दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने शनिवार (24 मई) की रात पंजाब किंग्स (PBKS) को 6 विकेट से हरा दिया। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 66वें मुकाबले में PBKS ने टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करते हुए 206 रन का स्कोर खड़ा किया था, जिसे DC ने 19.3 ओवर में 4 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया। DC से मिली इस हार से PBKS के टॉप-2 में फिनिश करने की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है। वहीं अब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए काम आसान हो गया है।
समीर रिजवी का आतिशी अर्धशतक
टारगेट का पीछा करते हुए दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत अच्छी रही। केएल राहुल और फाफ डुप्लेसी ने 33 गेंद में 55 रन की ओपनिंग साझेदारी की। मार्को यानसन ने राहुल को आउट कर पंजाब किंग्स को पहली सफलता दिलाई। राहुल ने 21 गेंद में 35 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। उनके आउट होने के कुछ देर बाद कप्तान डुप्लेसी (23) भी चलते बने। करुण नायर ने यहां से आईपीएल डेब्यू कर रहे सेदिकुल्लाह अटल के साथ मिलकर DC की पारी आगे बढ़ाई। इस जोड़ी को प्रवीण दुबे ने तोड़ा। अफगानिस्तान के सेदिकुल्लाह अटल अपने पहले आईपीएल मैच में 16 गेंद में 22 रन बनाकर आउट हुए।
यह भी पढ़ें: शुभमन गिल होंगे कप्तान, पंत वाइस कैप्टन; टेस्ट टीम का एलान
93 रन पर 3 गंवाकर DC मुश्किल में दिख रही थी। करुण नायर और समीर रिजवी ने चौथे विकेट के लिए 29 गेंद में 62 रन की तेज साझेदारी कर उसकी धमाकेदार वापसी करवाई। करुण 27 गेंद में 5 चौके और 2 छक्के की मदद से 44 रन बनाकर बराड़ का शिकार बने। उनके जाने के बाद समीर रिजवी ने मोर्चा संभाला और 22 गेंद में अपने आईपीएल करियर का पहला अर्धशतक जड़ DC को आसानी से लक्ष्य तक पहुंचा दिया।
उन्हें दूसरे छोर से ट्रिस्टन स्टब्स का बखूबी साथ मिला। रिजवी और स्टब्स ने 4.3 ओवर में 53 रन बटोरकर DC को जीत के साथ आईपीएल 2025 से विदाई दिलाई। यह दिल्ली कैपिटल्स का तीसरा सबसे सफल रन चेज रहा। समीर रिजवी ने 25 गेंद में नाबाद 58 रन बनाए, जिसमें 3 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। वहीं स्टब्स 14 गेंद में 18 रन बनाकर नाबाद लौटे।
यह भी पढ़ें: इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टीम के सेलेक्शन की 5 बड़ी बातें
श्रेयस-स्टोइनिस की मेहनत पर फिरा पानी
पंजाब किंग्स को 200 के पार पहुंचाने में श्रेयस अय्यर और मार्कस स्टोइनिस की अहम भूमिक रही। श्रेयस ने 34 गेंद में 53 रन की कप्तानी पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 5 चौके और 2 छक्के लगाए। स्टोइनिस ने 16 गेंद में 3 चौके और 4 छक्के उड़ाते हुए नाबाद 44 रन ठोके, जिससे पंजाब किंग्स ने बड़े टोटल तक पहुंच सकी। हालांकि यह भी अंत में नाकाफी साबित हुए। दिल्ली कैपिटल्स की ओर से मुस्तफिजुर रहमान ने 4 ओवर में 33 रन देकर 3 विकेट झटके। कुलदीप यादव और विपराज निगम ने 2-2 विकेट चटकाए।