logo

ट्रेंडिंग:

क्लासेन के रिकॉर्ड शतक से SRH ने KKR को दिया 279 रन का टारगेट

सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल इतिहास का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया है। हेनरिक क्लासेन ने 39 गेंद में 7 चौके और 9 छक्के की मदद से नाबाद 105 रन की पारी खेली।

Heinrich Klaasen IPL Century

हेनरिक क्लासेन। (Photo Credit: IPL/X)

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के 68वें मुकाबले सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने कोलकता नाइट राइडर्स (KKR) के सामने 278 रन का विशाल लक्ष्य रखा है। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी SRH ने निर्धारित 20 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 278 रन ठोक दिए। यह आईपीएल इतिहास का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर है। विध्वंसक बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन ने 39 गेंद में नाबाद 105 रन की पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 9 छक्के शामिल रहे। क्लासेन ने 37 गेंद में शतक ठोका, जो आईपीएल में संयुक्त रूप से तीसरी सबसे तेज सेंचुरी है। 

 

अभिषेक-हेड ने पावरप्ले में काटा गदर

 

SRH की पारी का पहला ओवर शांत निकला। वैभव अरोड़ा ने अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड के सामने इस ओवर में सिर्फ 2 रन दिए। अभिषेक-हेड ने इसकी भरपाई करते हुए दूसरे ओवर में एनरिक नॉर्खिया के खिलाफ 20 रन बटोरे। इसके बाद अपना दूसरा ओवर लेकर आए वैभव का स्वागत हेड ने छक्के के साथ किया। हेड ने अगली गेंद को चौके के लिए भेजा। उन्होंने चौथी गेंद पर एक और छक्का लगाया। हेड ने चौथे ओवर में हर्षित राणा की पहली 4 गेंद में 3 चौके जड़कर SRH का स्कोर 50 के पार पहुंचा दिया। 

 

अब तक दूसरे छोर से KKR के गेंदबाजों की धुनाई देख रहे अभिषेक ने पांचवें ओवर में नॉर्खिया को लगातार दो चौके जड़े। SRH की सलामी जोड़ी ने पावरप्ले में 79 रन बटोरकर अच्छा मंच सेट किया। अभिषेक ने फील्ड खुलने के बाद सुनील नारायण को लगातार दो छक्के लगाए। हालांकि नारायण ने वापसी की और अगली गेंद पर उन्हें चलता कर दिया। अभिषेक 16 गेंद में 4 चौके और 2 छक्के की मदद से 32 रन बनाकर आउट हुए।

 

यह भी पढ़ें: CSK ने जीत के साथ किया सीजन का अंत, GT को 83 रन से हराया

 

 

क्लासेन ने 17 गेंद में ठोकी फिफ्टी

 

ट्रेविस हेड और नंबर 3 पर प्रमोट किए गए हेनरिक क्लासेन ने दूसरे विकेट के लिए 35 गेंद में 87 रन की साझेदारी की। इस बीच हेड ने जहां 26 गेंद में अपना पचासा पूरा किया वहीं क्लासेन ने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए महज 17 गेंद ली। SRH ने 12 ओवर में 1 विकेट के नुकसान पर 174 रन बना लिए थे और वह 300 के आंकड़े को छूती दिख रही थी। मगर अगले ओवर में हेड आउट हो गए। वह 40 गेंद में 6 चौके और 6 छक्के की मदद से 76 रन बनाकर नारायण का शिकार बने। 

 

यह भी पढ़ें: नॉर्वे चेस टूर्नामेंट में गुकेश-अर्जुन के पास इतिहास रचने का मौका

 

 

चौथे नंबर पर उतरे ईशान किशन 20 गेंद में 29 रन ही बना सके। हालांकि क्लासेन ने दूसरे छोर से लगातार बड़े शॉट खेलकर SRH को एवरेस्ट जैसे विशाल टोटल तक पहुंचा दिया। अनिकेत वर्मा 6 गेंद में एक चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 12 रन बनाकर उनके साथ नाबाद लौटे। नॉर्खिया ने 4 ओवर में 60 रन लुटाए। वरुण चक्रवर्ती भी काफी महंगे रहे। उन्होंने 3 ओवर में 54 रन खर्चे, जबकि आंद्रे रसेल ने 2 ओवर में 34 रन दिए। SRH और KKR इस सीजन का अपना आखिरी मैच खेल रही है। दोनों टीमों की नजरें जीत के साथ टूर्नामेंट से विदा होने पर है।

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap