IPL 2025 राशिद खान के लिए काफी खराब गुजरा। राशिद 15 मैचों में सिर्फ 9 विकेट ही ले सके। सबसे चौंकाने वाली उनकी इकॉनमी रही। राशिद ने 9.34 की इकॉनमी से रन लुटाए। अपनी किफायती गेंदबाजी के लिए मशहूर राशिद का IPL में इतना बुरा हाल कभी नहीं हुआ था। राशिद को खासकर दाएं हाथ के बल्लेबाजों ने आड़े हाथों लिया और उनके खिलाफ आसानी से रन बटोरे। दाएं हाथ के बल्लेबाजों ने राशिद की लगभग हर दसवीं पर छक्का लगाया।
पिछले दो IPL में फ्लॉप हुए राशिद
राशिद खान IPL 2024 में भी फ्लॉप रहे थे। उन्होंने 12 मैच खेले और 10 विकेट लिए। इस दौरान उनकी इकॉनमी 8.40 की रही। निराशाजनक प्रदर्शन के बावजूद गुजरात टाइटंस (GT) ने उन्हें IPL 2025 के लिए 18 करोड़ रुपए में रिटेन किया। GT ने अपने कप्तान शुभमन गिल (16.5 करोड़) से भी ज्यादा की कीमत में राशिद को अपने साथ बरकरार रखा। मगर राशिद GT की उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके। उन्होंने कुल 33 छक्के खाए। एक IPL सीजन में किसी गेंदबाजी को कभी भी इतने छक्के नहीं पड़े थे। राशिद के नाम अनचाहा रिकॉर्ड जुड़ा। उन्हें अनकैप्ड बल्लेबाजों ने भी जमकर धोया।
राशिद की स्पीड पहले जैसे नहीं रह गई थी। उनकी बॉलिंग में जिप और सटीकता की कमी दिखी, जिसके चलते उन्हें संघर्ष करना पड़ा। राशिद ने इस बुरे दौर से गुजरने के बाद धमाकेदार वापसी की है। उन्होंने इंग्लैंड की लीग 'द हंड्रेड' में ओवल इनविंसिबल के लिए खेलते हुए दो मैचों में ही 6 विकेट झटक लिए हैं और सबसे खास बात उनकी इकॉनमी 5 से भी कम है। राशिद पहले की तरह धारदार नजर आए हैं।
यह भी पढ़ें: जिम्बाब्वे के दिग्गज के हीरो से विलेन बनने की कहानी
पीठ की सर्जरी के बाद की जल्दबाजी
वनडे वर्ल्ड कप 2023 के बाद राशिद खान की पीठ के निचले हिस्से में सर्जरी हुई थी। राशिद को मेडिकल एक्सपर्ट्स ने सलाह दी थी कि सर्जरी से उबरने के बाद उन्हें लंबे फॉर्मेट (टेस्ट और वनडे) में खेलने से परहेज करना चाहिए। साथ ही उनसे कहा गया था कि रिहैब पर ध्यान देना होगा लेकिन राशिद ने जल्दबाजी में खेलना शुरू कर दिया। उन्होंने भले ही टी20 क्रिकेट से मैदान पर वापसी की लेकिन सर्जरी के तुरंत बाद खेलने से उनकी गेंदबाजी पर असर पड़ा।
राशिद ने इस साल की जनवरी में जिम्बाब्वे के खिलाफ टेस्ट मैच में हिस्सा लिया था, जिसमें उन्होंने 11 विकेट झटके। राशिद प्लेयर ऑफ द मैच रहे। हालांकि इस मुकाबले में 65 ओवर डालने से उनकी पीठ का दर्द उभर गया था। राशिद मानते हैं कि उन्हें अभी टेस्ट मैच में नहीं उतरना चाहिए था। उस टेस्ट मैच के बाद राशिद चैंपियंस ट्रॉफी और IPL 2025 में बुरी तरह से फ्लॉप रहे।
यह भी पढ़ें: मैच के दौरान इस खिलाड़ी को लगी गंभीर चोट, बुलानी पड़ी एंबुलेंस
फॉर्म में कैसे लौटे राशिद?
IPL 2025 के बाद राशिद दो महीने तक क्रिकेट से दूर रहे। उन्होंने इस ब्रेक में आराम किया और फिटनेस पर ध्यान दिया। उन्होंने ब्रेक के दौरान अपनी बॉलिंग ताकत भी पर काम किया। पीठ की सर्जरी के बाद से वह तेज गेंदबाज नहीं डाल पा रहे थे लेकिन अब वह 94-98 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद डाल रहे हैं। उनकी गेंदबाजी में जिप भी लौट आई है। राशिद ने ईसपीएनक्रिकइंफो से कहा कि IPL के बाद मुझे ऐसे ब्रेक की जरूरत थी, जहां मैं आराम कर सकूं। ब्रेक के बाद राशिद रिफ्रेश नजर आ रहे हैं और उनके हाथ से गेंद अच्छे से छूट रही है।
राशिद कहते हैं कि पहले मैं ज्यादा जोर लगा रहा था, जिसका नुकसान हुआ। राशिद मानते हैं कि फिटनेस पर ध्यान देने से वह मेंटली भी रिकवर हुए हैं, जिसका उनकी वापसी में बड़ा रोल है। उन्होंने बताया कि वह IPL 2025 में सभी 24 गेंदें खराब नहीं डाल रहे थे। 8-9 गेंदें खराब गिर रही थीं। इन 8-9 गेंदों पर बल्लेबाजों ने छक्के जड़े और रन बटोरे। राशिद का कहना है कि खराब गेंदों की संख्या को जितना कम हो सके उतना कम करने का उनका प्लान है।