आशुतोष शर्मा ने आईपीएल 2025 में सोमवार (24 मार्च) को गजब कर दिया। 26 साल के इस अनकैप्ड बल्लेबाज ने लखनऊ सुपर जायंट्स के जबड़े से जीत छीन ली। दिल्ली कैपिटल्स के लिए इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर सातवें नंबर पर उतरे आशुतोष ने 31 गेंद में नाबाद 66 रन की पारी खेली, जिसकी मदद से DC ने 210 रन के टारगेट को 9 विकेट खोकर 3 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया।
आशुतोष उस समय क्रीज पर आए जब दिल्ली की टीम 65 रन पर 5 विकेट गंवाकर मुसीबत में थी। उन्होंने पहले ट्रिस्टन स्टब्स (34) के साथ देते हुए दिल्ली कैपिटल्स को 100 के पार पहुंचाया और फिर विपराज निगम (39) के साथ मिलकर बाजी पलट दी। लगातार गिर रहे विकेटों के बीच आशुतोष अंत तक खड़े रहे और उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स को 1 विकेट से रोमांचक दिलाई। आशुतोष ने अपनी पारी में 5 चौके और 5 छक्के लगाए, जिसमें विनिंग सिक्स भी शामिल था।
यह भी पढ़ें: IPL डेब्यू पर पहले ओवर में विकेट, 15 गेंद में 39 रन, कौन हैं विपराज निगम?
कभी डिप्रेशन में थे आशुतोष
मध्य प्रदेश के रतलाम में जन्मे आशुतोष शर्मा ने पॉकेट मनी के लिए अंपायरिंग भी की है। उन्होंने अपने क्रिकेट करियर की शुरुआत मध्य प्रदेश के लिए की थी लेकिन अब वह रेलवे के लिए खेलते हैं। आशुतोष ने एक इंटरव्यू में बताया था कि अच्छे प्रदर्शन के बावजूद उन्हें मध्य प्रदेश की टीम से बाहर कर दिया गया था। आशुतोष ने तत्कालीन मध्य प्रदेश के कोच पर आरोप लगाया था कि उन्हें जानबूझकर मौका नहीं दिया जा रहा था, जिसके चलते वह डिप्रेशन में चले गए थे।
आशुतोष ने किसी का नाम नहीं लिया लेकिन उनका इशारा चंद्रकांत पंडित की ओर था। उस सयम चंद्रकांत पंडित ही मध्य प्रदेश के कोच थे। उन्हें बेहद हठी और सख्त इंसान माना जाता है। चंद्रकांत पंडित फिलहाल आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स के हेड कोच हैं।
यह भी पढ़ें: केएल राहुल के घर आई नन्ही परी, पत्नी अथिया शेट्टी ने दिया बेटी को जन्म
रेलवे के जॉब ऑफर ने बदली जिंदगी
करियर और जीवन में बुरे दौर से गुजर रहे आशुतोष को रेलवे से जॉब ऑफर मिला, जिसने उनकी जिंदगी बदल दी। वह रेलवे की ओर से खेलने लगे और उन्होंने अपने शानदार प्रदर्शन से पहला आईपीएल कॉन्ट्रैक्ट हासिल किया। आईपीएल 2024 ऑक्शन में उन्हें पंजाब किंग्स ने 20 लाख रुपए में खरीदा। पिछले सीजन आशुतोष का प्रदर्शन जबरदस्त रहा था। हालांकि उन्हें पंजाब किंग्स ने रिटेन नहीं किया। इसके बाद वह मेगा ऑक्शन में उतरे, जहां उनके लिए दिल्ली कैपिटल्स ने 3 करोड़ 80 लाख रुपए की बोली लगाकर अपनी टीम में शामिल कर लिया।