logo

ट्रेंडिंग:

श्रेयस अय्यर की पंजाब किंग्स ने फाइनल में बनाई जगह, मुंबई इंडियंस पस्त

पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस को रौंदकर फाइनल में जगह बना ली है, जहां उसकी टक्कर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगी। इसका साथ ही आईपीएल को नया चैंपियन मिलना तय हो गया है।

Shreyas Iyer Marcus Stoinis

पंजाब किंग्स को जीत दिलाने के बाद श्रेयस अय्यर और मार्कस स्टोइनिस। (Photo Credit: IPL/X)

पंजाब किंग्स (PBKS) ने इतिहास रच दिया है। 11 साल बाद प्लेऑफ में पहुंची PBKS ने फाइनल का टिकट कटा लिया है। क्वालिफायर 2 में कप्तान श्रेयस अय्यर ने नाबाद 87 रन की तूफानी पारी खेलकर अपनी टीम को खिताबी मुकाबले में धमाकेदार एंट्री दिलाई। उनके सामने पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस (MI) पस्त हो गई। अहमदाबाद में खेले गए इस मुकाबले में श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। MI ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 203 रन बनाए, जिसे PBKS ने 19 ओवर में ही हासिल कर लिया।

 

आईपीएल इतिहास में पहली बार मुंबई इंडियंस के खिलाफ किसी टीम ने 200 प्लस टारगेट को सफलतापूर्वक हासिल किया। इस ऐतिहासिक जीत के साथ पंजाब किंग्स ने शान से खिताबी मुकाबले में जगह बनाई, जहां कल (3 जून) उसकी टक्कर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) से होगी। दोनों ही टीमें अपने पहले आईपीएल खिताब के लिए उतरेंगी। यानी आईपीएल को नया चैंपियन मिलना तय हो गया है।

 

यह भी पढ़ें: दंगे में बदला जीत का जश्न, पेरिस में 2 लोगों की मौत

 

 

श्रेयस अय्यर ऐसा करने वाले पहले कप्तान बने

 

बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब किंग्स ने पहला विकेट जल्दी गंवा दिया। इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे प्रभसिमरन सिंह 6 रन बनाकर चलते बने। प्रियांश आर्य और जोश इंग्लिस ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर PBKS को 50 के पार पहुंचाया। प्रियांश (20) पावरप्ले के आखिरी ओवर की पहली गेंद पर आउट हो गए। इंग्लिस 21 गेंद में 38 रन की अच्छी पारी खेलकर आठवें ओवर में पवेलियन लौटे। 

 

72 रन पर 3 विकेट गंवाने के बाद PBKS मुसीबत में नजर आ रही थी। यहां से श्रेयस अय्यर और नेहाल वढेरा ने 84 रन की साझेदारी कर उसकी जबरदस्त वापसी करवाई। नेहाल वढेरा ने 29 गेंद में शानदार 48 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। उनके जाने के बाद अगले ओवर में शशांक सिंह (2) रन आउट हो गए। इस समय PBKS को जीत के लिए 20 गेंद में 35 रन चाहिए थे। श्रेयस अय्यर ने मुंबई इंडियंस को वापसी का कोई मौका नहीं दिया एक ओवर पहले ही मैच खत्म किया। श्रेयस ने 19वें ओवर में अश्विनी कुमार को 4 छक्के जड़े।

 

उन्होंने 41 गेंद में नाबाद 87 रन की पारी, जिसमें 5 चौके और 8 छक्के शामिल रहे। श्रेयस तीन अलग-अलग टीमों को आईपीएल फाइनल में पहुंचाने वाले कप्तान बन गए हैं। उन्होंने पिछले सीजन कोलकाता नाइट राइडर्स को चौंपियन बनाया था। वहीं श्रेयस ने 2020 सीजन में दिल्ली कैपिटल्स को फाइनल में एंट्री दिलाई थी।

 

यह भी पढ़ें: रिंकू सिंह की शादी की तारीख तय, प्रिया सरोज के साथ इस दिन लेंगे 7 फेरे 

 

 

मुंबई इंडियंस की ऐसी रही बैटिंग

 

टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत अच्छी नहीं रही। रोहित शर्मा 8 रन बनाकर तीसरे ओवर में आउट हो गए। मार्कस स्टोइनिस ने उन्हें विजयकुमार वैशाख के हाथों लपकवाया। अपने ओपनिंग पार्टनर को खोने के बाद जॉनी बेयरस्टो ने तिलक वर्मा के साथ मिलकर पावरप्ले की समाप्ति तक MI का स्कोर 65 रन तक पहुंचाया। हालांकि इसके तुरंत बाद स्कूप शॉट खेलने के प्रयास में बेयरस्टो (38) विजयकुमार का शिकार बन गए।

 

उनके जाने के बाद तिलक वर्मा और सूर्यकुमार यादव ने तीसरे विकेट 72 रन की साझेदारी कर बड़े स्कोर के लिए मंच सेट किया। सूर्यकुमार ने 26 गेंद में 4 चौके और 3 छक्के की मदद से 44 रन बनाए। वहीं तिलक वर्मा ने 29 गेंद में 44 रन बटोरे। पंजाब किंग्स ने 3 गेंद के अंदर इन दोनों बल्लेबाजों को पवेलियन भेज अच्छी वापसी की। नेहाल वढेरा ने 18 गेंद में 37 रन ठोककर मुंबई इंडियंस को 200 के पार पहुंचाया। हालांकि यह नाकाफी साबित हुआ। पंजाब किंग्स की ओर से अजमतुल्लाह ओमरजई ने 2 विकेट चटकाए। काइल जेमिसन, मार्कस स्टोइनिस, विजयकुमार और चहल ने एक-एक विकेट झटके।

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap