logo

ट्रेंडिंग:

ऋषभ पंत का गरजा बल्ला, अनोखे अंदाज में शतक किया सेलिब्रेट

लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ महज 54 गेंद में शतक ठोका। इसके बाद उन्होंने अनोखे अंदाज में सेलिब्रेट किया।

Rishabh Pant Century

आरसीबी के खिलाफ अपनी शतकीय पारी के दौरान शॉट खेलते ऋषभ पंत। (Photo Credit: IPL/X)

खराब फॉर्म से जूझ रहे लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के कप्तान ऋषभ पंत ने आईपीएल 2025 के आखिरी लीग स्टेज मैच में गदर काट दिया। पंत ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ महज 54 गेंद में आतिशी शतक जड़ा। उनके आईपीएल करियर का यह दूसरा शतक रहा। पंत ने इस स्पेशल सेंचुरी को अनोखे अंदाज में सेलिब्रेट किया। 

 

उन्होंने पहले ग्लव्स उतारे और फिर फ्लिप लगाकर लखनऊ के इकाना स्टेडियम में मौजूद दर्शकों को रोमांचित कर दिया। शतक के बाद उनके चेहरे पर संतोष के भाव देखे जा सकते थे। पंत को आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन में LSG ने रिकॉर्ड 27 करोड़ रुपए में खरीदा था लेकिन वह पूरे सीजन संघर्ष करते नजर आए, जिसके चलते वह आलोचकों के निशाने पर रहे। अब उन्होंने आखिरी मैच में शतक लगाकर सबको जवाब दे दिया है।

 

यह भी पढ़ें: RCB के खिलाफ मिचेल मार्श का डबल धमाका, केएल राहुल का रिकॉर्ड ध्वस्त

 

 

LSG ने खड़ा किया बड़ा स्कोर

 

नंबर 3 पर उतरे पंत ने 61 गेंद में नाबाद 118 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और 8 छक्के शामिल रहे। उनकी इस नायाब पारी की बदौलत LSG ने टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करते हुए 3 विकेट के नुकसान पर 227 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। ओपनर मिचेल मार्श ने 37 गेंद में 4 चौके और 5 छक्के की मदद से 67 रन जड़े। उनके और पंत के बीच दूसरे विकेट के लिए 152 रन की बड़ी साझेदारी हुई।

 

शुरू से ही लय में दिखे पंत

 

ऋषभ पंत ने बैटिंग ऑर्डर में आज खुद को प्रमोट किया। वह निकोलस पूरन से पहले बैटिंग करने उतरे। उन्होंने अपनी चौथी गेंद को ही छह रन के लिए भेजा। इसके बाद उन्होंने यश दयाल को दो चौके जड़े। पंत ने आक्रामक शुरुआत करते हुए यश दयाल के इस ओवर में 18 रन बटोरे। मार्श दूसरे छोर से लय में नहीं नजर आ रहे थे लेकिन पंत ने लगातार बड़े शॉट खेले। उन्होंने 10वें ओवर में सुयश शर्मा का छक्के से स्वागत किया। पंत ने इस ओवर की चौथी और पांचवीं गेंद पर चौका लगाकर 29 गेंद में अपना पचासा पूरा किया। 

 

यह भी पढ़ें: RCB के लिए 9 हजार रन पूरे करेंगे कोहली? LSG के खिलाफ बनेगा रिकॉर्ड!

 

 

LSG के कप्तान ने 14वें ओवर में सुयश को एक बार फिर निशाना बनाया और लगातार गेंदों पर चौका और छक्का जड़ा। अगले ओवर में उन्होंने रोमारियो शेफर्ड को दो छक्के लगाए। पंत 18ओवर की ओवर की दूसरी गेंद पर चौका लगाकर शतक के करीब पहुंचे। उन्होंने भुवनेश्वर कुमार की आखिरी गेंद को एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से भेजकर स्टाइल में सेंचुरी पूरी की। इसके बाद उनका अनोखा सेलिब्रेशन आया। उन्होंने शतक लगाने के बाद अगली 7 गेंद में 18 रन बटोरकर LSG को बड़े स्कोर तक पहुंचा दिया।

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap