logo

ट्रेंडिंग:

तिलक वर्मा ने इंग्लैंड से छीना मैच, टीम इंडिया को दिलाई रोमांचक जीत

टीम इंडिया ने दूसरे टी20 मुकाबले में इंग्लैंड को हरा दिया है। युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा ने नाबाद 72 रन की पारी खेली। उनकी धांसू बल्लेबाजी ने भारत को रोमांचक जीत दिलाई।

Tilak Varma

तिलक वर्मा। (Photo Credit: BCCI/X)

चेन्नई में 166 रन के टारगेट का पीछा करते हुए भारत की आधी टीम 78 रन पर सिमट गई थी। संजू सैमसन, कप्तान सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पंड्या जैसे धुरंधर पवेलियन लौट चुके थे। अब पूरे भारत की उम्मीदें तिलक वर्मा के युवा कंधों पर टिकी थी। 22 साल के तिलक ने भी फैंस को निराश नहीं किया और अपनी सुझबूझ भरी बल्लेबाजी से टीम इंडिया को जीत की दहलीज तक पहुंचा दिया। उन्होंने 55 गेंद में 4 चौके और 5 छक्कों की मदद से नाबाद 72 रन की धांसू पारी खेली, जिसकी बदौलत भारत ने दूसरे टी20 मैच में इंग्लैंड को 2 विकेट से हरा दिया।

 

तिलक को मिला वॉशिंगटन सुंदर का साथ

 

भारत ने रन चेज के दौरान पावरप्ले में 3 विकेट गंवा दिए थे। सैमसन (5), अभिषेक शर्मा (12) और सूर्या (12) कुछ खास नहीं कर सके। इसके बाद ध्रुव जुरेल (4) और पंड्या (7) भी चलते बने। भारत को 65 गेंद में 88 रन की दरकार थी और हाथ में सिर्फ 5 विकेट बचे थे। यहां से तिलक वर्मा को लोकल ब्वॉय वॉशिंगटन सुंदर का साथ मिला। दोनों बाएं हाथ के बल्लेबाजों ने साझेदारी बुनने के अलावा आवश्यक रन रेट का भी ख्याल रखा। सुंदर ने 13वें ओवर की आखिरी तीन गेंदों पर 14 रन बटोरे। उन्होंने मार्क वुड की चौथी गेंद पर छक्का जड़ने के बाद लगातार दो चौके लगाकर दबाव कम किया।

 

हालांकि अगले ही ओवर में ब्राइडन कार्स ने सुंदर को क्लीन बोल्ड कर दिया। सुंदर ने 19 गेंद में महत्वपूर्ण 26 रन बनाए। भारत अभी जीत से 50 रन दूर था। सुंदर के जाने के बाद क्रीज पर उतरे उपकप्तान अक्षर पटेल 15वें ओवर में बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में आउट हुए। मुकाबला भारत के हाथ से निकलता दिख रहा था लेकिन तिलक वर्मा अंत तक डटे रहे और 2 गेंद शेष रहते टीम को 2 विकेट से जीत दिला दी। इसी के साथ भारतीय टीम ने 5 मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है।

 

 

फिर फ्लॉप हुए इंग्लैंड के बल्लेबाज

 

भारत ने टॉस जीतकर इंग्लैंड को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। कोलकाता में खेले गए पहले मैच में 133 रन पर ढेर होने वाली इंग्लैंड की टीम के बल्लेबाजों का फ्लॉप शो चेन्नई में भी जारी रहा। दोनों सलामी बल्लेबाज फिल साल्ट (4) और बेन डकेट (3) सस्ते में निपटे। हैरी ब्रूक (13) भी कुछ खास नहीं कर सके। कप्तांन जोस बटलर ने 30 गेंद में 45 रन बनाए, जिसमें 2 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। बटलर के अलावा इंग्लैंड के टॉप ऑर्डर का कोई बल्लेबाज नहीं चल सका। टीम के 6 विकेट 104 रन पर गिर चुके थे।

 

यह भी पढ़ें: जम्मू-कश्मीर ने रचा इतिहास, मुंबई को दूसरी बार घर में घुसकर हराया

 

लोअर ऑर्डर में ब्राइडन कार्स ने 17 गेंद में 1 चौके और 3 छक्के की मदद से 31 रन की पारी खेली जिससे इंग्लैंड सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच सका। हालांकि ये भी नाकाफी साबित हुआ। भारत की ओर से अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने 2-2 विकेट चटकाए। अर्शदीप सिंह, हार्दिक पंड्या, वॉशिंगटन सुंदर और अभिषेक शर्मा को एक-एक सफलता मिली।

 

भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरा टी20 मंगलवार (28 जनवरी) को राजकोट में खेला जाएगा।

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap