logo

ट्रेंडिंग:

मुंबई में आई सूर्या की आंधी, MI ने DC को दिया 181 रन का टारगेट

पहले बैटिंग का न्योता मिलने पर मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स के सामने 181 रन का लक्ष्य दिया है। सूर्यकुमार यादव ने 43 गेंद में नाबाद 73 रन की आतिशी पारी खेली।

Suryakumar Yadav IPL 2025

दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अपनी अर्धशतकीय पारी के दौरान शॉट खेलते सूर्यकुमार यादव। (Photo Credit: IPL/X)

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के 63वें मैच में मुंबई इंडियंस (MI) ने टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट के नुकसान पर 180 रन का स्कोर खड़ा किया है। सूर्यकुमार यादव और नमन धीर ने छठे विकेट के लिए 21 गेंद में 57 रन की ताबड़तोड़ साझेदारी की, जिसकी बदलौत MI बड़े टोटल तक पहुंच सकी। नंबर 4 पर उतरे सूर्या 43 गेंद में 73 रन बनाकर अंत तक नाबाद रहे। अपनी इस आतिशी पारी में उन्होंने 7 चौके और 4 छक्के लगाए। वहीं नमन धीर ने 8 गेंद में 2 चौके और 2 छक्के की मदद से नाबाद 24 रन कूटे। 

 

दिल्ली कैपिटल्स को प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए 181 रन बनाने होंगे। अगर DC इस टारगेट को नहीं हासिल कर पाती है तो आईपीएल 2025 से बाहर हो जाएगी।

 

यह भी पढ़ें: विराट कोहली-अनुष्का शर्मा ने पिकलबॉल में आजमाए हाथ, क्या है यह खेल?

 

123 रन पर सिमट गई थी MI की आधी पारी

 

DC के कप्तान अक्षर पटेल बुखार के चलते यह मुकाबला नहीं खेल रहे हैं। उनकी अनुपस्थिति में फाफ डुप्लेसी टीम की अगुवाई कर रहे हैं। डुप्लेसी ने पहले चार ओवर में चार गेंदबाजों का इस्तेमाल किया। उन्हें गेंदबाजी में बदलाव का फायदा भी मिला। पहले बदलाव के तौर पर आए मुस्तफिजुर रहमान ने अपनी दूसरी ही गेंद पर रोहित शर्मा (5) का विकेट ले लिया। इसके बाद क्रीज पर उतरे विल जैक्स ने 13 गेंद में 21 रन बनाए। उन्हें पावरप्ले के आखिरी ओवर में मुकेश कुमार ने पवेलियन भेजा। अगले ओवर में कुलदीप यादव ने रायन रिकलटन (25) का विकेट झटक MI का स्कोर 58/3 पर कर दिया। 

 

इसके बाद सूर्यकुमार यादव ने तिलक वर्मा के साथ 55 रन की साझेदारी कर मुंबई इंडियंस को मुसीबत से निकाला। हालांकि यह पार्टरनशिप धीमी रही। उन्होंने 49 गेंद में ये रन जोड़े। तिलक वर्मा 27 गेंद में 27 रन बनाकर मुकेश कुमार का शिकार बने। कप्तान हार्दिक पंड्या कुछ खास नहीं कर सके। वह 6 गेंद में 3 रन बनाकर दुश्मंता चमीरा की गेंद पर मुकेश कुमार को कैच थमा बैठे। इस तरह MI की आधी टीम 123 के स्कोर पर पवेलियन लौट गई। मुस्तफिजुर ने 18वें ओवर में सिर्फ 6 रन देकर मुंबई इंडियंस की मुश्किलें और बढ़ा दी। 

 

यह भी पढ़ें: आ गया IPL प्लेऑफ्स का शेड्यूल, जानिए कहां और कब खेले जाएंगे मैच

 

आखिरी ओवरों में भटके DC के गेंदबाज

 

सूर्यकुमार यादव और नए बल्लेबाज नमन धीर ने 19वें ओवर में मुकेश कुमार के खिलाफ 27 रन बटोरकर स्कोर को 160 के करीब पहुंचाया। सूर्या ने पहली गेंद पर छक्का लगाने के बाद दूसरी गेंद पर सिंगल लेकर स्ट्राइक नमन धीर को दी। इस सीजन अच्छा फिनिश कर रहे नमन धीर ने मुकेश कुमार के इस ओवर की बाकी चार गेंद पर दो चौके और दो छक्के लगाए। पारी के आखिरी ओवर में 'सूर्या शो' देखने को मिला। उन्होंने मुस्तफिजुर के खिलाफ दो चौके और दो छक्के उड़ाते हुए 21 रन बटोरे, जिससे MI ने स्पिनर्स की मददगार पिच पर दिल्ली कैपिटल्स को विशाल टारगेट दिया।

 

   

DC के लिए मुकेश कुमार ने सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए। हालांकि उन्होंने 4 ओवर में 48 रन लुटाए। चमरी काफी महंगे रहे। इस श्रीलंका तेज गेंदबाज ने 4 ओवर में 54 रन दे दिए। उन्हें एक सफलता मिली। कुलदीप यादव ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 22 रन खर्चे और एक विकेट लिया। लेग स्पिनर विपराज निगम को कोई सफलता नहीं मिली लेकिन उन्होंने अपने 4 ओवर के स्पेल में सिर्फ 25 रन दिए।

 

दोनों टीमों की प्लेइंग-XI:

 

मुंबई इंडियंस - रायन रिकलटन (विकेटकीपर), रोहित शर्मा, विल जैक्स, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या (कप्तान), नमन धीर, मिचेल सैंटनर, दीपक चाहर, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह

 

इम्पैक्ट प्लेयर - कर्ण शर्मा

 

दिल्ली कैपिटल्स - फाफ डुप्लेसी (कप्तान),अभिषेक पोरेल (विकेटकीपर), समीर रिजवी, आशुतोष शर्मा, ट्रिस्टन स्टब्स, दुश्मंता चमीरा, विपराज निगम, माधव तिवारी, कुलदीप यादव, मुस्तफिजुर रहमान, मुकेश कुमार

 

इम्पैक्ट प्लेयर - केएल राहुल

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap