ता, मुख्यमंत्री
19 जुलाई 1974 को हरियाणा के जींद जिले के जुलाना में जन्म हुआ। उनके पिता बैंक ऑफ इंडिया में मैनेजर थे। ट्रांसफर के बाद पिता दिल्ली आ गए। दिल्ली से ही रेखा की पढ़ाई-लिखाई हुई। उन्होंने LLB के बाद MBA किया।
1992 में RSS के छात्र संगठन ABVP से राजनीतिक करियर शुरू किया। 1995 में दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ की महासचिव और 1996 में अध्यक्ष बनीं। 2007 में पार्षद बनीं। बीजेपी महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं।
रेखा गुप्ता ने इस बार आम आदमी पार्टी की वंदना सिंह को 29,595 वोटों से हराया है। शालीमार बाग सीट से ही रेखा गुप्ता 2015 और 2020 में वंदना सिंह से हार गई थीं।
यह भी पढ़ें-- CM वही, जो पहली बार बना MLA! दिलचस्प है दिल्ली का इतिहास
प्रवेश वर्मा, मंत्री
प्रवेश वर्मा दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा के बेटे हैं। माना जा रहा है कि दिल्ली की नई सरकार में प्रवेश वर्मा डिप्टी सीएम बन सकते हैं। प्रवेश वर्मा पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल के खिलाफ मुखर रहे हैं। यही वजह है कि इस बार बीजेपी ने उन्हें केजरीवाल के खिलाफ ही मैदान में उतारा था। नई दिल्ली सीट से वर्मा ने केजरीवाल को करीब 4 हजार वोटों के अंतर से हराया।
प्रवेश वर्मा दो बार लोकसभा सांसद भी रहे हैं। 2014 और 2019 में उन्होंने पश्चिमी दिल्ली लोकसभा सीट से चुनाव जीता था। इससे पहले 2013 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने उन्हें महरौली से टिकट दिया था। उस चुनाव में वर्मा ने आम आदमी पार्टी के नरिंदर सिंह सेजवाल को लगभग 5 हजार वोटों से हराया था। वर्मा दिल्ली में बीजेपी का प्रमुख जाट चेहरा हैं।
प्रवेश वर्मा के पास 115 करोड़ रुपये की संपत्ति है। पास 77.89 करोड़ और उनकी पत्नी स्वाति सिंह के पास 17.53 करोड़ रुपये की चल संपत्ति है। प्रवेश वर्मा 12.19 करोड़ और उनकी पत्नी 6.91 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति की मालिक हैं। सबकुछ मिलाकर प्रवेश वर्मा और उनकी पत्नी 114.52 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति के मालिक हैं।
आशीष सूद, मंत्री
आशीष सूद दिल्ली बीजेपी का जाना-माना चेहरा है। आशीष सूद की राजनीतिक करियर की शुरुआत ABVP से ही हुई थी। सूद दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्र संघ के संयुक्त सचिव बने। उसके बाद 1988 में अध्यक्ष बने। 2002 में आशीष सूद बीजेपी युवा मोर्चा में शामिल हुए। 2005 में उन्हें युवा मोर्चा का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया। 2013 में बीजेपी दिल्ली का उपाध्यक्ष और 2014 में महासचिव नियुक्त किया गया।
आशीष सूद को संगठन में काम करने का अनुभव है। इसी वजह से उन्हें जम्मू-कश्मीर और गोवा में काम करने के लिए भेजा गया था। इस बार बीजेपी ने जनकपुरी से उन्हें उम्मीदवार बनाया था। सूद पहली बार विधायक बने हैं। उन्होंने यहां से आम आदमी पार्टी के प्रवीण कुमार को 18,766 वोटों से हराया है।
यह भी पढ़ें-- पहली बार विधायक, फिर भी हैवीवेट्स को पछाड़ क्यों रेखा गुप्ता बनीं CM?
मनजिंदर सिंह सिरसा
मूल रूप से हरियाणा के सिरसा के रहने वाले मनजिंदर सिंह को बीजेपी ने इस बार राजौरी गार्डन से टिकट दिया था। सिरसा 2021 में बीजेपी में शामिल हुए थे। बीजेपी में आने से पहले सिरसा अकाली दल में थे।
मनजिंदर ने 2013 में राजौरी गार्डन से अकाली दल के टिकट पर चुनाव लड़ा और जीता। 2015 में सिरसा यहां से हार गए। 2017 में इस सीट पर हुए उपचुनाव में सिरसा फिर जीत गए।
28 फरवरी 1972 को जन्मे मनजिंदर सिंह बीजेपी का प्रमुख सिख चेहरा हैं। इस बार चुनाव में उन्हें 64,132 वोट मिले हैं। उन्होंने आम आदमी पार्टी की धनवती चंदेला को 18,190 वोटों से हराया है।
रविंद्र इंद्राज सिंह, मंत्री
दिल्ली की बवाना सीट से रविंद्र इंद्राज सिंह ने जीत दर्ज की है। उन्होंने आम आदमी पार्टी के जय भगवान उपकार को 31,475 वोटों से हराया है। रविंद्र इंद्राज सिंह बीजेपी का दलित चेहरा हैं। वो बीजेपी अनुसूचित जाति मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल हैं।
रविंद्र इंद्राज पेशे से बिजनेसमैन हैं। चुनावी हलफनामे के मुताबिक, रविंद्र के पास 7.23 करोड़ रुपये की संपत्ति है। इसमें 4.11 करोड़ रुपये की चल और 3.12 करोड़ की अचल संपत्ति है।
यह भी पढ़ेंः नेटवर्थ, राजनीतिक सफर, दिल्ली की अगली CM रेखा गुप्ता के बारे में सबकुछ
कपिल मिश्रा, मंत्री
कपिल मिश्रा का सियासी करियर बहुत ज्यादा लंबा नहीं है। कपिल मिश्रा पहले आम आदमी पार्टी में हुआ करते थे लेकिन बाद में बीजेपी में आ गए। आम आदमी पार्टी की टिकट पर ही कपिल मिश्रा ने 2015 में पहली बार चुनाव लड़ा और जीता। उस चुनाव में कपिल मिश्रा ने करावल नगर सीट से बीजेपी के मोहन सिंह बिष्ट को हराया था।
अगस्त 2019 में कपिल मिश्रा बीजेपी में आ गए। 2020 के चुनाव में बीजेपी ने कपिल मिश्रा को मॉडल टाउन से टिकट दिया लेकिन वो चुनाव हार गए। अगस्त 2023 में बीजेपी ने कपिल को दिल्ली यूनिट का उपाध्यक्ष नियुक्त किया।
इस चुनाव में बीजेपी ने कपिल को मौजूदा विधायक मोहन सिंह बिष्ट की जगह करावल नगर से टिकट दिया था। इस बार उन्होंने आम आदमी पार्टी के मनोज त्यागी को 23,355 वोटों से हराया।
पंकज कुमार सिंह, मंत्री
विकासपुरी सीट से पहली बार विधायक बने पंकज कुमार सिंह भी मंत्री बनने जा रहे हैं। पंकज कुमार सिंह दिल्ली नगर निगम के पूर्व कमिश्नर रहे राजा मोहन सिंह के बेटे हैं। विधायक बनने से पहले पंकज पार्षद भी रह चुके हैं।
पंकज सिंह मूल रूप से बिहार के बक्सर जिले से आते हैं। दिल्ली में बीजेपी का पूर्वांचली चेहरा हैं। पूर्वांचली होने के साथ-साथ राजपूत भी हैं। 6 नवंबर 1977 को जन्मे पंकज सिंह ग्रेजुएट हैं और उनके पास करीब 5 करोड़ रुपये की संपत्ति है।
विकासपुरी सीट से बीजेपी ने उन्हें टिकट दिया था। इस चुनाव में उन्होंने आम आदमी पार्टी के महेंद्र यादव को 12,876 वोटों से हराया है।
और पढ़ें
Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies
CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap