logo

ट्रेंडिंग:

अभिषेक शर्मा से हार गए अंग्रेज, भारत ने 4-1 से जीती सीरीज

भारत ने पांचवें टी20 मैच में इंग्लैंड को 150 रन से रौंदकर सीरीज 4-1 से अपने नाम कर ली। अभिषेक शर्मा ने 135 रन की ऐतिहासिक पारी खेलने के बाद 2 विकेट भी झटके।

Abhishek Sharma Wicket

अभिषेक शर्मा। (Photo Credit: BCCI/X)

टीम इंडिया ने रविवार (2 फरवरी) को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए पांचवें टी20 मैच में इंग्लैंड को 150 रन से धूल चटा दी। इसके साथ ही भारतीय टीम ने सीरीज 4-1 से अपने नाम कर ली। पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर भारत ने 9 विकेट के नुकसान पर 247 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था। स्टार ओपनर अभिषेक शर्मा ने 135 रन की ऐतिहासिक पारी खेली। टारगेट का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम अभिषेक के स्कोर के बराबर भी नहीं पहुंच सकी और महज 97 रन सिमट गई।

 

अभिषेक शर्मा ने गेंद से भी मचाया धमाल

 

बड़े स्कोर के दबाव में फिल साल्ट (55) को छोड़कर इंग्लैंड का कोई दूसरा बल्लेबाज नहीं चल सका। साल्ट के अलावा जैकब बेथेल (10) ही दोहरे अंक में पहुंच सके। भारत की ओर से मोहम्मद शमी ने 3 विकेट झटके। वरुण चक्रवर्ती और शिवम दुबे को दो-दो सफलता मिली। शतकीय प्रहार करने वाले अभिषेक शर्मा ने एक ही ओवर में 2 विकेट चटकाए। रवि बिश्नोई के खाते में एक विकेट रहा। गेंदबाजों के बाद बल्लेबाजों के शर्मनाक प्रदर्शन से इंग्लैंड को उसके टी20I इतिहास की सबसे बड़ी हार मिली। वहीं भारतीय टीम ने इस फॉर्मेट में अपनी दूसरी सबसे बड़ी जीत दर्ज की।

 

 

टी20I में सबसे बड़ी हार झेलने वाली फुल मेंबर टीम

  1. न्यूजीलैंड -168 रन बनाम भारत, अहमदाबाद (2023)
  2. इंग्लैंड - 150 रन बनाम भारत, वानखेड़े (2025)
  3. वेस्टइंडीज - 143 रन बनाम पाकिस्तान, कराची (2018)
  4. आयरलैंड - 143 रन बनाम भारत, डबलिन (2018)
  5. वेस्टइंडीज - 137 रन बनाम इंग्लैंड, बैसेटेरे (2019)
  6. साउथ अफ्रीका - 135 रन बनाम भारत, जोहान्सबर्ग (2024)

अभिषेक शर्मा ने लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी

 

पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर उतरी भारतीय टीम की शुरुआत धमाकेदार रही। संजू सैमसन ने मैच की पहली ही गेंद पर छक्का जड़ा। उन्होंने जोफ्रा आर्चर के इस ओवर में 16 रन बटोरे। हालांकि सैमसन दूसरे ही ओवर में आउट हो गए। इसके बाद अभिषेक ने रन बनाने का जिम्मा उठाया और पावरप्ले के अंदर 17 गेंद में अर्धशतक ठोक दिया। युवराज सिंह (12 गेंद) के बाद अभिषेक टीम इंडिया के लिए सबसे तेज फिफ्टी लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बने। अभिषेक के साथ तिलक वर्मा ने भी अच्छे हाथ दिखाए और भारत ने पारवप्ले का अपना सबसे बड़ा स्कोर (95/1) बनाया।

 

फील्ड खुलने के बाद भी अभिषेक ने आसानी से बाउंड्री बटोरे और 37 गेंद में अपनी सेंचुरी पूरी की। इसके साथ ही वह टी20 इंटरनेशनल में सबसे तेज शतक लगाने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज बने। 18वें ओवर में आउट होने से पहले इस बाएं हाथ के विस्फोटक बल्लेबाज ने 54 गेंद में 250 के स्ट्राइक रेट से 135 रन की आतिशी पारी खेली और टी20I में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर का भारतीय रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उन्होंने शुभमन गिल (126) को पीछे छोड़ा। 

 

 

अभिषेक ने अपनी पारी में 7 चौके और 13 छक्के लगाए। वह एक टी20I पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बने। इससे पहले रोहित शर्मा, संजू सैमसन और तिलक वर्मा ने 10-10 छक्के जड़े थे। अभिषेक के इस धमाल से भारत ने इस फॉर्मेट में अपना चौथा सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में इंग्लैंड ने घुटने टेक दिए।

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap