मुंबई इंडियंस (MI) ने आईपीएल 2025 में लगातार पांचवां मैच जीतकर पॉइंट्स टेबल में दूसरा स्थान हासिल कर लिया है। MI ने रविवार (27 अप्रैल) को डबल हेडर के पहले मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को 54 रन से हरा दिया। टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करते हुए मुंबई इंडियंस ने अपने घरेलू मैदान वानखेड़े स्टेडियम में 7 विकेट के नुकसान पर 215 रन का स्कोर खड़ा किया था। इस टारगेट का पीछा करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम जसप्रीत बुमराह की घातक गेंदबाजी के सामने 161 पर ढेर हो गई। बुमराह ने 4 ओवर में 22 रन देकर 4 विकेट झटके।
LSG के मिडिल ऑर्डर ने फिर किया निराश
बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। फॉर्म में चल रहे एडन मारक्रम 11 गेंद में 9 रन बनाकर पहले विकेट के रूप में आउट हुए। उन्हें जसप्रीत बुमराह ने नमन धीन के हाथों लपकवाया। इसके साथ ही बुमराह मुंबई इंडियंस के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने। उन्होंने लसिथ मलिंगा को पीछे छोड़ा। ओपनिंग जोड़ी जल्दी टूटने के बाद मिचेल मार्श और निकोलस पूरन ने आतिशी बल्लेबाजी करते हुए पावरप्ले की समाप्ति तक LSG का स्कोर 60 रन तक पहुंचाया। पूरन जबरदस्त लय में नजर आ रहे थे। उन्होंने पावरप्ले के आखिरी ओवर में दीपक चाहर के खिलाफ लगातार 3 छक्के जड़े। हालांकि वह टाइमआउट के बाद पहली ही गेंद पर आउट हो गए। पावरप्ले खत्म होते ही मुंबई इंडियंस ने टाइमआउट की मांग की और फिर प्लान के साथ विल जैक्स को गेंद थमा दी।
पार्ट-टाइम स्पिनर विल जैक्स ने पहली ही गेंद पर पूरन (27) का बड़ा विकेट झटक लिया। चौथे नंबर पर उतरे LSG के कप्तान ऋषभ पंत पहली ही गेंद पर आउट हो सकते थे लेकिन स्लिप नहीं था। उनके बल्ले का किनारा लेकर गेंद कीपर के पास से चौके के लिए चली गई। अगली गेंद पर पंत ने रिवर्स स्वीप का प्रयास किया और सीधे शॉर्ट थर्ड के हाथ में कैच दे बैठे। यहां से मार्श और आयुष बदोनी ने पारी आगे बढ़ाई और 10वें ओवर में टीम का स्कोर 100 के पार पहुंचाया। LSG को आखिरी 10 ओवर में 113 रन की जरूरत थी।
ट्रेंट बोल्ट ने 12वें ओवर में मार्श (34) और फिर 15वें ओवर में बदोनी (35) को आउट कर रन चेज में LSG को बैकफुट पर धकेल दिया। इसके बाद बुमराह ने रही सही कसर पूरी कर दी। उन्होंने 16वें ओवर की दूसरी गेंद पर मिलर (24) और फिर आखिरी दो गेंदों पर अब्दुल समद और आवेश खान को पवेलियन भेज MI की जीत पक्की कर दी। LSG ने पूरे 20 ओवर तक बल्लेबाजी कर हार के अंतर को कम किया।
यह भी पढ़ें: ट्राई सीरीज में भारतीय टीम की जीत के साथ आगाज, श्रीलंका को हराया
रिकलटन-सूर्या का अर्धशतक
पिछले दो मैच में अर्धशतक जड़कर आ रहे रोहित शर्मा इस मुकाबले में सस्ते में आउट हुए। आईपीएल 2025 में अपना पहला मैच खेल रहे मयंक यादव ने उन्हें चलता किया। रोहित ने आउट होने से पहले मयंक को 2 छक्के मारे। रायन रिकलटन ने 32 गेंद में 6 चौके और 4 छक्के की मदद से 58 रन ठोक मुंबई इंडियंस को जरूरी मोमेंटम दिया। विल जैक्स ने 21 गेंद में 29 रन की धीमी पारी खेली। उनके जाने के बाद बल्लेबाजी करने आए तिलक वर्मा 6 रन ही बना पाए। हार्दिक पंड्या (5) भी सस्ते में पवेलियन लौटे। दूसरे छोर से सूर्यकुमार यादव ने लगातार बड़े शॉट खेलकर रन गति को कम नहीं होने दिया। सूर्या ने 28 गेंद में 54 रन की धमाकेदार पारी खेली, जिसमें 4 चौके और इतने ही छक्के शामिल रहे।
आईपीएल डेब्यू कर रहे कॉर्बिन बॉश ने 10 गेंद में 20 रन ठोके। वहीं नमन धीर ने महज 11 गेंद में 2 चौके और 2 छक्के उड़ाकर मुंबई इंडियंस को विशाल स्कोर तक पहुंचाया। LSG के लिए मयंक यादव और आवेश खान ने 2-2 विकेट झटके।
यह भी पढ़ें: बारिश के कारण रद्द हुआ KKR vs PBKS मुकाबला, किसे होगा फायदा?
दोनों टीमों की प्लेइंग-XI:
मुंबई इंडियंस - रियान रिकलटन (विकेटकीपर), रोहित शर्मा, विल जैक्स, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या (कप्तान), नमन धीर, कॉर्बिन बॉश, दीपक चाहर, ट्रेंट बोल्ट, कर्ण शर्मा
इम्पैक्ट प्लेयर - जसप्रीत बुमराह
लखनऊ सुपर जायंट्स - एडन मारक्रम, मिचेल मार्श, निकोलस पूरन, ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), आयुष बदोनी, अब्दुल समद, मयंक यादव, रवि बिश्नोई, दिगवेश राठी, आवेश खान, प्रिंस यादव
इम्पैक्ट प्लेयर - डेविड मिलर