मुंबई इंडियंस (MI) ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) को 59 रन से हराकर आईपीएल 2025 के प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली है। बुधवार (21) को वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करते हुए MI ने 5 विकेट के नुकसान पर 180 रन का स्कोर खड़ा किया था, जिसके जवाब में DC 18.2 ओवर में 121 पर सिमट गई। इस हार के साथ DC आईपीएल 2025 से बाहर हो गई है। उसे प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए यह मैच हर हाल में जीतना जरूरी था लेकिन बल्लेबाजों के निराशाजनक प्रदर्शन के कारण वह लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी और उसकी उम्मीदें खत्म हो गई।
सैंटनर-बुमराह ने झटके 3-3 विकेट
181रन के टारगेट का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स ने दूसरे ही ओवर में कप्तान फाफ डुप्लेसी का विकेट गंवा दिया। DC के रेगुलर कप्तान अक्षर पटेल तबीयत खराब होने के कारण आज नहीं खेल रहे थे। उनकी गैरमौजूदगी में टीम की अगुवाई कर रहे डुप्लेसी (6) कुछ खास नहीं कर सके। अगले ओवर में दिल्ली कैपिटल्स को एक और बड़ा झटका लगा। केएल राहुल 6 गेंद में 11 रन बनाकर ट्रेंट बोल्ट का शिकार बने। पहले तीन ओवर में टीम के दो सीनियर बल्लेबाजों के आउट होने के बाद DC की हार लगभग तय हो गई।
नंबर 4 पर भेजे गए विपराज निगम (20) और समीर रिजवी (35) ने कुछ फाइट दिखाई लेकिन MI की धारदार गेंदबाजी के सामने वे कोई चमत्कार नहीं कर सके। ट्रिस्टन स्टब्स इस बड़े मुकाबले में 2 रन बनाकर चलते बने। आशुतोष शर्मा ने 18 रन बनाए। मुंबई इंडियंस ने 7 गेंदबाजों का इस्तेमाल किया और सभी ने कम से कम 1 विकेट जरूर लिए। मिचेल सैंटनर और जसप्रीत बुमराह ने सबसे ज्यादा 3-3 विकेट झटके।
यह भी पढ़ें: विराट कोहली-अनुष्का शर्मा ने पिकलबॉल में आजमाए हाथ, क्या है यह खेल?
सूर्या-नमन ने MI को मैच विनिंग स्कोर तक पहुंचाया
पहले बैटिंग का न्योता मिलने पर मुंबई इंडियंस 16.3 ओवर में 123 रन पर 5 विकेट गंवाकर संघर्ष कर रही थी। यहां से सूर्यकुमार यादव और नमन धीर ने छठे विकेट के लिए 21 गेंद में 57 रन की आतिशी साझेदारी कर उसे मैच विनिंग स्कोर तक पहुंचा दिया। सूर्यकुमार यादव ने 43 गेंद में नाबाद 73 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। सातवें नंबर पर उतरे नमन धीर ने 8 गेंद में 2 चौके और 2 छक्के की मदद से 24 रन बटोरे। इन दोनों बल्लेबाजों ने आखिरी दो ओवर में 48 रन कूटे, जिससे मुंबई इंडियंस ने स्पिनर्स की मददगार पिच पर विशाल टोटल खड़ा किया। रायन रिकलटन (25) और विल जैक्स (21) ने उपयोगी योगदान दिया। वहीं तिलक वर्मा ने 27 गेंद में 27 रन बनाए।
यह भी पढ़ें: आ गया IPL प्लेऑफ्स का शेड्यूल, जानिए कहां और कब खेले जाएंगे मैच
टॉप-2 में फिनिश करना चाहेगी MI
गुजरात टाइटंस (GT), पंजाब किंग्स (PBKS) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) पहले ही प्लेऑफ में पहुंच गई थी। अब मुंबई इंडियंस ने भी प्लेऑफ में एंट्री ले ली है। MI की कोशिश टॉप-2 में फिनिश करने पर होगी। हालांकि यह बेहद मुश्किल है। अगर MI अपने आखिरी लीग स्टेज मैच में PBKS को हरा भी देती है तब भी उसे दूसरी टीमों के नतीजे पर निर्भर रहना होगा। GT 18 पॉइंट्स के साथ फिलहाल टॉप पर है। उसके दो मैच बचे हुए हैं। वहीं RCB और PBKS के पास 17-17 पॉइंट्स हैं। इन दोनों टीमों के भी दो-दो मैच बचे हैं।