18 साल के डी गुकेश भारत के नंबर-1 चेस प्लेयर बन गए हैं। इंटरनेशनल चेस फेडरेशन (FIDE) की ताजा रैंकिंग में गुकेश चौथे पायदान पर पहुंच गए हैं। गुकेश ने रैंकिंग में हमवतन अर्जुन एरिगैसी को पीछे छोड़ा।
गुकेश के 2784 रेटिंग पॉइंट हो गए हैं। वहीं लंबे समय तक फिडे रैंकिंग में भारत के नंबर-1 प्लयेर रहे अर्जुन पांचवें स्थान पर खिसक गए हैं। अर्जुन के पास 2779.5 रेटिंग पॉइंट हैं। नॉर्वे के दिग्गज खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन 2832.5 पॉइंट के साथ नंबर-1 पर काबिज हैं। उनके बाद अमेरिका के हिकारू नाकामुरा (2802) और फैबियानो कैरुआना (2798) क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं।
जबरदस्त फॉर्म में हैं गुकेश
डी गुकेश हाल ही में दुनिया के सबसे युवा चेस चैंपियन बने हैं। उन्होंने सिंगापुर में आयोजित वर्ल्ड चेस चैंपियनशिप के फाइनल में चीन के डिंग लिरेन को मात दी थी। 11 दिसंबर 2024 को गुकेश ने इस चैंपियनशिप के 14वें और आखिरी राउंड में डिफेंडिंग चैंपियन लिरेन को हराकर खिताब अपने नाम किया था। इसी के साथ वह विश्वनाथन आनंद के बाद वर्ल्ड चैंपियन बनने वाले दूसरे भारतीय बने। इस शानदार उपलब्धि के लिए गुकेश को मेजर ध्यानचंद खेल रत्न अवॉर्ड मिला। उन्हें 17 जनवरी को राष्ट्रीय खेल पुरस्कार समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने खेल रत्न से सम्मानित किया।
ये भी पढ़ें: फिर मुश्किल में मैग्नस कार्लसन, FIDE ने दी कानूनी कार्रवाई की धमकी
गुकेश ने वर्ल्ड रैपिड एवं ब्लिट्ज चैंपियनशिप में भाग नहीं लिया था। ब्रेक बाद वापसी करते हुए गुकेश ने वही पुरानी फॉर्म दिखाई है। उन्होंने नीदरलैंड्स में चल रहे टाटा स्टील टूर्नामेंट में एक भी गेम नहीं गंवाया है। गुकेश ने इस टूर्नामेंट में दो गेम जीते हैं जबकि आठ बाजियां ड्रॉ रही हैं। टाटा स्टील टूर्नामेंट में आठ राउंड का खेल बाकी है। अगर गुकेश आगे भी इसी फॉर्म को बरकरार रखते हैं तो फिडे रैंकिंग में नंबर पर मौजूद कार्लसन के करीब पहुंच सकते हैं।