मुंबई इंडियंस (MI) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बीच आज (21 मई) आईपीएल 2025 का 63वां मैच खेला जाना है। शाम 7:30 बजे से दोनों टीमों की टक्कर मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होगी। प्लेऑफ में जगह बनाने के लिहाज से MI और DC के लिए यह बेहद अहम मुकाबला है। दिल्ली कैपिटल्स के लिए यह तो वर्चु्अल क्वार्टर-फाइनल की तरह है। अगर अक्षर पटेल की कप्तानी वाली टीम हारती है तो वह प्लेऑफ की रेस से बाहर हो जाएगी। वहीं जीत उनकी उम्मीदों को जिंदा रखेगी।
बारिश बिगाड़ेगी समीकरण?
मुंबई में कल (मंगलवार) भारी बारिश हुई थी, जिससे कई जगह जल जमाव की स्थिति हो गई थी। मौसम विभाग ने आज भी भारी बारिश की संभावना जताई है। शहर के कई हिस्सों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसे देखते हुए मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स का मैच होने के कम ही आसार नजर आ रहे हैं।
अगर मुकाबला बारिश में धुला तो DC की राह बेहद मुश्किल हो जाएगी। उसके पास महज 14 पॉइंट्स ही रह जाएंगे और उसे प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए 24 मई को पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज करनी होगी। इसके बाद उसे दुआ करनी होगी कि मुंबई इंडियंस 26 मई को PBKS से बड़े अंतर से हार जाए।
यह भी पढ़ें: आ गया IPL प्लेऑफ्स का शेड्यूल, जानिए कहां और कब खेले जाएंगे मैच
MI के नजरिए से देखें तो आज का मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ भी जाए तो उसे ज्यादा नुकसान नहीं होगा। उसके 15 पॉइंट्स हो जाएंगे और वह लगभग प्लेऑफ में पहुंच जाएगी। बता दें कि DC के को-ओनर पार्थ जिंदल ने इस मुकाबले को किसी दूसरे शहर में शिफ्ट करने के लिए IPL अधिकारियों को मेल तक किया है।
IPL का नया नियम DC को दे सकती है मौका
आईपीएल ने बारिश की संभावना को देखते हुए नियमों में बदलाव किए हैं। अगर बारिश खलल डालती है तो 20 ओवर का फुल मैच कराने के लिए दो अतिरिक्त घंटे जोड़े गए हैं। इसे देखते हुए मुंबई में बारिश रुकती है तो MI और DC का मैच देर रात को हो सकता है, जिससे अक्षर पटेल की कप्तानी वाली टीम के पास प्लेऑफ की रेस में बने रहने का मौका मिलेगा।
यह भी पढ़ें - अभिषेक शर्मा से पंगा भारी पड़ा, एक मैच के लिए सस्पेंड हुए दिग्वेश राठी