logo

ट्रेंडिंग:

ईडन गार्डंस में आया आंद्रे रसेल का तूफान, KKR ने बनाए 206 रन

आंद्रे रसेल और रिंकू सिंह की आतिशी पारियों की बदौलत कोलकाता नाइट राइडर्स ने राजस्थान रॉयल्स को 207 रन का टारगेट दिया है।

Andre Russell IPL 2025

राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ शॉट खेलते आंद्र रसेल। (Photo Credit: IPL/X)

आईपीएल 2025 में आज (रविवार) डबल हेडर के पहले मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और राजस्थान रॉयल्स (RR) की टक्कर हो रही है। ईडन गार्डंस में टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी केकेआर ने आंद्रे रसेल और रिंकू सिंह की तूफानी पारियों की बदौलत 206 रन का स्कोर खड़ा किया है। 15 ओवर की समाप्ति पर मेजबान टीम का स्कोर 3 विकेट के नुकसान पर 121 रन ही था। केकेआर 180 के आस-पास पहुंचती दिख रही थी लेकिन आंद्रे रसेल ने सही समय पर फॉर्म में वापसी करते हुए उसे 200 के पार पहुंचा दिया। 

 

केकेआर ने आखिरी 5 ओवर में 85 रन बटोरे। रसेल 25 गेंद में 4 चौके और 6 छक्के की मदद से 57 रन बनाकर नाबाद लौटे। वहीं रिंकू सिंह ने 6 गेंद में नाबाद 19 रन बनाए, जिसमें 1 चौका और 2 छक्के शामिल रहे।

 

KKR की धीमी शुरुआत

 

प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए केकेआर को यह मैच हर हाल में जीतना जरूरी है। इस अहम मुकाबले में उसकी शुरुआत अच्छी नहीं रही। रहमानुल्लाह गुरबाज और सुनील नारायण पहले ओवर में 2 रन ही बटोर पाए। नारायण ने दूसरे ओवर में युद्धवीर सिंह के खिलाफ चौका और छक्का जड़कर गियर बदला लेकिन वह अगली ही गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे। कप्तान अजिंक्य रहाणे ने गुरबाज के साथ मिलकर मोर्चा संभाला और पावरप्ले की समाप्ति पर केकेआर को 50 के पार पहुंचाया। 

 

केकेआर की पारी गति पकड़ रही थी कि आठवें ओवर में उन्हें दूसरा झटका लग गया। महीश थीक्षना ने गुरबाज (35) को शिमरॉन हेटमायर के हाथों लपकवाया। कुछ देर बाद रहाणे (30) को राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने चलता कर दिया। रहाणे पावरप्ले के बाद एक भी बाउंड्री नहीं लगा सके। इस बीच अगकृष रघुवंशी ने स्कोरबोर्ड को चलायमान रखा।

 

रहाणे के आउट होने के बाद केकेआर ने आंद्रे रसेल को भेजा। 13वें ओवर में क्रीज पर उतरे रसेल ने शुरू में समय लिया। वह पहली 8 गेंद में 2 रन ही बना पाए थे। उन्होंने 16वें ओवर में आकाश मधवाल को राडार पर लिया और लगातार तीन गेंद पर तीन बाउंड्री लगाए, जिसमें एक छक्का शामिल था। रसेल ने अगले ओवर में जोफ्रा आर्चर के खिलाफ छक्का और चौका जड़ा।

 

यह भी पढ़ें: मैक्सेवल के रिप्लेसमेंट का ऐलान, PBKS में मिचेल ओवन की एंट्री

 

 

थीक्षना को लगाए लगातार तीन छक्के

 

रियान पराग ने 18वें ओवर में थीक्षना को गेंद थमाई। अंगकृष रघुवंशी ने पहली गेंद डॉट खेलने के बाद दूसरी गेंद पर चौका लगाया। तीसरी गेंद पर भी उन्होंने बड़ा शॉट खेलना चाहा लेकिन संपर्क अच्छा नहीं हुआ और मिड ऑफ की दिशा में गेंद खड़ी हो गई। रघुवंशी भाग्यशाली रहे कि वहां कोई फील्डर नहीं था। उन्हें एक रन मिला। अब स्ट्राइक पर रसेल आ चुके थे। उन्होंने थीक्षना की आखिरी तीन गेंद पर तीन गगनचुंबी छक्के लगाए। जोफ्रा आर्चर ने 19वें ओवर की पहली गेंद पर रघुवंशी (44) का विकेट झटका, जिसके बाद रिंकू सिंह का आगमन हुआ। रिंकू एक रन लेकर रसेल को स्ट्राइक दी।

 

यह भी पढ़ें: IPL 2025 में स्पिनर्स हावी, पिछले सीजन से बेहतर हुआ प्रदर्शन

 

खतरनाक रूप अख्तियार कर चुके रसेल ने जोफ्रा की चौथी गेंद पर छक्का जड़कर अपनी फिफ्टी पूरी की। इस मुकाम तक पहुंचने के लिए उन्होंने सिर्फ 22 गेंद ली। रसेल ने इसके बाद झन्नाटेदार चौका जड़ा। इस ओवर की अंतिम गेंद पर रियान पराग ने रसेल का कैच छोड़ा लेकिन यह राजस्थान रॉयल्स को ज्यादा महंगा नहीं पड़ा क्योंकि आकाश मधवाल ने आखिरी ओवर की पहली गेंद पर रसेल को ऑफ स्ट्राइक कर दिया। हालांकि आकाश मधवाल रिंकू के कहर से नहीं बच पाए। रिंकू ने तीसरी गेंद पर चौका लगाने के बाद लगातार दो छक्के जड़कर केकेआर को मजबूत स्कोर तक पहुंचा दिया।

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap