महिला U19 टी20 वर्ल्ड कप के दूसरे संस्करण की शुरुआत आज (18) से हो रही है। भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में डिफेंडिंग चैंपियन के तौर पर उतरेगी। साउथ अफ्रीका में जनवरी 2023 में यह टूर्नामेंट पहली बार आयोजित हुआ था जिसमें टीम इंडिया चैंपियन बनी थी। शेफाली वर्मा की कप्तानी वाली टीम ने फाइनल मुकाबले में इंग्लैंड को 7 विकेट से हराकर इतिहास रचा था। ऐसे में भारतीय टीम की नजरें अपने टाइटल को डिफेंड करने पर होंगी।
भारत को मेजबान मलेशिया, श्रीलंका और वेस्टइंडीज के साथ ग्रुप-ए में रखा गया है। टीम इंडिया अपने अभियान की शुरुआत रविवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ करेगी। इसके बाद टीम 21 जनवरी को मलेशिया और फिर इसके दो दिन बाद अपने आखिरी ग्रुप मैच में श्रीलंका से टकराएगी। भारत को एक बार फिर प्रबल दावेदार माना जा रहा है। चलिए उन 5 खिलाड़ियों के बार जानते हैं, जिनके ऊपर टीम को चैंपियन बनाने की बड़ी जिम्मेदारी होगी।
निकी प्रसाद
भारतीय टीम की कमान निकी प्रसाद के हाथों में है। उन्होंने हाल ही में अपनी कप्तानी में भारत को अंडर-19 एशिया कप का खिताब जिताया है। कर्नाटक से आने वाली निकी प्रसाद बिग हिटर के रूप में जानी जाती हैं। उन्होंने साल 2021 में दीप्ति शर्मा की गेंदों पर गगनचुंबी छक्के जड़कर सुर्खियां बटोरी थीं। निकी प्रसाद भारत के स्क्वॉड की उन 5 खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिन पर WPL ऑक्शन में बोली लगी थी। वह धमाकेदार बल्लेबाजी के अलावा अपनी उपयोगी ऑफ स्पिन से भी कारगर साबित हो सकती हैं।
गोंगडी त्रिशा
सलामी बल्लेबाज गोंगडी त्रिशा जबरदस्त फॉर्म में हैं। दिसंबर 2024 में मलेशिया में ही आयोजित हुए अंडर-19 एशिया कप में वह टॉप स्कोरर रही थीं। उन्होंने 5 पारियों में 59 की औसत और 120.45 के स्ट्राइक रेट से 159 रन बनाए थे। त्रिशा ने फाइनल में बेहतरीन अर्धशतकीय पारी खेली थी, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया था। वह 2023 में अंडर-19 टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थीं।
आयुषी शुक्ला
मध्य प्रदेश की ऑलराउंडर आयुषी शुक्ला ने अंडर-19 एशिया कप में सबसे ज्यादा विकेट झटके थे। उनके लेफ्ट आर्म स्पिन का जादू सिर चढ़कर बोला था। आयुषी ने 5 मैचों में 10 विकेट अपनी झोली में डाले थे। 10 रन देकर 4 विकेट उनका बेस्ट प्रदर्शन रहा। वह बीसीसीआई द्वारा आयोजित सीनियर वनडे ट्रॉफी का फाइनल भी खेल चुकी हैं।
मिथिला विनोद
पावर हिटर मिथिला विनोद अपनी मीडियम पेस गेंदबाजी से भी कप्तान का काम आसान कर सकती हैं। उन्हें अंडर-19 एशिया कप में बल्ले से ज्यादा जौहर दिखाने का मौका नहीं मिला था। सिर्फ 2 ही पारियों में उनकी बल्लेबाजी आई, जिसमें उन्होंने 141.66 के स्ट्राइक रेट से 34 रन जुटाए थे। इसके अलावा उन्होंने 3 विकेट भी हासिल किए थे।
परूनिका सिसोदिया
मेरठ की परूनिका सिसोदिया ने अंडर-19 एशिया कप में तीसरी सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज रहीं। लेफ्ट आर्म स्पिनर परूनिका ने 5 मैचों में 9 विकेट चटकाए थे। वह WPL का भी हिस्सा रह चुकी हैं। टूर्नामेंट के उद्घाटन संस्करण (2023) के लिए हुई नीलामी में उन्हें गुजरात जायंट्स ने 10 लाख रुपए में खरीदा था।