logo

ट्रेंडिंग:

200 प्लस रन बनाकर पहली बार हारी DC, जोस बटलर ने GT को टॉप पर पहुंचाया

आईपीएल 2025 के 35वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने दिल्ली कैपिटल्स को 7 विकेट से हरा दिया। जोस बटलर ने नाबाद 97 रन की पारी खेली, जिसकी मदद से GT ने 204 रन के टारगेट को 4 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया।

Jos Buttler

दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अर्धशतक लगाने के बाद दर्शकों का अभिवादन करते जोस बटलर। (Photo Credit: IPL/X)

शुभमन गिल की कप्तानी में गुजरात टाइटंस (GT) ने आईपीएल 2025 में एक और बड़ी जीत दर्ज कर ली है।  GT ने शनिवार (19 अप्रैल) को दोपहर के मुकाबले में फॉर्म में चल रही दिल्ली कैपिटल्स (DC) को 7 विकेट से करारी शिकस्त दी। अहमदाबाद में टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करने उतरी अक्षर पटेल की कप्तानी वाली DC ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 203 रन का स्कोर खड़ा किया था। GT ने जोस बटलर की नाबाद 97 रन की धुआंधार पारी की मदद से टारगेट को 4 गेंद शेष रहते ही हासिल कर लिया। आईपीएल इतिहास में यह पहला मौका है जब दिल्ली कैपिटल्स की टीम 200 से ज्यादा रन बनाकर भी मैच नहीं जीत सकी।

 

बटलर-रदरफोर्ड के बीच हुई शतकीय साझेदारी

 

बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात टाइटंस की शुरुआत अच्छी नहीं रही। शुभमन गिल (7) दूसरे ही ओवर में रन आउट हो गए। गिल मिडविकेट की ओर खेलकर सिंगल चुराना चाहते थे लेकिन उन्हें साई सुदर्शन का साथ नहीं मिला। गिल जब तक वापस आते, तब तक करुण नायर के डायरेक्य थ्रो ने उनका काम तमाम कर दिया। इसके बाद सुदर्शन और बटलर ने मोर्चा संभाला और पावरप्ले में टीम का स्कोर 1 विकेट के नुकसान पर 67 रन पहुंचा दिया। 

 

आठवें ओवर में गेंदबाजी आक्रमण पर लाए गए कुलदीप यादव ने आते ही सुदर्शन (36) का बड़ा विकेट झटका। सुदर्शन के जाने के बाद बटलर को शरफेन रदरफोर्ड का साथ मिला। दोनों बल्लेबाजों ने मिडिल ओवर्स में दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाजों की चौतरफा धुनाई की। रदरफोर्ड ने कुलदीप को 12वें ओवर की पांचवीं गेंद पर छक्का जड़ने के बाद अगले ओवर में मोहित शर्मा की पहली दो गेंदों पर दो छक्के लगाए। इसी ओवर की पांचवीं गेंद पर बटलर ने चौका लगाकर 32 गेंद में अपनी फिफ्टी पूरी की। उन्होंने 15वें ओवर में मिचेल स्टार्क को लगातार 5 चौके जड़े। अहमदाबाद की गर्मी में बटलर क्रैंप से परेशान भी दिखे लेकिन उन्होंने मैदान नहीं छोड़ा।

 

यह भी पढ़ें: 14 साल की उम्र में IPL डेब्यू, वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास

 

बटलर को नहीं होगा शतक का मलाल

 

बटलर और रदरफोर्ड के बीच तीसरे विकेट के लिए 119 रन की साझेदारी हुई। डेथ ओवर्स में एक बार फिर रदरफोर्ड संघर्ष करते नजर आए। एक समय 17 गेंद में 36 रन पर खेल रहे रदरफोर्ड अगली 17 गेंद में 7 रन ही बना सके। वह 19वें ओवर की पांचवीं गेंद पर आउट हुए। मुकेश कुमार ने इस ओवर में सिर्फ 5 रन दिए। अब GT को जीत के लिए आखिरी ओवर में 10 रन चाहिए थे। गेंद मिचेल स्टार्क के हाथों में थी, जो पिछले मैच में इसी सिचुएशन में 9 रन डिफेंड कर चुके थे।

 

97 रन पर खेल रहे बटलर के पास रिकॉर्ड 8वां आईपीएल शतक पूरा करने का मौका था लेकिन राहुल तेवतिया ने पहले छ्क्का और फिर चौका जड़कर दो गेंद में ही मैच खत्म कर दिया। जीत के बाद बटलर बेहद खुश नजर आए। क्योंकि वह जानते थे कि उनकी सेंचुरी से ज्यादा 2 पॉइंट्स अहम हैं। बटलर ने 54 गेंद की अपनी पारी में 11 चौके और 4 छक्के जड़े। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया। इस जीत के साथ गुजरात टाइटंस पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई है, जबकि दिल्ली कैपिटल्स अब खिसककर दूसरे स्थान पर आ गई है।

 

यह भी पढ़ें: 'पता नहीं कहां से...' संजू सैमसन संग अनबन पर क्या बोले राहुल द्रविड़?

 

 

प्रसिद्ध कृष्णा ने झटके 4 विकेट

 

दिल्ली कैपिटल्स के टॉप-5 बल्लेबाजों ने दहाईं का आकड़ा पार किया लेकिन कोई भी बड़ी पारी नहीं खेल सका। अभिषेक पोरेल (18), करुण नायर (31), केएल राहुल (28), अक्षर पटेल (39) और ट्रिस्टन स्टब्स ने 31 रन का योगदान दिया। छठे नंबर पर उतरे आशुतोष शर्मा ने 19 गेंद में 2 चौके और 3 छक्कों की मदद से 37 रन की पारी खेली, जिससे DC 200 के पार पहुंच सका। हालांकि अंत में यह भी नाकाफी साबित हुआ। गुजरात टाइटंस की ओर से प्रसिद्ध कृष्णा ने 4 ओवर में 41 रन देकर 4 विकेट चटकाए। पर्पल कैप की रेस में अब वह सबसे आगे निकल गए हैं।

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap