इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का 18वीं सीजन अपने आधे पड़ाव के करीब आ गया है। अब तक (16 अप्रैल) 32 मुकाबले खेले जा चुके हैं। दिल्ली कैपिटल्स 10 पॉइंट्स तक पहुंचने वाली इकलौती टीम है। गुजरात टाइटंस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स का प्रदर्शन भी अच्छा रहा है। इन चारों टीमों के पास 8-8 पॉइंट्स हैं। वहीं डिफेंडिंग चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स 6 पॉइंट्स के साथ टेबल में छठे नंबर पर बनी हुई है।
मुंबई इंडियंस, राजस्थान रॉयल्स, सनराइजर्स हैदराबाद और चेन्नई सुपर किंग्स के पास 4-4 पॉइंट्स हैं। अब से हर मुकाबले के साथ प्लेऑफ की जंग तेज होने वाली है। उससे पहले एक नजर उन बड़े खिलाड़ियों पर डालते हैं, जो इस सीजन अपनी पुरानी टीम के खिलाफ उतरे।
श्रेयस अय्यर
श्रेयस अय्यर ने अपनी कप्तानी में पिछले सीजन केकेआर को खिताब दिलाया था। मगर फ्रेंचाइजी ने उन्हें रिटेन नहीं किया। श्रेयस अब पंजाब किंग्स की कप्तानी कर रहे हैं। 15 अप्रैल को वह केकेआर के खिलाफ 2 गेंद खेलकर खाता भी नहीं खोल सके। हालांकि उनकी अगुवाई में पंजाब किंग्स ने आईपीएल इतिहास का सबसे छोटा स्कोर (111) डिफेंड करने का रिकॉर्ड बनाया।
यह भी पढ़ें: IPL 2025 में नंबर 3 पर आने वाले बल्लेबाजों ने काटा गदर, पढ़िए आंकड़े
ऋषभ पंत
दिल्ली कैपिटल्स के साथ अपने आईपीएल करियर की शुरुआत करने वाले ऋषभ पंत आईपीएल 2025 में लखनऊ सुपर जायंट्स की कमान संभाल रहे हैं। ऑक्शन में LSG ने उनके लिए आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी बोली (27 करोड़) लगाई थी। पंत 24 मार्च को अपनी पुरानी टीम DC के खिलाफ 6 गेंद खेलकर बगैर खाता पवेलियन लौट गए थे। इस मुकाबले में LSG को 1 विकेट से करीबी हार का सामना करना पड़ा था।
मोहम्मद सिराज
मेगा ऑक्शन से पहले आरसीबी ने मोहम्मद सिराज को रिलीज चौंका दिया या था। क्रिकेट एक्सपर्ट्स से लेकर फैंस तक आरसीबी मैनेजमेंट के फैसले से हैरान रह गए। सिराज ने 2 अप्रैल को उन्हें बताया कि उनसे क्या भूल हुई है। इस तेज गेंदबाज ने एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में आरसीबी के खिलाफ 19 रन देकर 3 विकेट लेते हुए गुजरात टाइटंस को जीत दिलाई थी।
यह भी पढ़ें: डगआउट में बैठे-बैठे रोहित शर्मा ने मैच कैसे पलट दिया? जान लीजिए
जोस बटलर
लंबे समय तक राजस्थान रॉयल्स की बल्लेबाजी की जान रहे जोस बटलर अब गुजरात टाइटंस का हिस्सा हैं। बटलर ने 9 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 25 गेंद में 36 रन की पारी खेली, जिसमें 5 चौके शामिल रहे। गुजरात टाइटंस ने यह मुकाबला 58 रन से अपने नाम किया था।
दीपक चाहर
चेन्नई सुपर किंग्स के साथ 3 आईपीएल ट्रॉफी जीत चुके स्विंग गेंदबाज दीपक चाहर अब मुंबई इंडियंस के लिए नई गेंद की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। MI ने उन्हें 9.25 करोड़ रुपए में खरीदा था। ऑक्शन में सीएसके ने उनके लिए बोली जरूर लगाई, लेकिन कीमत ज्यादा बढ़ने पर जाने दिया। दीपक चाहर ने सीएसके के खिलाफ 23 मार्च को 15 गेंद में नाबाद 28 रन की ताबड़तोड़ पारी खेलने के बाद एक विकेट चटकाए थे। हालांकि उनका यह ऑलराउंड प्रदर्शन भी मुंबई इंडियंस को जीत नहीं दिला सका।