मलेशिया में महिला अंडर-19 टी20 वर्ल्ड कप का दूसरा संस्करण खेला जा रहा है। सोमवार (20 जनवरी) को टूर्नामेंट के 11वें मैच में नाइजीरिया और न्यूजीलैंड की टक्कर हुई। इस मुकाबले में नाइजीरिया की टीम ने न्यूजीलैंड को हराकर क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया है।
नाइजीरिया और न्यूजीलैंड के बीच बारिश के चलते 13-13 ओवर का मैच हुआ। कुचिंग के बोर्नियो क्रिकेट ग्राउंड में पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर अफ्रीकी टीम ने 6 विकेट खोकर 65 रन बनाए। इसके जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 63 रन ही बना सकी और 2 रन से मुकाबला हार गई।
आखिरी में चाहिए थे 9 रन
टारगेट का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड ने पहली ही गेंद पर ओपनर केट इरविन का विकेट गंवा दिया। वह रन आउट हो गईं। वहीं दूसरी ओपनर एम्मा मैकलियोड तीसरे ओवर में पवेलियन लौटीं। न्यूजीलैंड के विकेट गिरने का सिलसिला जारी रहा और 11 ओवर की समाप्ति तक टीम का स्कोर 49/5 रहा। उन्हें जीत के लिए अब 12 गेंद में 17 रन की जरूरत थी। कप्तान ताश वैकलिन ने 12वें ओवर की आखिरी गेंद पर चौका जड़कर मुकाबले को रोमांचक बना दिया। न्यूजीलैंड को अब आखिरी ओवर में 9 रन चाहिए थे लेकिन टीम 6 रन ही जोड़ पाई।
टूर्नामेंट से बाहर होने के कगार पर न्यूजीलैंड
नाइजीरिया और न्यूजीलैंड का टूर्नामेंट में यह दूसरा मुकाबला था। नाइजीरिया का पहला मैच बारिश में धुल गया था जबकि न्यूजीलैंड को अपने पहले मैच में साउथ अफ्रीका के हाथों हार मिली थी। ऐसे में न्यूजीलैंड के लिए यह बेहद अहम मुकाबला था। लेकिन टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए 5 के जरूरी रन रेट को भी नहीं बनाई पाई और टूर्नामेंट से बाहर होने की कगार पर पहुंच गई। ग्रुप सी में न्यूजीलैंड की टीम चौथे स्थान पर है। ग्रुप स्टेज में उनका एक ही मुकाबला बचा है। बता दें कि अगले राउंड में हर ग्रुप से टॉप-2 टीमें ही पहुंचेंगी।
नाइजीरिया ग्रुप सी में 3 अंकों के साथ टॉप पर है। वहीं साउथ अफ्रीका दूसरे नंबर पर है। नाइजीरिया को अगला मैच साउथ अफ्रीका से है। अगर नाइजीरिया की टीम यह मुकाबला हार भी जाती है तब भी उसके पास अगले राउंड में जाने का मौका रहेगा। क्योंकि सामोआ के खिलाफ जीतकर भी न्यूजीलैंड के 2 ही अंक रहेंगे।