इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने भारत के खिलाफ मैनचेस्टर टेस्ट में धूम मचा दी है। स्टोक्स ने शनिवार को 164 गेंद में शतक जड़ दिया। टेस्ट क्रिकेट में उनका यह 14वां शतक रहा। स्टोक्स ने सेंचुरी के बाद तूफानी अंदाज में बैटिंग करते हुए अगली 34 गेंद में 38 रन ठोके। वह मुकाबले के चौथे दिन 198 गेंद में 11 चौके और 3 छक्कों की मदद से 141 रन की पारी खेलकर आउट हुए। स्टोक्स ने अपनी पारी के दौरान कई बड़ी उपलब्धियां हासिल की। यहां देखिए पूरी लिस्ट।
42 साल बाद किसी कप्तान ने किया यह कारनामा
बेन स्टोक्स ने भारत की पहली पारी में 5 विकेट चटकाए थे। अब सेंचुरी ठोक उन्होंने दिग्गजों की लिस्ट में एंट्री ले ली है। स्टोक्स एक ही टेस्ट में शतक और 5 विकेट हॉल लेने वाले दुनिया के पांचवें कप्तान बने हैं। आखिरी बार यह कारनामा 42 साल पहले पाकिस्तान के इमरान खान किया था। खास बात है कि इमरान ने भारत के खिलाफ ही यह उपलब्धि हासिल की थी।
यह भी पढ़ें: एशिया कप 2025 पर आया बड़ा अपडेट, जल्द जारी होगा शेड्यूल
एक ही टेस्ट में शतक और 5 विकेट हॉल लेने वाले कप्तान
- डेनिस एटकिंसन (वेस्टइंडीज) बनाम ऑस्ट्रेलिया, ब्रिजटाउन, 1955
- गैरी सोबर्स (वेस्टइंडीज) बनाम इंग्लैंड, लीड्स, 1966
- मुश्ताक मोहम्मद (पाकिस्तान) बनाम वेस्टइंडीज, पोर्ट ऑफ स्पेन, 1977
- इमरान खान (पाकिस्तान) बनाम भारत, फैसलाबाद, 1983
- बेन स्टोक्स (इंग्लैंड) बनाम भारत, मैनचेस्टर, 2025
स्टोक्स एक ही टेस्ट में शतक और 5 विकेट हॉल लेने का कारनामा करने वाले इंग्लैंड के चौथे खिलाड़ी हैं। उनसे पहले यह डबल इयान बॉथम (पांच बार), टोनी ग्रेग और गस एटकिंसन ने हासिल किया था।
यह भी पढ़ें: अंग्रेजों ने अंशुल कम्बोज का किया बुरा हाल, याद आए पंकज सिंह
स्टोक्स ने पूरे किए 7000 टेस्ट रन
स्टोक्स ने अपनी 141 रन की पारी के दौरान टेस्ट क्रिकेट में 7000 रन भी पूरे किए। उन्होंने इस फॉर्मट में अब तक 229 विकेट चटकाए हैं। स्टोक्स टेस्ट में 7000 रन और 200 विकेट का डबल पूरा करने वाले दुनिया के तीसरे ऑलराउंडर हैं। उन्होंने गैरी सोबर्स और जैक कैलिस दिग्गजों के क्लब में जगह बनाई है।
टेस्ट में 7000 रन और 200 विकेट
- गैरी सोबर्स (वेस्टइंडीज) - 8032 रन और 235 विकेट
- जैक्स कैलिस (साउथ अफ्रीका) - 13289 रन और 292 विकेट
- बेन स्टोक्स (इंग्लैंड) 7032* रन और 229* विकेट