logo

ट्रेंडिंग:

नंबर 1 पर पहुंची MI, CSK के बाद RR भी आईपीएल 2025 से बाहर

मुंबई इंडियंस ने गुरुवार को राजस्थान रॉयल्स को 100 रन से रौंदकर आईपीएल 2025 से बाहर कर दिया। इस बड़ी जीत के साथ MI पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई है।

Deepak Chahar Hardik Pandya

वैभव सूर्यवंशी का विकेट लेने के बाद दीपक चाहर के बधाई देते हार्दिक पंड्या। (Photo Credit: IPL/X)

मुंबई इंडियंस (MI) ने लगातार छठी जीत दर्ज कर पॉइंट्स टेबल में पहला स्थान हासिल कर लिया है। MI ने गुरुवार (1 मई) को आईपीएल 2025 के 50वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स को उसके घर में 100 रन से रौंद दिया। 2012 के बाद राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ जयपुर में यह मुंबई इंडियंस की पहली जीत रही। टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करते हुए मुंबई इंडियंस ने 2 विकेट खोकर 217 रन का विशाल टोटल खड़ा किया था, जिसके जवाब में RR 117 रन पर ढेर हो गई। इस हार के साथ राजस्थान रॉयल्स के लिए प्लेऑफ के दरवाजे बंद हो गए हैं। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बाद वह आईपीएल 2025 से बाहर होने वाली दूसरी टीम बनी।

 

5 ओवर में सिमटी RR की आधी पारी

 

218 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की ओपनिंग जोड़ी तीसरी ही गेंद पर टूट गई। दीपक चाहर ने वैभव सूर्यवंशी को मिड ऑन पर विल जैक्स के हाथों लपकवा दिया। पिछले मैच में आईपीएल इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक ठोकने वाले वैभव खाता खोले बिना पवेलियन लौटे। दूसरे ओवर लेकर आए ट्रेंट बोल्ट का यशस्वी जायसवाल ने छक्के से स्वागत किया। यशस्वी ने तीसरी गेंद को भी हवाई रास्ते से सीमा रेखा के बाहर भेजा लेकिन अगली गेंद पर बोल्ट ने धांसू वापसी की और यशस्वी का मिडिल स्टंप उखाड़ दिया। बोल्ट ने अपने अगले ओवर की आखिरी गेंद पर नीतीश राणा (9) को चलता किया। 

 

पांचवें ओवर में गेंदबाजी के लिए आए बुमराह ने चौथी गेंद पर राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग (16) को रोहित शर्मा के हाथों लपकवाया। नए बल्लेबाज शिमरॉन हेटमायर को उन्होंने छोटी गेंद पर फंसाया। हेटमायर (0) पुल करने के प्रयास में फॉरवर्ड स्क्वेयरलेग पर खड़े सूर्यकुमार यादव को कैच दे बैठे। इस तरह 5 ओवर के अंदर के RR की आधी टीम पवेलियन लौट गई। पावरप्ले के बाद भी विकेट गिरने का सिलसिला जारी रहा। जोफ्रा आर्चर (30) ने आकाश मधवाल (4) के साथ मिलकर आखिरी विकेट के लिए 26 रन की साझेदारी कर राजस्थान रॉयल्स को 100 के पार पहुंचाया। यह RR की सबसे बड़ी पार्टरनशिप रही। मुंबई इंडियंस के लिए बोल्ट और कर्ण शर्मा ने 3-3 विकेट लिए। बुमराह को 2 जबकि कप्तान हार्दिक पंड्या और दीपक चाहर को एक-एक सफलता मिली।

 

यह भी पढ़ें: विग्नेश पुथुर IPL 2025 से बाहर, रघु शर्मा की मुंबई इंडियंस में एंट्री

 

 

यह भी पढ़ें: 3 स्पिनर्स खिलाए तो KKR की जीत पक्की, अब प्लेऑफ दूर नहीं!

 

MI के बल्लेबाजों ने रखी जीत की नींव

 

पहले बैटिंग का न्योता मिलने पर रोहित शर्मा और रायन रिकलटन की ओपनिंग जोड़ी ने मुंबई इंडियंस को अच्छी शुरुआत दिलाई। उन्होंने पहले विकेट के लिए 11.5 ओवर में 116 रन की साझेदारी की। विकेटकीपर बल्लेबाज रिकलटन ने 38 गेंद में 7 चौके और 3 छक्कों की मदद से 61 रन बनाए। वहीं रोहित शर्मा ने 36 गेंद में 53 रन की पारी खेली, जिसमें 9 चौके शामिल रहे। रोहित ने पिछली 4 पारियों में तीसरा अर्धशतक लगाया।

 

लगातार ओवरों में रिकलटन और रोहित के आउट होने के बाद सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पंड्या ने 44 गेंद में 94 रन की आतिशी पार्टनरशिप कर मुंबई इंडियंस को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। सूर्या ने 23 गेंद में नाबाद 48 रन की पारी खेली। इसी के साथ उन्होंने ऑरेंज कैप की रेस में साई सुदर्शन को पीछे छोड़ दिया। हार्दिक भी 23 गेंद में 48 रन बनाकर नाबाद लौटे। राजस्थान रॉयल्स की ओर से रियान पराग सबसे किफायती गेंदबाज रहे। उन्होंने 2 ओवर में 12 रन देकर एक विकेट लिया।

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap