logo

ट्रेंडिंग:

टीम इंडिया ने दुबई में रचा इतिहास, तीसरी बार जीती चैंपियंस ट्रॉफी

भारतीय टीम ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का खिताब जीत लिया है। रोहित शर्मा की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने फाइनल में न्यूजीलैंड को 4 विकेट से शिकस्त दी।

Champions Trophy India

ट्रॉफी के साथ टीम इंडिया। (Photo Credit: BCCI/X)

रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का खिताब जीत लिया है। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हरा दिया। कीवी टीम ने 252 रन का टारगेट रखा था, जिसे भारत ने एक ओवर शेष रहते हासिल कर लिया। इसी के साथ टीम इंडिया चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में सबसे सफल टीम बन गई है। भारत ने तीसरी बार चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब अपने नाम किया है। टीम इंडिया 2002 में संयुक्त रूप से विजेता रही थी। इसके बाद 2013 में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में खिताब उठाया था।
 
फाइनल में चला रोहित शर्मा का बल्ला

 

लक्ष्य का पीछा करते हुए रोहित शर्मा ने भारतीय टीम को आतिशी शुरुआत दिलाई। शुभमन गिल के साथ मिलकर भारतीय कप्तान ने 105 रन की ओपनिंग साझेदारी की। इस दौरान रोहित ने 41 गेंद में अपनी फिफ्टी पूरी की। किसी आईसीसी टूर्नामेंट के फाइनल में रोहित का यह पहला अर्धशतक रहा। रोहित ने शुरू से ही न्यूजीलैंड के गेंदबाजों को सेटल नहीं होने दिया। उन्होंने जब चाहा तब बाउंड्री लगाई। 

 

शुभमन गिल ने भी अपने कप्तान का बखूबी साथ दिया। वह 50 गेंद में 31 रन बनाकर आउट हुए। मिचेल सैंटनर की गेंद पर ग्लेन फिलिप्स ने उनका अद्भुत कैच लपका। इसके बाद विराट कोहली भी जल्दी आउट हो गए। हमेशा बड़े मुकाबलों में चलने वाले कोहली 1 रन ही बना सके। दो विकेट गिरने के बाद लगातार बढ़ रहे दबाव के बीच रोहित ने बड़ा शॉट खेलने का प्रयास किया लेकिन वह गेंद से दूर रह गए और स्टंप आउट हुए। रोहित ने 83 गेंद में 76 रन की नायाब पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। 

 

यह भी पढ़ें: रोहित-विराट ने तोड़ा युवराज सिंह का विश्व रिकॉर्ड, पोंटिंग भी पिछड़े

 

 

अय्यर-अक्षर ने संभाला

 

122 रन पर 3 विकेट गिरने के बाद श्रेयस अय्यर और अक्षर पटेल ने 61 रन की साझेदारी कर भारतीय पारी को संभाला। श्रेयस अय्यर ने 62 गेंद में 48 रन की पारी खेली। वह सिर्फ 2 रन से अपना पचासा चूक गए। अय्यर ने अपनी पारी में दो चौके और दो छक्के लगाए। उनके आउट होने के बाद अक्षर पटेल और केएल राहुल ने मोर्चा संभाला। दोनों स्कोर को 200 के पार लेकर गए। अक्षर 29 रन बनाकर माइकल ब्रेसवेल की गेंद पर आउट हुए।

 

जडेजा ने चौके से फिनिश किया मैच

 

अक्षर के जाने के बाद केएल राहुल को हार्दिक पंड्या का साथ मिला। हार्दिक जब क्रीज पर आए उस सयम टीम को 51 गेंद में 49 रन की जरूरत थी। उन्होंने केएल राहुल के साथ मिलकर कभी भी जरूरी रन रेट को ऊपर नहीं जाने दिया। दोनों बल्लेबाजों ने 36 गेंद में 38 रन जोड़े। टीम इंडिया जब जीत से 11 रन दूर थी तब हार्दिक (18) काइल जेमिएसन का शिकार बने। यहां से राहुल और रवींद्र जडेजा ने टीम को और कोई नुकसान नहीं होने दिया और 6 गेंद पहले ही जीत दिला दी। रवींद्र जडेजा ने 49वें ओवर की आखिरी गेंद पर चौके जड़कर पूरी दुनिया में मौजूद भारतीय फैंस में खुशी की लहर दौड़ा दी। केएल राहुल 33 गेंद में 34 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी पारी में एक चौके और एक छक्का लगाया। न्यूजीलैंड के लिए कप्तान मिचेल सैंटनर ने दो विकेट झटके।

 

यह भी पढ़ें: रोहित शर्मा ने खत्म किया 18 साल का सूखा

 

ब्रेसवेल ने न्यूजीलैंड को 250 के पार पहुंचाया

 

टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए ने न्यूजीलैंड ने अच्छी शुरुआत की। रचिन रवींद्र और विल यंग की ओपनिंग जोड़ी ने 7 ओवर में 51 रन जड़ दिए। 8वें ओवर में मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने विल यंग को LBW आउट कर टीम इंडिया को पहली सफलता दिलाई। पावरप्ले खत्म होने के बाद कुलदीप यादव ने पहली ही गेंद पर रचिन रवींद्र का बड़ा विकेट झटका। कुलदीप ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। रचिन 29 गेंद में 37 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें दो जीवनदान भी मिले लेकिन वह इसका फायदा नहीं उठा सके। कुलदीप ने अगले ओवर में केन विलियमसन (11) को पवेलियन भेज न्यूजीलैंड की पारी ट्रैक से उतार दी। 

 

टॉम लेथम ने 30 गेंद में 14 रन की धीमी पारी खेली। डैरिल मिचेल एक छोर पर डटे हुए थे। हालांकि वह भी रन बनाने के लिए जूझते नजर आए। उन्होंने 91 गेंद में अर्शशतक पूरा किया। मिचेल तेजी से रन जुटाने के प्रयास में 46वें ओवर में पवेलियन लौटे। मिचेल ने 101 गेंद में 63 रन बनाए। इस समय न्यूजीलैंड का स्कोर 6 विकेट के नुकसान पर 211 रन था। माइकल ब्रेसवेल ने आखिरी ओवरों में आतिशी बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड को 250 के पार पहुंचाया। ब्रेसवेल ने 40 गेंद में 4 चौके और 2 छक्के की मदद से नाबाद 53 रन की पारी खेली। हालांकि उनका यह प्रयास बेकार चला गया। टीम इंडिया की ओर से कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती ने दो-दो विकेट झटके। मोहम्मद शमी और रवींद्र जडेजा के खाते में एक-एक विकेट रहे।

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap