दुनिया के महान फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो 40 साल की उम्र में भी कमाई के मामले में सबसे आगे हैं। रोनाल्डो अमेरिकी बिजनेस मैगजीन फोर्ब्स की 2024 में सबसे ज्यादा पैसा कमाने वाले फुटबॉलर्स की लिस्ट में टॉप पर थे। उनकी सलाना कमाई 218 मिलियन यूरो आंकी गई थी। सऊदी प्रो लीग (SPL) में अल नासर के लिए खेल रहे रोनाल्डो की गिनती दुनिया के सबसे सफल फुटबॉलर्स में होती है।
क्रिस्टियानो रोनाल्डो क्लब फुटबॉल में मैनचेस्टर यूनाइटेड और रियल मैड्रिड को ढेरो ट्रॉफियां दिलाने के अलावा अपनी नेशनल टीम पुर्तगाल को 2016 UEFA यूरोपियन चैंपियनशिप और 2019 UEFA नेशंस लीग का खिताब जिता चुके हैं। रोनाल्डो 5 बार बैलन डी'ओर अवॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं। यह फीफा की ओर से साल के सर्वश्रेष्ठ फुटबॉलर को दिए जाने वाला सबसे बड़ा सम्मान है। टीन के छत वाले घर में अपना बचपन बिताने वाले रोनाल्डो के इस मुकाम तक पहुंचने में एक शख्स का सबसे बड़ा रोल रहा है। बात हो रही है ऑरेलियो परेरा की जिन्होंने रोनाल्डो की खोज की थी।
यह भी पढ़ें: कभी नशे के लिए बदनाम गांव 'मिनी ब्राजील' क्यों कहा जाने लगा?
कौन हैं ऑरेलियो परेरा?
ऑरेलियो परेरा को पुर्तगाल के बेहतरीन फुटबॉल खिलाड़ियों की खोज के लिए जाना जाता है। उन्होंने पुर्तगाली क्लब टीम स्पोर्टिंग लिस्बन के लिए लंबे समय तक स्काउटिंग डायरेक्टर के रूप में काम किया। परेरा ने साल 1988 से पुर्तगाल के युवा प्रतिभाओं की खोजकर स्पोर्टिंग लिस्बन की टीम में शामिल कराया। परेरा ने पाउलो फ्यूट्रे, लुइस फिगो और क्रिस्टियानो रोनाल्डो जैसे टैलेंट की खोज की। इन तीनों ने खिलाड़ियों ने पुर्तगाल के लिए शानदार प्रदर्शन किया। वहीं फिगो और रोनाल्डो ने आगे चलकर बैलन डी'ओर भी जीता।
परेरा ने 12 साल की उम्र में रोनाल्डो के टैलेंट को परख लिया था। रोनाल्डो ने 2002 में स्पोर्टिंग लिस्बन के लिए खेलते हुए अपना प्रोफेशनल डेब्यू किया। इस टीम के लिए एक सीजन खेलने के बाद वह मैनचेस्टर यूनाइटेड से जुड़ गए।
यह भी पढ़ें: वो भारतीय कोच जिसके जमाने में भारत हुआ करता था फुटबॉल का धुरंधर
पुर्तगाल की ऐतिहासिक जीत में भी रही भूमिका
पुर्तगाल ने 2016 में रोनाल्डो की कप्तानी में UEFA यूरोपियन चैंपियनशिप जीता था। उस स्क्वॉड में शामिल 10 खिलाड़ी ऐसे थे, जिनकी खोज ऑरेलियो परेरा ने की थी। पुर्तगाल फुटबॉल के इस दिग्गज का निधन 8 अप्रैल 2025 को हो गया था। परेरा को श्रद्धांजलि देते हुए रोनाल्डो ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'जो उन्होंने मेरे और कई अन्य खिलाड़ियों के लिए किया किया, इसके लिए मैं उनका हमेशा आभारी रहूंगा।'