इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के 64वें मैच में 22 मई को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) का सामना गुजरात टाइटंस (GT) से हुआ। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में GT के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर LSG को पहले बैटिंग करने के लिए आमंत्रित किया। मिचेल मार्श और एडन मारक्रम की सलामी जोड़ी ने गिल के फैसले को गलत साबित करते हुए पावरप्ले में 53 रन बटोरे। उन्होंने 9.5 ओवर में 91 रन की ओपनिंग पार्टरनशिप की।
मारक्रम ने 24 गेंद में 150 के स्ट्राइक रेट से 36 रन ठोके। वह लेफ्ट आर्म स्पिनर साई किशोर का शिकार बने लेकिन मार्श का कहर जारी रहा। मार्श ने ताबड़तोड़ बैटिंग करते हुए महज 56 गेंद में शतक जड़ा। इसी के साथ आईपीएल में एक अनोखा रिकॉर्ड बन गया। दरअसल, मिचेल मार्श के बड़े भाई शॉन मार्श भी आईपीएल में सेंचुरी लगा चुके हैं। दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लगी में शतक जड़ने वाली यह भाइयों की पहली जोड़ी बनी।
यह भी पढ़ें: LSG से निकाले जाने की खबर फैलाने वाले को ऋषभ पंत ने दिया करारा जवाब
IPL में पहली बार हुआ ऐसा
मिचेल मार्श 64 गेंद में 182.81 के स्ट्राइक रेट से 117 रन की पारी खेलकर आउट हुए, जिसमें 10 चौके और 8 छक्के शामिल रहे। उन्होंने अपनी शतकीय पारी के दौरान मौजूदा सीजन में 500 रन भी पूरे किए। मार्श आईपीएल 2025 में यह आंकड़ा छूने वाले 9वें बल्लेबाज बने। टूर्नामेंट के इतिहास में पहली बार इतने बल्लेबाज 500 रन तक पहुंचे। इससे पहले 2018 और 2023 सीजन में 8-8 बल्लेबाजों ने 500 रन का आंकड़ा छुआ था।
यह भी पढ़ें: नीरज चोपड़ा और जूलियन वेबर फिर आमने-सामने, इस बार कौन मारेगा बाजी?
LSG ने GT को दिया बड़ा टारगेट
मिचेल मार्श के शतक की मदद से लखनऊ सुपर जायंट्स ने गुजरात टाइटंस के सामने 236 रन का टारगेट रखा। मार्श के अलावा निकोलस पूरन ने भी आतिशी बल्लेबाजी की। नंबर 3 पर उतरे पूरन ने 27 गेंद में नाबाद 56 रन ठोके। इस दौरान उनके बल्ले से 4 चौके और 5 छक्के निकले। अब तक संघर्ष कर रहे LSG के कप्तान ऋषभ पंत ने 6 गेंद में 2 छक्के उड़ाते हुए 16 रन बनाए। प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी LSG इस मुकाबले में सम्मान के लिए खेल रही थी। आईपीएल 2025 में उसका आखिरी मैच 27 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से है।