मुंबई इंडियंस (MI) ने आईपीएल 2025 में जीत की हैट्रिक लगा दी है। रविवार (20 अप्रैल) को वानखेड़े स्टेडियम में रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव की धमाकेदार बल्लेबाजी से MI ने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को 9 विकेट से रौंद दिया। पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर CSK ने 5 विकेट के नुकसान पर 176 रन बनाए थे, जिसे MI ने 1 विकेट खोकर 15.4 ओवर में ही चेज कर लिया। इसके साथ ही मुंबई इंडियंस ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ लगातार 4 मैचों से चले आ रहे हार के सिलसिले को तोड़ दिया है।
MI की इस सीजन की यह चौथी जीत रही। वे 8 मैचों में 8 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में छठे स्थान पर पहुंच गए हैं। दूसरी ओर टेबल में सबसे नीचे लगी हुई CSK ने छठा मुकाबला गंवाया। अब उनके लिए करो या मरो की स्थिति हो गई है। चेन्नई सुपर किंग्स को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए बचे हुए 6 मैच हर हाल में जीतने होंगे।
यह भी पढ़ें: लोकल लीग से निकलकर IPL 2025 में चमक बिखेर रहे हैं ये 5 युवा खिलाड़ी
फॉर्म में लौटे रोहित शर्मा
आईपीएल 2025 में रन बनाने के लिए जूझ रहे रोहित शर्मा ने धांसू अंदाज में फॉर्म में वापसी की। उन्होंने रायन रिकलटन के साथ पहले विकेट के लिए 63 रन की साझेदारी की। रिकलटन 19 गेंद में 24 रन बनाकर आउट हुए। वह रवींद्र जडेजा का शिकार बने। रिकलटन के जाने के बाद रोहित और सूर्यकुमार यादव ने चेन्नई सुपर किंग्स के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। दोनों बल्लेबाजों ने 9 ओवर में 114 रन कूट दिए, जिससे मुंबई इंडियंस ने बड़ी जीत दर्ज की। इस जीत के उनके नेट रन रेट को भी काफी फायदा पहुंचा।
इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में उतरे रोहित ने 45 गेंद में नाबाद 76 रन की पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 6 छक्के शामिल रहे। वहीं सूर्यकुमार यादव ने महज 30 गेंद में नाबाद 68 रन ठोके। उन्होंने अपनी पारी में 6 चौके और 5 छक्के मारे। CSK के डेथ ओवर्स स्पेशलिस्ट मथीशा पथिराना ने 10 गेंद में 34 रन लुटाए।
यह भी पढ़ें: पहले वैभव और अब आयुष म्हात्रे, दो दिन में IPL को मिले दो सितारे
बुमराह की घातक गेंदबाजी
टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की एक बार फिर अच्छी शुरुआत नहीं रही। रचिन रवींद्र 9 गेंद में 5 रन बनाकर अश्विनी कुमार का शिकार बने। आईपीएल डेब्यू कर रहे 17 साल के आयुष म्हात्रे ने 15 गेंद में 4 चौके और 2 छक्कों की मदद से 32 रन बनाए। उन्हें दीपक चाहर ने चलता किया। शेख रशीद 20 गेंद में 19 रन बनाकर चलते बने। 63 रन पर 3 विकेट गंवाने के बाद शिवम दुबे और रवींद्र जडेजा ने 50 गेंद में 79 रन की साझेदारी की। हालांकि शुरू में वे काफी धीमी बल्लेबाजी कर रहे थे। बाद में उन्होंने रफ्तार पकड़ी।
जसप्रीत बु्मराह ने शिवम दुबे (50) को आउट कर CSK की पारी ब्रेक लगाई। बुमराह ने अगले ओवर में महेंद्र सिंह धोनी (4) का भी विकेट निकाला। जडेजा 35 गेंद में 53 रन बनाकर नाबाद रहे। चेन्नई सुपर किंग्स आखिरी 4 ओवर में 34 रन ही बना सकी, जिससे वह लड़ने लायक स्कोर तक नहीं पहुंच सके। बुमराह ने 4 ओवर में 25 रन देकर 2 विकेट लिए।