logo

ट्रेंडिंग:

कहीं दही-हांडी, कहीं कृष्ण लीला, देशभर में जन्माष्टमी की धूम

श्री कृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर देशभर के मंदिरों में सुबह-सुबह दर्शन करने भक्तों की भीड़ लग गई है। पूरे देश में धूमधाम से यह उत्सव मनाया जा रहा है।

Janmashtami

जन्माष्टमी, Photo Credit: PTI

देशभर में आज भगवान श्री कृष्ण के जन्मदिन 'जन्माष्टमी' को धूमधाम से मनाया जा रहा है। देश के अलग-अलग हिस्सों से लोग मथुरा और वृंदावन पहुंच रहे हैं। देशभर के मंदिरों में सुबह-सुबह भगवान के दर्शन करने के लिए कतारें लगी हैं, पूजा-अर्चना की जा रही है। महाराष्ट्र, गुजरात जैसे राज्यों में इस अवसर पर भगवान श्री कृष्ण की लीलाओं को दिखाने के लिए दही हांडी समारोह का आयोजन होगा। महाराष्ट्र, गुजरात, उत्तर प्रदेश, बंगाल, मध्य प्रदेश समेत तमाम राज्यों में लोग सुबह-सुबह प्रभु के दर्शन करने मंदिर पहुंच चुके हैं। तमाम जगहों पर सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम है और मंदिर के आस-पास वाले इलाकों में ड्रोन से नजर रखी जा रही है। 

 

उत्तर प्रदेश में जन्माष्टमी के खास रंग दिख रहे हैं। मथुरा-वृंदावन में सुबह-सुबह लोगों का तांता लगा है। नोएडा, गाजियाबाद, अयोध्या, काशी और प्रयागराज सहित पूरे उत्तर प्रेदश के सभी मंदिरों में उत्सव की जबरदस्त तैयारी की गई है। अनुमान जताया जा रहा है कि इस बार लगभग 60 लाख लोग मथुरा और वृंदावन पहुंच सकते हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी आज मथुरा पहुंचेगे। भक्तों को किसी तरह की कोई परेशानी ना हो इसलिए मंदिरों के खुलने और बंद होने का समय बढ़ा दिया गया है। 

 

यह भी पढ़ें: कृष्ण जन्माष्टमी पर कब और कैसे करनी है पूजा? सब जान लीजिए

पश्चिम बंगाल समते कई राज्यों में दिखा जन्माष्टमी का रंग

पश्चिम बंगाल में सुबह-सुबह भक्त मंदिरों में पहुंच रहे हैं। कई शहरों में कृष्ण भक्त सभी अनुष्ठानों और उत्सवों में सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं।

पश्चिम बंगाल के दीघा में कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर भक्त भगवान कृष्ण की पूजा-अर्चना करने के लिए सुबह ही जगन्नाथ मंदिर में इक्ट्ठा हुए हैं। कई शहरों में लोग सुबह-सुबह मंदिर पहुंचकर मंगल आरती में शामिल हो रहे हैं।

 

उत्तर प्रदेश में मंदिरों में भीड़

उत्तर प्रदेश के कई मंदिरों में जन्माष्टमी के दिन सुबह से मंदिरों में भीड़ है। जन्माष्टमी के अवसर पर कृष्ण जन्मस्थान मंदिर में मंगला आरती की गई, जिसमें सुबह-सुबह कई भक्तों ने भाग लिया। कल रात कृष्ण जन्मस्थान मंदिर में भजन संध्या, रासलीला और भगवान कृष्ण के जीवन की कहानियों पर आधारित झांकियां सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। 

 

दिल्ली के ईस्ट ऑफ कैलाश स्थित इस्कॉन मंदिर को जन्माष्टमी उत्सव के लिए आकर्षक रोशनी से सजाया गया है।

 

यह भी पढ़ें: कृष्ण जन्माष्टमी से पितृपक्ष तक, भाद्रपद मास के व्रत-त्योहार क्या हैं?

नोएडा कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर इस्कॉन मंदिर को रोशनी, फूलों और फलों से सजाया गया है। भीड़ की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी और यातायात प्रबंधन जैसे सुरक्षा उपाय किए गए हैं।

मथुरा पहुंचेगे सीएम योगी

आज जन्‍माष्‍टमी के मौके पर सीएम योगी आदित्‍यनाथ भी मथुरा पहुंचेगे और भगवान श्री कृष्ण के दर्शन करेंगे। इसके चलते सुरक्षा को लेकर काफी इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं को कोई दिक्‍कत ना हो, इसके लिए कई रास्‍तों पर ट्रैफिक डायवर्जन किया गया है। गोवर्धन चौराहा, मंडी चौराहा से भूतेश्‍वर की ओर जाने वाले कमर्शियल वाहनों, रोडवेज बसों और ट्रैक्‍टर समेत सभी पर बैन रहेगा। मथुरा की साज-सजावट देखने देशभर से लोग पहुंच रहे हैं। 

 

राष्ट्रपति प्रधानमंत्री ने दी शुभकामनाएं 

देश की राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु समेत कई बड़ी हस्तियों ने इस पावन अवसर पर भगवान श्री कृष्ण को याद किया है और शुभकामनाएं दी। राष्ट्रपति ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, 'जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं! भगवान श्रीकृष्ण ने सम्पूर्ण मानवता को धर्म के अनुसार कर्तव्य मार्ग पर चलते हुए सभी प्राणियों के हित में लगे रहने का मार्ग दिखाया है। जन्माष्टमी के शुभ अवसर पर सभी यह संकल्प लें कि भगवान श्रीकृष्ण के दिखाये मार्ग का पालन करेंगे तथा समाज और राष्ट्र को मजबूत बनाएंगे।'

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देशवासियों को इस पावन पर्व की शुभकामनाएं दी। उन्होंने लिखा, 'सभी देशवासियों को जन्माष्टमी की असीम शुभकामनाएं। आस्था, आनंद और उमंग का यह पावन-पर्व आप सभी के जीवन में नई ऊर्जा और नए उत्साह का संचार करे। जय श्रीकृष्ण!'

 

यह भी पढ़ें: शिव, शंकर और शंभू , जानें इन तीनों नाम के रहस्य

महाराष्ट्र गुजरात में दिखेगी दही हांडी की धूम

महाराष्ट्र और गुजरात में कई जगहों पर दही हांडी उत्सव का भी आयोजन किया जाता है। इस साल भी कई जगहों पर इस उत्सव को मनाया जा रहा है। मुंबई के दादर में महिलाओं के एक ग्रुप ने दही-हांडी को फोड़ा।

 

दही-हांडी फोड़ने वाली एक लड़की ने कहा, 'हम करीब एक महीने से इसके लिए तैयारी कर रहे थे। आज यह हमारा पहला कार्यक्रम था। इसके बाद हम कई जगहों पर और जाएंगे। आज हम कम से कम 10 दही-हांडी फोड़ेंगे। '

 

मुंबई में भी दही हांडी एक भव्य उत्सव है, जिसमें बॉलीवुड सितारे और राजनेता भी हिस्सा लेते हैं। कई संगठन इसे बड़े स्तर पर आयोजित करते हैं। हालांकि, सुरक्षा को लेकर समय-समय पर चिंताएं भी उठती हैं, जिसके कारण आयोजकों को ऊंचाई और सुरक्षा नियमों का पालन करना पड़ता है। 

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap