21 साल के ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी ने शतक ठोक दिया है। मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) में खेले जा रहे बॉक्सिंग डे टेस्ट के तीसरे दिन (28 दिसंबर) नीतीश ने 171 गेंद में अपनी सेंचुरी की। नीतीश ने चौके के साथ अपने टेस्ट करियर का पहला टेस्ट शतक जड़ा। इसके साथ ही वह सचिन तेंदुलकर जैसे दिग्गज के क्लब में शामिल हो गए हैं। नीतीश मास्टर ब्लास्टर और ऋषभ पंत के बाद ऑस्ट्रेलिया में शतक जड़ने वाले तीसरे सबसे युवा भारतीय बल्लेबाज बने हैं।
ऑस्ट्रेलिया में सबसे कम उम्र में शतक जड़ने वाले भारतीय बल्लेबाज
- सचिन तेंदुलकर, 18 साल 256 दिन, सिडनी (1992)
- ऋषभ पंत, 21 साल 9 दिन, सिडनी (2019)
- नीतीश कुमार रेड्डी, 21 साल 216 दिन, मेलबर्न (2024)
खास अंदाज में किया सेलिब्रेट
नीतीश जब 97 रन पर थे उस समय उनके साथ क्रीज पर जसप्रीत बुमराह थे। भारत 8 विकेट गंवा चुका था। नीतीश ने 133वें ओवर की आखिरी गेंद पर बड़ा शॉट लगाकर शतक पूरा करना चाहा, लेकिन संपर्क अच्छा नहीं हुआ और गेंद कवर्स के पीछे हवा में टंग गई। गेंद जब तक मैदान पर नहीं गिरी, तब भारतीय फैंस की भी सांसें अटकी हुई थीं। नीतीश और बुमराह इस बीच 2 रन भाग गए। अगले ओवर में स्ट्राइक बुमराह के पास आया और वह तीसरी गेंद पर विकेट के पीछे कैच दे बैठे। अब क्रीज पर मोहम्मद सिराज आए। नीतीश शतक से महज एक रन दूर थे। ऐसे में सिराज के ऊपर बड़ी जिम्मेदारी थी कि वह नीतीश को स्ट्राइक पर लाएं या आखिरी तीन गेंदों को निकाल दें। सिराज ने कुछ ऐसा ही किया और पैट कमिंस की तीन गेंदों को अच्छे से संभाला।
नीतीश कुमार रेड्डी को स्ट्राइक मिल चुकी थी। उन्होंने स्कॉट बोलैंड की गेंद पर मिड ऑन के ऊपर से चौका जड़कर यादगार शतक पूरा किया। नीतीश ने सेंचुरी के बाद खांस अंदाज में सेलिब्रेट किया। पहले बल्ले को जमीन पर गाड़ा और हेलमेट के ऊपर रख आसमान को नमन किया। MCG के स्टैंड में उनका परिवार भी मौजूद था। नीतीश के पिता अपने बेटे के इस कारनामे पर भावुक भी नजर आए।
भारत को फॉलोऑन से बचाया
ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी के जवाब में टीम इंडिया ने दूसरे दिन स्टंप्स तक 164 रन पर 6 विकेट गंवा दिए थे। नाबाद लौटे ऋषभ पंत और रवींद्र जडेजा आज बड़ी पारियां नहीं खेल सके। भारतीय टीम का स्कोर 221/7 हो गया था और उस पर फॉलोऑन का खतरा मंडरा रहा था। यहां से नीतीश कुमार रेड्डी ने वॉशिंगटन सुंदर (50) के साथ मिलकर आठवें विकेट के लिए 127 रन की बेहद अहम साझेदारी कर भारत को फॉलोऑन से बचा लिया।
नीतीश के शतक पूरा करने के कुछ ही देर बाद बारिश आ गई। कुछ देर के लिए खेल को रोका गया और फिर बाद में स्टंप्स की घोषणा हो गई। नीतीश 105 और मोहम्मद सिराज 2 रन पर नाबाद लौटे। भारत का स्कोर 359/9 है। ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी के स्कोर से भारतीय टीम 116 रन से पीछे है।