इंडियन प्रीमियर लीग का आगामी सीजन यानी IPL 2025 की शुरुआत 21 मार्च से हो रही है। इससे पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने अपने नए कप्तान का ऐलान कर दिया है। फ्रैंचाइजी ने रजत पाटीदार को टीम की कमान सौंपी है। मेगा ऑक्शन से पहले आरसीबी ने अपने कप्तान फाफ डुप्लेसी को रिलीज कर दिया था। इसके बाद कयास लगाए जा रहे थे कि विराट कोहली को फिर से कप्तान बनाया जा सकता है लेकिन पाटीदार को 13 फरवरी को यह जिम्मेदारी सौंपी गई।
2021 से आरसीबी में हैं पाटीदार
31 साल के रजत पाटीदार ने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत 2021 में आरसीबी के साथ की थी। 2022 सीजन के बीच में वह रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में शामिल हुए थे। इसके लिए उन्होंने अपनी शादी की तारीख भी आगे बढ़ा दी थी। आईपीएल 2024 में पाटीदार ने आरसीबी को प्लेऑफ में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने 13 पारियों में 177.13 के स्ट्राइक रेट से 395 रन ठोके थे, जिसमें अर्धशतक शामिल रहे।
पाटीदार उन 3 खिलाड़ियों में शामिल थे, जिन्हें आरसीबी ने मेगा ऑक्शन से पहले रिटेन किया था। अब उन्हें कप्तान बनाया गया है। पाटीदार पहली बार आईपीएल में कप्तानी करते नजर आएंगे। उन्होंने 2024-25 घरेलू सीजन में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी और विजय हजारे ट्रॉफी में मध्य प्रदेश की कमान संभाली थी।
यह भी पढ़ें: कोहली-धोनी की कप्तानी पर शिखर धवन का खुलासा, बताया कैसे दोनों थे अलग
रजत पाटीदार का आईपीएल करियर
दाएं हाथ के विस्फोटक बल्लेबाज रजत पाटीदार ने आईपीएल में अब तक 24 पारियों में 34.73 की औसत और 158.84 के स्ट्राइक रेट से 799 रन बनाए हैं। उन्होंने आईपीएल 2022 के एलिमिनेटर में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ आतिशी शतक जड़ा था।
पाटीदार टीम इंडिया के लिए टेस्ट और वनडे डेब्यू कर चुके हैं। उन्होंने दिसंबर 2023 में साउथ अफ्रीका दौरे पर अपने वनडे करियर की शुरुआत की थी। पार्ल में खेले गए तीसरे मुकाबले में उन्होंने अपना वनडे डेब्यू किया था। इस मैच में पाटीदार ने 22 रन बनाए थे। इसके बाद उन्हें भारत के लिए वनडे खेलने का मौका नहीं मिला है। पाटीदार पिछले साल इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज के दौरान 3 मैच खेले थे, जिसमें वह कुछ खास नहीं कर पाए थे।